शिवराज सिंह चौहान ने कहा, अपन तो भैया और मामा हैं, इसके आगे दुनिया के सारे पद बेकार

छिंदवाड़ा, बीएनएम न्यूज। प्रचंड़ बहुमत के साथ चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अब अपना फोकस लोकसभा की 29 सीटों को जीतने पर किया है। पिछले चुनाव में भाजपा ने राज्य की 28 सीटें जीती थीं। कसक छिंदवाड़ा में रह गई थी, जिसे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ का गढ़ कहा जाता है। यहां से उनके पुत्र नकुल नाथ सांसद हैं। शायद यही कारण है कि अभी नई सरकार का गठन भी नहीं हुआ कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान छिंदवाड़ा पहुंच गए। बुधवार को लाड़ली बहना व कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मैं आपके लिए मुख्यमंत्री नहीं हूं। अपन तो भैया और मामा हैं। इसके आगे दुनिया के सारे पद बेकार हैं। स्वर्ग का सिंहासन भी बेकार है। जब तक सांस है, आपकी सेवा में लगा रहूंगा। मप्र की जनता मेरी भगवान है। उन्होंने कहा कि हम मध्य प्रदेश का मिशन 29 शुरू कर रहे हैं। इसका मतलब मप्र में लोकसभा की 29 सीटें जीतने से है। पिछली बार छिंदवाड़ा रह गई थी। इस बार मिलेगी।

 

मामा घूमता रहा, दादा यहीं फंस गए

 

कमल नाथ पर निशाना साधते हुए शिवराज ने कहा कि जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें ऐसा फंसाया कि छिंदवाड़ा से दादाजी कहीं निकले ही नहीं। मामा तो घूम रहा था और दादा यहीं फंसे रह गए। भाजपा की एकतरफा जीत हुई। उन्होंने कहा कि मैं कभी चुनाव के दौरान अपने निर्वाचन क्षेत्र बुदनी नहीं गया। लोगों ने कह दिया था कि आपको एक लाख से ज्यादा वोटों से जिताएंगे, आप तो सरकार बनाओ। मैंने भी वादा निभाया। प्रदेश में 163 सीटें लाकर भाजपा की झोली में डाल दीं।

लाड़ली बहनों की जीत

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लाड़ली बहनों की जीत है। लाड़ली बहनों के बाद अब अभियान होगा लखपति बहन। हर बहन को हर महीने दस हजार रुपये से ज्यादा मिलेंगे। साल में एक लाख रुपये से ज्यादा बहनों की आमदनी हो, यह मैं करके रहूंगा। इसके बिना चैन की सांस नहीं लूंगा।

 

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed