Sonipat News: किशोर से कुकर्म करने के दोषी को उम्रकैद, 11.42 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया

नरेंद्र सहारण, सोनीपत। Haryana News: हरियाणा के सोनीपत की अदालत ने किशोर से कुकर्म करने के मामले में एक आरोपी को दोषी करार दिया है। दोषी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। इस मामले में तीन नाबालिग पर भी केस दर्ज किया था। उनका मामला जुवेनाइल कोर्ट में भेजा गया था। दोषी करार दिए गए युवक पर 11.42 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। जुर्माना में से पांच लाख रुपये पीड़ित को देने के आदेश दिए गए हैं।

कई दिन तक सहमा रहा किशोर

 

जानकारी के अनुसार, खरखौदा थाना क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने 11 फरवरी, 2022 को पुलिस को बताया था कि उनका 15 वर्षीय बेटा कई दिन से सहमा हुआ था। उन्होंने बेटे से बात की तो पहले वह टालने लगा। उन्होंने उसे समझाकर बातचीत की तो बेटे ने बताया कि वह 5 फरवरी, 2022 को पड़ोस के गांव में आयोजित भंडारे में गया था।

चार लड़कों ने गलत काम किया

 

वहां से लौटते समय उसे गांव का अभिषेक और 3 अन्य लड़के मिले थे। वह उसे सड़क किनारे खाली कमरे में ले गए थे। वहां उन्होंने उसके साथ मारपीट की थी। वह उसे एक गन्ने के खेत में ले गए, जहां पर चारों ने उसके साथ गलत काम किया था। साथ ही किसी को बताने पर मारने की धमकी दी थी। जिससे वह डर गया था। तब व्यक्ति ने पुलिस को अवगत कराया था।

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया

 

पुलिस ने इस संबंध में कुकर्म, मारपीट, पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया था। तब तत्कालीन थाना प्रभारी जसपाल सिंह की टीम ने मामले में ठोस कार्रवाई करते हुए आरोपियों को काबू कर लिया था। अभिषेक के बालिग होने के चलते उसे जेल भेज दिया गया था। पुलिस ने आरोपी का चालान तैयार कर अदालत में पेश कर दिया था।

एक साल 9 माह 13 दिन में हुई सुनवाई

 

मामले में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुरुचि अतरेजा सिंह ने एक साल 9 माह 13 दिन में सुनवाई पूरी कर आरोपी को दोषी करार दिया। अदालत ने दोषी को पॉक्सो समेत अलग-अलग धाराओं में उम्रकैद व 11.42 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जुर्माना न देने पर 52 माह अतिरिक्त कैद की सजा भुगतनी होगी।

 

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed