Prabhat Jha Death: भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रभात झा का निधन, मेदांता में ली अंतिम सांस

नई दिल्ली, बीएनएम न्यूजः मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सांसद प्रभात झा का गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया है। बता दें कि प्रभात झा ने अपने करियर की शुरुआत ग्वालियर के स्वदेश अखबार में पत्रकारिता के साथ की थी।

प्रभात झा भाजपा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रह चुके थे। लेकिन बाद में लंबे समय तक वह पार्टी में साइडलाइन रहे। पिछले महीने 29 जून को प्रभात झा को गुरुग्राम में स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तबियत बिगड़ने पर उन्हें भोपाल से गुरुग्राम एयरलिफ्ट किया गया था।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रहे थे प्रभात झा

दो बार राज्यसभा सांसद रहे प्रभात झा की गिनती चंबल-ग्वालियर क्षेत्र के कद्दावर नेताओं में होती थी। लंबे समय तक पत्रकारिता करने वाले प्रभात झा भाजपा के मुखपत्र ‘कमल संदेश’ के संपादक रहे। पत्रकारिता के जरिए ही वह राजनीति में आए। मूल रूप से बिहार के रहने वाले प्रभात झा भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहने के अलावा मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष भी रहे। इसके अलावा वह तीन बार राज्य सभा के लिए भी चुने गए।

बिहार के सीतामढ़ी के रहने वाले थे प्रभात झा

प्रभात झा मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी जिला के कोरियाही गांव के रहने वाले थे। उनके दो बेटे हैं। प्रभात झा को भाजपा के उन नेताओं में शुमार किया जाता था, जिनकी बौद्धिक जगत में साख रही है। वह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर भी रहे थे।

एयर एंबुलेंस से लाया गया था दिल्ली

बीजेपी नेताओं के अनुसार, 29 जून को प्रभात झा को न्यूरोलॉजिकल परेशानियों के चलते भोपाल से दिल्ली के लिए एयर एंबुलेंस के जरिए लाया गया था। उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में एडमिट किया गया था, जहां उनका रूटीन ट्रीटमेंट भी मेदांता में ही चलता है। उनका हाल जानने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और हितानंद शर्मा बंसल भी अस्पताल पहुंचे थे।

ग्वालियर-चंबल में बड़ा था कद

प्रभात झा की गिनती ग्वालियर-चंबल के कद्दावर भाजपा नेताओं में होती थी। वह अपनी पार्टी की तरफ से दो बार राज्यसभा सांसद बनाए गए थे। बिहार से होने के बावजूद प्रभात झा मध्य प्रदेश के बड़े नेता के तौर पर जाने जाते थे।

भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

उनके निधन पर तमाम नेताओं ने शोक जताया है। पूर्व सीएम और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा, ‘भाजपा के वरिष्ठ नेता, मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, साथी प्रभात झा के निधन का समाचार सुनकर स्तब्ध और दु:खी हूँ। लोक कल्याण और जनता के हित के लिये उन्होंने सदैव कार्य किया। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर से दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूँ। ॐ शांति!’

मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने एक्स पर लिखा, ‘भाजपा वरिष्ठ नेता, मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष  प्रभात झा के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को इस भीषण वज्रपात को सहने की शक्ति दें. ॐ शांति!’

मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एक्स पर लिखा, ‘विनम्र श्रद्धांजलि !!! मेरे मित्र मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, तीन बार राज्यसभा सदस्य रहे वरिष्ठ नेता एवं अपने सिद्धांतों के लिए लड़ने वाले प्रभात झा  के निधन का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर, दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों स्थान एवं इस दुख की घड़ी में परिवारजनों को संबल प्रदान करें। ॐ शांति.’

यह भी पढ़ें- यूपी में पुलिसवाले कर रहे थे अवैध वसूली, पूरी चौकी सस्पेंड; 2 हिरासत में, 5 फरार

यह भी पढ़ेंः UP Police Exam Dates: यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा नई डेट का एलान, जानें- कब-कब है एग्जाम

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed