अयोध्या पहुंचे CM योगी आदित्यनाथ ने रामलला के चरणों में झुकाया शीश, लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार पहुंचे

लखनऊ, बीएनएम न्यूज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। यहां पहुंचने पर अयोध्या के महापौर, विधायक समेत जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया।

श्रीरामलला के चरणों में शीश झुकाया


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार शाम रामकथा पार्क पहुंचे। य़हां से मुख्यमंत्री सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचे जहां संकटमोचन भगवान हनुमान के चरणों में हाजिरी लगाई। यहां मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भी भेंट किया गया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने यहां दर्शन-पूजन के उपरांत अयोध्यावासियों और श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि पहुंचे और श्रीरामलला के चरणों में शीश झुकाया। मुख्यमंत्री ने यहां भी विधिवत दर्शन-पूजन किया। मुख्यमंत्री ने श्री राम जन्मभूमि में चल रहे निर्माण कार्यों की भी जानकारी ली।

लोकसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री श्रीरामनगरी पहुंचे

इसके पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लोकसभा चुनाव के दौरान अयोध्या पहुंचे थे। सीएम ने उस दौरान भी श्रीराम व संकटमोचन हनुमान के चरणों में हाजिरी लगाई थी। लोकसभा चुनाव के बाद मुख्यमंत्री मंगलवार को श्रीरामनगरी पहुंचे।

पुनर्निर्माण कार्यों के संदर्भ में जानकारी ली

मुख्यमंत्री ने अयोध्या में चल रहे विकास कार्यों का मंगलवार देर रात तक जायजा लिया। उन्होंने साकेत सदन (अफीम कोठी) का निरीक्षण किया। यहां चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों के संदर्भ में जानकारी ली। फिर सीएम योगी आदित्यनाथ ने राम की पैड़ी पर हो रहे कार्यों को भी देखा। यहां स्थलीय निरीक्षण कर बन रही दर्शक दीर्घा के बारे में उन्होंने जानकारी ली।

हर काम समयबद्ध तरीके से हो

रात्रि निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अफसरों को निर्देश दिया कि हर काम समयबद्ध तरीके से हो। किसी भी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अफसरों को समय-समय पर इनके कार्यों के निरीक्षण का निर्देश दिया। सीएम ने कहा कि गुणवत्ता ही हमारी पहली प्राथमिकता है, इसलिए हर काम में गुणवत्ता अनिवार्य है।

इस दौरान प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेदप्रकाश गुप्त, अमित सिंह चौहान, रामचंद्र यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय आदि मौजूद रहे।

 

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed