राज्यसभा चुनाव की वोटिंग के बीच सपा को बड़ा झटका, विधायक मनोज पांडे का मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा

लखनऊ, BNM News: राज्यसभा चुनाव के बीच समाजवादी पार्टी को एक और बड़ा झटका लगा है। सपा के विधायक मनोज पांडे ने मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेज दिया है। सपा के विधायक मनोज पांडे ने पत्र में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लिखा कि मैं मुख्य सचेतक के पद से इस्तीफा दे रहा हूं। इस्तीफा स्वीकार किया जाए। बताया जा रहा है कि सपा सरकार में मंत्री रहे मनोज कुमार पाण्डेय सपा छोड़ भाजपा में शामिल हो सकते हैं। भाजपा मनोज को रायबरेली लोकसभा सीट से प्रत्याशी बना सकती है। मंत्री भी बनाए जा सकते हैं। राज्यसभा चुनाव में अपने आठवें प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए भाजपा, सपा में गहरी सेंध लगाते दिख रही है। सपा के सात-आठ विधायक, भाजपा के पक्ष में क्रास वोटिंग कर सकते हैं।

उधर, अमेठी गौरीगंज से समाजवादी पार्टी के विधायक राकेश प्रताप सिंह ने कहा है कि वो अंतरात्मा की आवाज पर वोट करने जा रहे हैं। राकेश प्रताप अपनी पार्टी की दोनों मीटिंग में नहीं गए थे। उन्होंने बागी रुख अख्तियार कर रखा था। राकेश प्रताप सिंह के साथ अयोध्या जनपद के सपा विधायक अभय सिंह भी मौजूद हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि मनोज पाण्डेय हमेशा सनातन धर्म के पक्षधर रहे हैं। राम लला के दर्शन के लिए जब प्रस्ताव आया तब वे चाहते थे कि सभी लोग दर्शन के लिए जाएं लेकिन लोगों ने उसका विरोध किया। आज पीएम मोदी की नीतियों पर विश्वास कर वे निर्णय ले रहे हैं।

जानें- अखिलेश यादव ने क्या कहा

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने राज्यसभा चुनाव पर कहा कि हमें उम्मीद है कि समाजवादी पार्टी के तीनों प्रत्याशी जीतेंगे। जो दूसरों के लिए काटा बोते हैं या गड्ढे खोदते हैं वे खुद ही उसमें गिरते हैं। भाजपा चुनाव जीतने के लिए कुछ भी कर सकती है। जिन्हें कुछ लाभ मिलना होगा वे चले(भाजपा की तरफ) जाएंगे।

भाजपा के आठ उम्मीदवार और सभी जीत रहेः सिद्धार्थ नाथ

राज्यसभा चुनाव पर भाजपा नेता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि भाजपा के आठ उम्मीदवार हैं, सभी जीतकर दिल्ली जाने वाले हैं। जिनको डर था वे सुबह से ही गा रहे हैं कि भाजपा ने उनके विधायकों को छीन लिया है। उन लोगों को अपने घर को संभालना नहीं आया। किसी पर आरोप लगाने से पहले ये भी देख ले कि आपके घर के सदस्य क्यों आपसे भागना चाहते हैं? अखिलेश यादव को बहाना देने की आदत पड़ चुकी है। 2017 में बहाना दिया, 2019 में दिया और अब 2024 में भी एक और बहाना देंगे।

राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने सेट किया अपना गणित

उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपना गणित सेट कर लिया है। समाजवादी पार्टी में सेंधमारी करने में भाजपा कामयाब होती दिख रही है। सोमवार की शाम डिनर डिप्लोमेसी के जरिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्यसभा का राजनीतिक गणित सेट करने की योजना तैयार की, लेकिन संजय सेठ अंकगणित को अपने पक्ष में करने में कामयाब होते दिख रहे हैं। दरअसल, अखिलेश के डिनर से समाजवादी पार्टी के 8 विधायक नदारद रहे। दावे तो सबके एकजुट रहने के किए जा रहे हैं। लेकिन, गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह ने एनडीए उम्मीदवार संजय सेठ को वोट देने का ऐलान कर राजनीतिक पारा गरमा दिया है। राज्यसभा चुनाव की वोटिंग शुरू होने से ऐन पहले इस घोषणा ने अखिलेश यादव के सामने स्थिति विकट कर दी है। यूपी विधानसभा के तिलक हॉल में वोटिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

यह भी पढ़ेंः 3 राज्यों की 15 सीटों पर चुनाव , राज्यसभा में इन दलों को क्रॉस वोटिंग का डर

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed