Rajyasabha Election 2024: हरियाणा में निर्विरोध राज्यसभा सांसद बनीं किरण चौधरी, कांग्रेस ने उम्मीदवार नहीं उतारा

किरण चौधरी

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। Rajyasabha Election 2024: कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आई किरण चौधरी हरियाणा से निर्विरोध राज्यसभा की सदस्य बन गई हैं। मंगलवार को चुनाव अधिकारी साकेत कुमार ने उन्हें राज्यसभा सदस्य का प्रमाण पत्र प्रदान किया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली और विधानसभा स्पीकर डा. ज्ञानचंद गुप्ता के साथ किरण चौधरी ने चुनाव अधिकारी से अपनी जीत का प्रमाण पत्र हासिल किया। किरण चौधरी हरियाणा से निर्वाचित होने वाली पांचवीं महिला नेता हैं, जो राज्यसभा पहुंच रही हैं।

नामांकन वापसी का अंतिम दिन था

 

किरण चौधरी को भाजपा ने 20 अगस्त को राज्यसभा का उम्मीदवार घोषित किया था। इसके बाद 21 अगस्त को उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी की उपस्थिति में अपना नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस समेत दूसरे विपक्षी दलों की ओर से कोई भी उम्मीदवार खड़ा नहीं किया गया, जिस कारण किरण चौधरी के निर्विरोध राज्यसभा जाने का रास्ता बन गया था। चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार दोपहर तीन बजे तक नामांकन वापसी का अंतिम दिन था। यह समय पूरा होने के बाद किरण चौधरी को राज्यसभा के लिए निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

हरियाणा से राज्यसभा में हुए 5 भाजपा सांसद

 

राज्यसभा की यह सीट कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के लोकसभा में जाने के बाद रिक्त हुई थी। किरण चौधरी से पहले हरियाणा से भाजपा के राज्यसभा सदस्य कृष्ण लाल पंवार, सुभाष बराला तथा रामचंद्र जांगड़ा हैं। कार्तिकेय शर्मा भाजपा के समर्थन से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुने गए थे। अब किरण चौधरी के राज्यसभा में जाने से वहां भाजपा सांसदों की संख्या पांच हो गई है। किरण चौधरी का यह कार्यकाल अप्रैल 2026 तक रहेगा। राज्यसभा में निर्वाचित होने पर किरण चौधरी ने मुख्यमंत्री नायब सैनी के अलावा उन्हें समर्थन करने वाले जजपा, निर्दलीय तथा हरियाणा लोकहित पार्टी के विधायकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें हरियाणा के मुद्दों की जानकारी है। वह हरियाणा के मुद्दों को राज्यसभा में प्रमुखता से उठाएंगी।

ये महिलाएं जा चुकी हैं राज्यसभा

किरण चौधरी हरियाणा से राज्यसभा सदस्य बनने वाली पांचवीं महिला हैं। इससे पूर्व जनता दल-इनेलो से दो, भाजपा और कांग्रेस से एक-एक महिला हरियाणा से राज्यसभा पहुंच चुकी हैं। सर्वप्रथम अप्रैल 1990 में भाजपा से सुषमा स्वराज और जनता दल(एस), जो कि देवीलाल-ओपी चौटाला की पार्टी का तत्कालीन नाम था, विद्या बेनीवाल राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुई थी। दोनों पूरे 6 वर्ष अर्थात अप्रैल 1996 तक राज्यसभा सदस्य रहीं। उसके बाद अप्रैल 2002 में इनेलो से सुमित्रा महाजन हरियाणा से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुई, हालांकि जनवरी 2007 में मृत्यु के कारण वह अपना 6 वर्ष का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाई थी। उनके बाद अप्रैल 2014 में कांग्रेस से कुमारी सैलजा हरियाणा से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुईं एवं पूरे 6 वर्ष तक राज्यसभा सदस्य रहीं। बीती चार जून को सैलजा वर्तमान 18वीं लोकसभा में सिरसा लोकसभा सीट से सांसद निर्वाचित हुई हैं।

 

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

 

You may have missed