Weather Update News UP: यूपी में शीतलहर को और बढ़ा सकती हैं सर्द हवाएं, 32 जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट
लखनऊ, BNM News : Cold Wave in UP: उत्तर प्रदेश में शीतलहरी और गलन ने नए वर्ष 2024 का स्वागत किया। सोमवार को लखनऊ सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में गलन और शीतलहरी ने हल्की धूप को बेअसर कर दिया। दिन और रात के तापमान में गिरावट जारी रहने से अब ठंड और बढ़ेगी। सुबह और रात में कोहरा के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात लगातार प्रभावित है। मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि अगले कुछ दिन तक सर्द हवाएं शीतलहर को और बढ़ा सकती हैं। मंगलवार से फिर कोहरा छाएगा (Fog in UP), जिसके कारण तापमान में और गिरावट होगी। लखनऊ समेत 30 से अधिक जिलों में शीतलहर (Cold Wave in UP) का अलर्ट है।
32 जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट
मौसम वैज्ञानिक मुहम्मद दानिश के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पांच-छह दिन गलन बढ़ेगी। इसके कारण तीन दर्जन से अधिक जिलों में शीतलहर का प्रकोप रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ, सीतापुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, चंदौली, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, हरदोई, बलरामपुर, गोंडा, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर नगर, उन्नाव, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, कासगंज और बदायूं समेत कुछ और जिलों में कोहरा का यलो अलर्ट है।
मेरठ और आसपास में धूप निकलने से मिली राहत
प्रदेश में गलन बढ़ेगी और अगले 5-6 दिनों तक मौसम में बदलाव नहीं होगा। मेरठ और आसपास के जिलों में 3 दिन बाद सोमवार दोपहर को धूप निकलने राहत मिली। शुक्रवार और रविवार को कोहरे की चादर छाई थी। रविवार को कोहरे से तो राहत मिल गई थी, लेकिन सूर्य देवता के दर्शन नहीं हुए थे। सोमवार को न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मेरठ में जन शताब्दी छह मिनट लेट रही और वंदे भारत 19 मिनट लेट पहुंची। इनके अलावा लेट चल रहीं अन्य ट्रेनों के समय में भी सुधार हुआ है।
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर हो सकती है वर्षा
बरेली मंडल में सोमवार को धूप ने राहत दी। मंडल में सुबह नौ बजे तक कोहरा रहा मगर, इसके बाद धीरे-धीरे सूर्य का तेज बढ़ता गया। दोपहर को हवा भी थम गई मगर, शाम होते ही शीतलहर ने परेशान किया। मौसम विज्ञानी अनुमान जता रहे कि मंगलवार को भी धूप निकलेगी मगर, शीतलहर जारी रहेगी। पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर वर्षा हो सकती है। इसका प्रभाव मैदानी क्षेत्रों पर भी दिख सकता है।
अलीगढ़ में धूप खिलने से सर्दी से हल्की राहत मिली
अलीगढ़ में सोमवार को धूप खिलने से गलन भरी सर्दी से हल्की राहत मिली। सुबह आसमान पर हल्के बादल थे। नौ बजे धूप निकलते ही बादल छंटने लगे। अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 08.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहा हाल हाथरस का रहा। मुरादाबाद मंडल में सुबह नौ बजे तक कोहरा छाने के बाद धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। रामपुर में न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस तक रहा। अन्य जिलों में आठ डिग्री सेल्सियस रहा। शाम को बादल छाने से फिर सर्दी बढ़ी है।
प्रयागराज में लोगों को भीषण गलन झेलनी पड़ी
प्रयागराज में रविवार की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। दिन भर की गलन से सूरज बेबस रहा। आज न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्रीसे ल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य रहा। वहीं अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम था। सोमवार की सुबह 12 बजे सूर्य के दर्शन हुए पर उनमें तपिश गायब थी। इसकी वजह से लोगों को भीषण गलन झेलनी पड़ी।
वाराणसी में ट्रेनें और विमान सेवाएं हुईं प्रभावित
वाराणसी में कोहरे के कारण सोमवार को पूर्वांचल में ट्रेनों की लेटलतीफी का दौर जारी है। वाराणसी में विमानों का संचालन भी प्रभावित हुआ है। अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री रहा जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम है। आर्द्रता अधिकतम 97 प्रतिशत और न्यूनतम 85 प्रतिशत दर्ज किया गया। शिवगंगा एक्सप्रेस व काशी एक्सप्रेस छह-छह घंटे, गोरखपुर अहमदाबाद एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे और बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस पांच घंटे विलंबित रही। पांच उड़ानें निरस्त रहीं तो पांच लेट रहीं।
यह भी पढ़ेंः पहाड़ से मैदान तक बढ़ी ठिठुरन, अगले 7 दिनों के दौरान कैसा रहेगा मौसम ?
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन