हरियाणा से सुभाष बराला राज्यसभा के लिए निर्वाचित, विधानसभा सचिवालय की ओर से दिया गया प्रमाण पत्र
नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुभाष बराला राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो गए हैं। मंगलवार को विधानसभा सचिवालय की तरफ से सुभाष बराला को निर्वाचित घोषित कर दिया गया। सुभाष बराला राज्यसभा में डीपी वत्स का स्थान लेंगे। बराला का कार्यकाल आगामी तीन अप्रैल से शुरू होगा। उन्होंने 15 फरवरी को नामांकन दाखिल किया था। बराला के मुकाबले विपक्ष की तरफ से कोई भी प्रत्याशी खड़ा नहीं किया गया, इसलिए हरियाणा में राज्यसभा की एक सीट को लेकर चुनाव की नौबत नहीं आई। मंगलवार को नाम वापसी का अंतिम दिन था।
चुनाव नामांकन की सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुभाष बराला को निर्वाचित घोषित कर दिया गया। सुभाष बराला प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष रहे हैं। 2014 में उन्होंने टोहाना हलके से विधानसभा चुनाव जीता था। 2019 में वे जजपा के देवेंद्र सिंह बबली के सामने चुनाव हार गए। इसके बाद सरकार ने उन्हें हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो का चेयरमैन नियुक्त कर दिया। किसान कल्याण प्राधिकरण के चेयरमैन का जिम्मा भी बराला को सौंपा गया।