Rahul Gandhi In Haryana: सोनीपत रैली में राहुल गांधी ने किसान, युवा और महिलाओं को साधा, लोगों में दिखा उत्साह

Rahul Gandhi In Sonipat

नरेंद्र सहारण, सोनीपत : Rahul Gandhi In Haryana: लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए मतदान 25 मई को होगा। प्रचार के अंतिम दिनों में पार्टियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गोहाना में रैली करने के चार दिन बाद ही कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोनीपत में न्याय का हक महासभा में कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया। राहुल गांधी ने अपने करीब 30 मिनट के भाषण में गरीब, महिला, किसान और युवा वर्ग के साथ खिलाड़ियों को साधा और कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों को एमएसपी, युवाओं को रोजगार की गारंटी और गरीब महिलाओं के खाते में हर महीने 8500 रुपये आने का वायदा किया। नई अनाज मंडी सोनीपत में आयोजित न्याय का हक महासभा में राहुल गांधी दोपहर बाद करीब 2:45 बजे पहुंचे। राहुल गांधी को सुनने के लिए लोगों में काफी उत्साह था। प्रचंड गर्मी होने के बावजूद लोग राहुल को सुनने के लिए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। राहुल को करीब दो बजे पहुंचना था, लेकिन वे करीब 45 मिनट की देरी से पहुंचे। इसके बावजूद कार्यकर्ता गर्मी में ही पांडाल में बैठे रहे। पांडाल के अंदर पहुंचने के लिए दो गेट बनाए गए थे। दोनों ही गेट पर कड़ी सुरक्षा की गई थी। पांडाल में पहुंचने के लिए कार्यकर्ताओं को लंबी कतार में लगना पड़ा। इसके बाद भी उन्हें पांडाल में जाने के लिए एंट्री मिल पाई। कुछ लोग पांडाल में जगह नहीं मिलने पर कुछ व्यक्ति इधर-उधर खड़े रहे। मंच के माध्यम से नेताओं को बार-बार पांडाल में आने की अपील की गई। राहुल गांधी की यह रैली काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि 18 मई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गोहाना में रैली करके भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने का कार्य किया था। प्रचार के अंतिम दिनों में सुस्त पड़ रहे कार्यकर्ताओं को फिर से जोश भरने के लिए स्टार प्रचारक राहुल गांधी की रैली कराई गई।

दिल्ली से वाया चंडीगढ़ का सफर तय होगा

 

अक्टूबर में हरियाणा विधानसभा के चुनाव होने हैं। रैली में नेताओं ने इस चुनाव को विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल बताया और कहा कि दिल्ली से वाया चंडीगढ़ पहुंचना है। इसलिए उन्होंने पहले दिल्ली में कांग्रेस सरकार बनानी है। इसके बाद चंडीगढ़ की लड़ाई जीतनी है।नेताओं ने मतदाताओं से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। राहुल गांधी ने भी अपने भाषण में कहा कि हरियाणा ने हमेशा देश को रास्ता दिखाया है। अभी लोकसभा चुनाव है। इसके बाद हरियाणा विधानसभा के चुनाव होने हैं। इसलिए आपको केंद्र के बाद हरियाणा में भी कांग्रेस की सरकार बनानी है।

रैली में बीरेंद्र सिंह और एसआरके गुट नहीं दिखा

 

कांग्रेस की गुटबाजी किसी से छिपी नहीं हुई है। सोनीपत में हुई राहुल गांधी की रैली में भी कांग्रेस की गुटबाजी दिखी। रैली में बीरेंद्र सिंह और एसआरके गुट के नेता नहीं पहुंचे। मंच पर भी उनके समर्थकों को स्थान नहीं दिया गया, जबकि सोनीपत लोकसभा क्षेत्र में तीन विधानसभा जींद जिले की है। बीरेंद्र सिंह का जींद जिले में प्रभाव रखते हैं। उनका रैली में नहीं पहुंचना भी कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा बनी रही। कार्यकर्ताओं का कहना था कि अब तो सभी नेताओं को एकजुट होकर चुनाव लड़ना चाहिए। गुटबाजी में बंटे रहेंगे तो इसका नुकसान होगा।

सोनीपत से रोहतक को भी साध गए राहुल

 

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोनीपत में रैली करके सोनीपत के साथ-साथ रोहतक लोकसभा क्षेत्र को भी साधने का कार्य किया है। सोनीपत पुराने रोहतक का ही हिस्सा है, इसलिए इसका असर रोहतक पर भी पड़ेगा। सोनीपत क्षेत्र पर भूपेंद्र हुड्डा का प्रभाव है। यहां पर राहुल गांधी की रैली कराकर भूपेंद्र हुड्डा ने भी अपनी ताकत दिखाई हैं। राहुल गांधी ने सोनीपत पहुंचने से पहले चरखी दादरी में भी जनसभा को संबोधित किया।

भाजपा ने बेरोजगारी व अपराध में प्रदेश को बनाया नंबर वन : हुड्डा

 

पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने किसान, युवा, महिला व गरीबों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन समस्याओं का समाधान करने के लिए एक न्यायपात्र बनाया गया है, जो कांग्रेस के घोषणापत्र के रूप में देश के सामने हैं। भाजपा के तमाम वायदे झूठ साबित हुए है। किसानों की आय दोगुनी करने का वायदा करके भाजपा ने उनकी लागत दोगुनी कर दी। कांग्रेस कार्यकाल में हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, रोजगार देने, खेल-खिलाड़ियों और किसानों के सम्मान के मामले में पूरे देश का नंबर वन राज्य था, लेकिन भाजपा ने उस हरियाणा को बेरोजगारी, अपराध, नशे, भ्रष्टाचार और महंगाई के मामले में नंबर वन बना दिया। किसान, जवान और पहलवान हरियाणा की पहचान है, लेकिन सरकार ने हर वर्ग की अनदेखी और उस पर अत्याचार किए हैं।

भाजपा संवैधानिक संस्थाओं का घोट रही है गला घोट : उदयभान

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कहा कि 25 को होने वाला मतदान देश की दशा और दिशा तय करेगा, क्योंकि भाजपा संविधान को खत्म करके देश को चीन और रूस के रास्ते पर लेकर जाना चाहती है। कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए यह चुनाव लड़ रही है। भाजपा तमाम संवैधानिक संस्थाओं का गला घोट रही है। राहुल गांधी प्रजातंत्र की रक्षा के लिए देश को एकजुट कर रहे हैं। नोटबंदी, अग्निवीर योजना, कोरोना मैनेजमेंट जैसी भाजपा की तमाम नीतियां जनता पर कहर बनकर टूटी हैं। पूरे देश और उसकी अर्थव्यवस्था को इन नीतियों का खामियाजा भुगतना पड़ा। इनके चलते हजारों उद्योग बंद हो गए और करोड़ों युवा बेरोजगार हो गए। इसलिए इस बार जनता बीजेपी को हराने के लिए कांग्रेस को वोट देने जा रही है।

अधिकार पाने बार्डर पर बैठे किसानों की भाजपा ने नहीं ली थी सुध : ब्रह्मचारी

कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों से प्रत्येक वर्ग दुखी है और आज वह इससे छुटकारा पाना चाहता है। अग्निवीर योजना लागू करके युवाओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। भाजपा ने अग्निवीर योजना लागू करके युवाओं को मजदूर बनाने का कार्य किया है। भाजपा ने निजीकरण की लागू करके युवाओं के रोजगार छीनने का कार्य किया है। विभागों में खाली पद पड़े हुए हैं, लेकिन सरकार भर्ती नहीं कर रही। वहीं महंगाई लगातार बढ़ रही हैं। एमएसपी के लिए किसान एक साल से अधिक समय तक सड़क पर बैठे रहें, लेकिन भाजपा सरकार ने उनकी सुध नहीं ली। कांग्रेस की सरकार आने पर एमएसपी लागू किया जाएगा। अग्निवीर योजना को समाप्त किया जाएगा।

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed