सशस्त्र बल के छह कर्मियों को कीर्ति चक्र, 16 को शौर्य चक्र सहित 80 को मिलेगा वीरता पुरस्कार, देखें पूरी सूची

नई दिल्ली, एजेंसी: तीन बलिदानियों समेत छह सैन्यकर्मियों को कीर्ति चक्र से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा दो बलिदानियों समेत 16 सैन्यकर्मियों शौर्य चक्र दिया जाएगा। कीर्ति चक्र अशोक चक्र के बाद भारत का दूसरा सबसे बड़ा शांतिकालीन वीरता पुरस्कार है, जबकि शौर्य चक्र शांतिकाल का तीसरा सबसे बड़ा वीरता पुरस्कार है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार को छह कीर्ति चक्र और 16 शौर्य चक्र सहित 80 वीरता पुरस्कारों को मंजूरी दी है। सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर मुर्मु ने सैन्य और अन्य कर्मियों के लिए 311 रक्षा अलंकरणों को भी मंजूरी दी। इनमें 31 परम विशिष्ट सेवा पदक, चार उत्तम युद्ध सेवा पदक, 59 अति विशिष्ट सेवा पदक और 10 युद्ध सेवा पदक शामिल हैं।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार जिन वीरों को कीर्ति चक्र मिलेगा उनमें पैराशूट रेजिमेंट (विशेष बल) की 21वीं बटालियन के मेजर दिग्विजय सिंह रावत, सिख रेजिमेंट की चौथी बटालियन के मेजर दीपेंद्र विक्रम बासनेत और महार रेजिमेंट की 21वीं बटालियन के हवलदार पवन कुमार यादव शामिल हैं। मेजर रावत को मणिपुर में खुफिया नेटवर्क स्थापित करने के लिए कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया है।

मरणोपरांत कीर्ति चक्र पुरस्कार से सम्मानित किये जाने वालों में पंजाब रेजिमेंट (आर्मी मेडिकल कोर) की 26वीं बटालियन के कैप्टन अंशुमान सिंह, पैराशूट रेजिमेंट की नौवीं बटालियन (विशेष बल) के हवलदार अब्दुल माजिद और राष्ट्रीय राइफल्स की 55वीं बटालियन के सिपाही पवन कुमार शामिल हैं।

शौर्य चक्र पुरस्कार विजेताओं में पैराशूट रेजिमेंट की 21वीं बटालियन से मेजर मानेओ फ्रांसिस, सिख रेजिमेंट की चौथी बटालियन के मेजर अमनदीप जाखड़, महार रेजिमेंट के नायब सूबेदार बारिया संजय कुमार भामर सिंह, 9 असम राइफल्स के हवलदार संजय कुमार और राष्ट्रीय राइफल्स से पुरुषोत्तम कुमार शामिल हैं।

नौसेना के लेफ्टिनेंट बिमल रंजन बेहरा और वायुसेना के विंग कमांडर शैलेश सिंह (पायलट), फ्लाइट लेफ्टिनेंट ऋषिकेश जयन करुथेदथ (पायलट) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के सहायक कमांडेंट बिभोर कुमार सिंह भी शौर्य चक्र पुरस्कार विजेताओं में शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान मोहन लाल, अमित रैना, फरोज अहमद डार और वरुण सिंह को भी शौर्य चक्र से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई। मरणोपरांत यह पुरस्कार पाने वालों में राष्ट्रीय राइफल्स की 63वीं बटालियन के कैप्टन एमवी प्रांजल और 18 असम राइफल्स के राइफलमैन आलोक राव शामिल हैं।

53 सेना पदक (सात मरणोपरांत), एक नौसेना पदक (वीरता) और चार वायु सेना पदक (वीरता) देने की भी घोषणा की गई है।रक्षा अलंकरणों में आठ ‘बार टू सेना’ पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण), 38 सेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण), 10 नौसेना पदक, 14 वायु सेना पदक, पांच ‘बार टू विशिष्ट सेवा पदक’ और 130 विशिष्ट सेवा पदक शामिल हैं।

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed