Sonipat News: काहनौर ब्रांच में पानी बंद करने से गुस्साए किसानों ने लगाया जाम, कही यह बात

किसानों से बात करते पुलिस अधिकारी।

नरेन्द्र सहारण, गोहाना: Sonipat News: सिंचाई विभाग द्वारा काहनौर ब्रांच नहर में पानी बंद करने से नाराज किसानों ने शनिवार सुबह कथूरा गांव में जाम लगा दिया। किसानों ने गांव में गोहाना-महम रोड पर कांटेदार झाड़ियां डालकर जाम लगा दिया। किसानों ने कहा कि विभाग द्वारा समय से पहले नहर में पानी बंद कर दिया गया, जिससे वे धान में सिंचाई से वंचित रह गए। जाम की सूचना मिलने पर बरोदा थाना से पुलिस और सिंचाई विभाग के रोहतक से एसडीओ सतीश कुमार पहुंचे। अधिकारियों ने नहर में जल्द दोबारा पानी छोड़ने का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसानों ने जाम खोला। लगभग तीन घंटे तक रोड जाम रहने से लोगों को परेशानी हुई।

शुक्रवार को नहर में पानी बंद कर दिया गया

क्षेत्र के कई गांवों में काहनौर ब्रांच नहर से सिंचाई होती है। इस नहर से कई रजवाहे निकलते हैं। शुक्रवार को अधिकारियों द्वारा नहर में पानी बंद कर दिया गया। इससे गांव कथूरा के किसान भड़क उठे। शनिवार सुबह लगभग नौ बजे किसान एकत्रित होकर गांव में गोहाना-महम रोड पर पहुंचे। किसानों ने रोड पर कांटेदार झाड़ियां डालकर जाम लगा दिया। किसानों ने कहा कि सिंचाई विभाग द्वारा नहर में समय से पहले पानी बंद किया गया। इसके चलते काफी किसान धान में सिंचाई से वंचित रह गए। धान में सिंचाई न होने से उनकी फसल प्रभावित होगी। किसानों ने कहा कि इंजन चलाकर सिंचाई करने से डीजल की अधिक खपत होती है। इससे फसल में बचत कम होती है। भूजल भी कई जगह खारा है। अबकी बार एक सप्ताह में 4 दिन पानी आ रहा है। जिसके कारण किसानों की फसल खराब हो रही है। नहर के साथ करीब 5000 एकड़ फसल धान की लगाई हुई है। अगर समय पर पानी नहीं मिला तो सभी खराब हो जाएगी।

जल्द दोबारा पानी छोड़ने का आश्वासन

किसानों ने पर्याप्त पानी देने की मांग की। जाम लगने से दोनों तरफ वाहनों की लाइनें लग गईं। जाम की सूचना मिलने पर बरोदा थाना से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसानों को समझाया लेकिन वे नहीं माने और नहर में पानी छोड़ने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने वाहनों का रूट डायवर्ट किया। इससे वाहन चालकों को कई किलोमीटर का फेर लगाने पर मजबूर होना पड़ा। सिंचाई विभाग के एसडीओ सतीश कुमार भी मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि नहर में जल्द दोबारा पानी छोड़वा दिया जाएगा। इसके बाद किसानों ने दोपहर लगभग 12 बजे जाम खोला और वाहनों का आवागमन शुरू हुआ।

 

 

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed