UP Loksabha Election 2024: भाजपा ने UP की बाकी 24 लोकसभा सीटों के प्रत्याशियों के लिए केंद्रीय नेतृत्व को भेजा नामों का पैनल

UP BJP

लखनऊ, BNM News : UP Loksabha Election 2024: भाजपा लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश की बची हुईं सीटों के प्रत्याशियों के चयन को लेकर गंभीरता से मंथन में जुटी है। मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर बुधवार को हुई भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में भाजपा के खाते में आने वाली प्रदेश की शेष 24 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों के चयन को लेकर चर्चा हुई।

तीन-तीन नामों का कर पैनल तय किया

 

कोर कमेटी ने इन 24 सीटों में से प्रत्येक के लिए तीन-तीन नामों का कर पैनल तय भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया है। साथ ही, प्रदेश में विधान सभा की चार रिक्त सीटों के लिए भी प्रत्याशियों के चयन पर मंथन कर उनके नामों का पैनल भी केंद्रीय नेतृत्व को भेजा है। भाजपा ने पहली सूची में प्रदेश की 80 में से 51 सीटों पर प्रत्याशी तय कर दिए हैं। शेष 29 सीटों में से पांच सहयोगी दलों के खाते में जाएंगी। इन पांच सीटों में से दो रालोद को दी गई हैं जबकि दो अपना दल (एस) और एक सुभासपा को मिलेगी। रालोद ने बिजनौर और बागपत की सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित भी कर दिए हैं। इस तरह अब 24 सीटें ऐसी हैं, जिन पर भाजपा को प्रत्याशी तय करने हैं।

चार सीटों के लिए होना है उपचुनाव

 

इसके अलावा विधान सभा की चार सीटें भी खाली हैं जिन पर लोकसभा चुनाव के साथ ही उपचुनाव होने की संभावना है। इनमें लखनऊ पूर्व, सोनभद्र की दुद्धी, बलरामपुर की गैसड़ी और शाहजहांपुर की ददरौल सीटें शामिल हैं। कोर कमेटी की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के उप्र लोकसभा चुनाव प्रभारी व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक और पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) केशव प्रसाद मौर्य ने हिस्सा लिया।

कोर कमेटी की बैठक से पहले भाजपा के प्रदेश कायार्लय में पार्टी के चुनाव प्रभारी पांडा के साथ चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक हुई। बैठक में पांडा ने समिति के सदस्यों से प्रदेश में पार्टी की लोकसभा चुनाव तैयारियों के बारे में फीडबैक लिया। चुनाव प्रबंधन के लिए भाजपा ने 36 विभाग बनाए है। बैठक में तय हुआ है कि जल्द ही इन 36 विभागों के दायित्व निर्धारित कर दिए जाएं ताकि लोकसभा चुनाव की घोषणा होते ही वे गति पकड़ लें। खासतौर पर अब पार्टी की ओर से शुरू होने वाली चुनावी रैली और जनसभाओं के प्रबंधन को लेकर चर्चा हुई।

निषाद पार्टी ने लोस और विप की एक-एक सीट मांगी

 

निषाद पार्टी ने भाजपा से लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश में एक सीट की मांग की है जिस पर वह अपने सिंबल पर प्रत्याशी लड़ा सके। वहीं उसने विधान परिषद में भी एक सीट मांगी है। निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने इस संबंध में बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व लोकसभा चुनाव प्रभारी से समक्ष यह मांग रखी। सूत्रों के अनुसार निषाद पार्टी गाजीपुर, भदोही, सुलतानपुर और बहराइच में से कोई एक सीट चाहती है। सूत्रों के अनुसार संजय निषाद ने इस संबंध में कंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी फोन पर बात की है और मुलाकात के लिए समय भी मांगा है। गौरतलब है कि भाजपा ने संजय निषाद के पुत्र प्रवीण निषाद को संत कबीर नगर से अपना प्रत्याशी बनाया है।

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed