विश्व हिंदी परिषद 14-15 नवंबर को विज्ञान भवन में आयोजित करेगा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, अहम बैठक में कई मुद्दों पर हुई चर्चा

विश्व हिंदी परिषद की बैठक में शामिल पदाधिकारी एवं सदस्य।
नई दिल्ली, बीएनएम न्यूज। विश्व हिंदी परिषद की दिल्ली प्रदेश शैक्षिक प्रकोष्ठ कार्यकारिणी की एक अहम बैठक गत रविवार, 25 मई, 2025 को दिल्ली के हरियाणा भवन में आयोजित की गई। इस बैठक में विश्व हिंदी परिषद के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. बिपिन कुमार, विश्व हिंदी परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष देवीप्रसाद मिश्र, राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. श्रवण कुमार की उपस्थिति रही। इस बैठक में दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों तथा दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न संस्थानों से कई प्राध्यापक उपस्थित रहे। इस बैठक में आकाशवाणी की पूर्व निदेशक एवं विश्व हिन्दी परिषद, दिल्ली प्रदेश की उपाध्यक्ष ऋचा चतुर्वेदी तथा उत्तर प्रदेश शैक्षिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ. काशीप्रसाद मिश्र भी उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता दिल्ली विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रोफेसर रामनारायण पटेल जी द्वारा की गई।
दिल्ली प्रदेश कार्यकारिणी की प्रशंसा
इस बैठक में विश्व हिंदी परिषद के राष्ट्रीय महासचिव डॉ बिपिन कुमार ने सभी उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए सूचित किया कि विश्व हिंदी परिषद आगामी 14-15 नवंबर, 2025 को विज्ञान भवन,नई दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन करेगा। डॉ. बिपिन कुमार ने दिल्ली प्रदेश कार्यकारिणी की प्रशंसा करते हुए प्रदेश कार्यकारिणी की अहमियत पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दिल्ली को न केवल पूरा देश अपितु विश्व सुनता है, इसलिए दिल्ली प्रदेश कार्यकारिणी के कार्यों का प्रभाव न केवल देश पर बल्कि पूरे वैश्विक पटल पर पड़ेगा। उन्होंने वर्तमान दौर में सोशल मीडिया के महत्व पर भी प्रकाश डाला और उपस्थित सदस्यों से अनुरोध किया कि वे विश्व हिन्दी परिषद की गतिविधियों को सोशल मीडिया के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा संख्या में प्रचारित प्रसारित करें। उन्होंने इस अवसर पर दिल्ली प्रदेश कार्यकारिणी की कार्यशैली और उसके उत्साह की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
हिंदी को राष्ट्रभाषा और विश्वभाषा बनाना है
विश्व हिंदी परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष देवीप्रसाद मिश्र जी ने कहा कि विश्व हिंदी परिषद का लक्ष्य भारतीय भाषाओं के समन्वय से हिंदी को राष्ट्रभाषा और विश्वभाषा बनाना है। हिंदी का विकास भारतीय भाषाओं के विकास में और भारतीय भाषाओं का विकास हिंदी के विकास में निहित है। उन्होंने “अंग्रेज गए अंग्रेजी जाए भारतीय भाषाओं का शासन आए” का उद्घोष करते हुए हिंदी को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, विधि, वाणिज्य और व्यापार के क्षेत्र में रोजगार की भाषा बनाने पर बल दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के सभी महाविद्यालयों के साथ-साथ दिल्ली में स्थित अन्य विश्वविद्यालयों के साथ-साथ आईआईटी तथा चिकित्सा महाविद्यालय में भी विश्व हिंदी परिषद की कार्यकारिणी बनाने का आग्रह किया। इस अवसर पर दिल्ली प्रदेश शैक्षिक प्रकोष्ठ के संयोजक प्रोफेसर श्रीनिवास त्यागी जी ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने दिल्ली प्रदेश शैक्षिक प्रकोष्ठ कार्यकारिणी की आगामी एक वर्ष की कार्ययोजना रखी।
चार प्रमुख सिद्धांतों के बिन्दुओं से समझाया
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रोफेसर रामनारायण पटेल ने विश्व हिन्दी परिषद के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. बिपिन कुमार जी के कुशल नेतृत्व एवं कुशल कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए विश्व हिन्दी परिषद के मूल सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विश्व हिन्दी परिषद के सिद्धांतों को चार प्रमुख बिन्दुओं से समझाया। उन्होंने बताया कि विश्व हिन्दी परिषद व्यक्ति विकास, भाषा विकास, संस्कृति विकास और राष्ट्र विकास के उद्देश्य को लेकर चलाने वाली संस्था है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि विश्व हिन्दी परिषद तीन स्तरों पर अपनी रणनीति तय करे, जिसमें प्राथमिक स्तर के विद्यालय, हाईस्कूल और माध्यमिक स्तर के विद्यालय और विश्वविद्यालय स्तर पर संगोष्ठियां और व्याख्यान इत्यादि शामिल हों। उन्होंने उपस्थित सभी सदस्यों को अपनी भाषा और संस्कृति के विकास में योगदान देने की बात कही।
पदाधिकारियों एवं सदस्यों को उनके दायित्व पत्र सौंपे गये
इस अवसर पर विश्व हिन्दी परिषद की दिल्ली प्रदेश शैक्षिक प्रकोष्ठ कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी, उपाध्यक्ष डॉ.प्रतिभा राणा, महामंत्री डॉ. प्रीति तोमर, संयुक्त मंत्री विकास कुमार पाठक, कोषाध्यक्ष डॉ संतोष भारद्वाज, सह-कोषाध्यक्ष डॉ. भावना मल्होत्रा, मीडिया प्रभारी डॉ अरुण कुमार सिंह और डॉ राकेश दुबे उपस्थित रहे। कार्यकारिणी सदस्यों में डॉ.योजना कालिया, डॉ राहुल प्रसाद, डॉ मनोज सिंह, डॉ दीपमाला, डॉ.इंदुदत्ता तिवारी, डॉ.वनिता, डॉ अनीता देवी, डॉ ममता कुमारी, डॉ लोकेश कुमार, डॉ.अवंतिका सिंह और डॉ प्रवीण भी बैठक में उपस्थित थे। सामान्य परिचय के बाद सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को उनके दायित्व पत्र सौंपे गये। हरियाणा भवन में आयोजित इस बैठक में कुछ अहम विषयों पर गंभीर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए
परिषद की बैठक में शामिल दिल्ली के विभिन्न शैक्षिक संस्थानों के विद्वान चर्चा करते हुए विश्व हिन्दी परिषद की इस बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये। बैठक में तय किया गया कि विश्व हिंदी परिषद की दिल्ली प्रदेश शैक्षिक प्रकोष्ठ ईकाई हिंदी दिवस (14 सितंबर) के उपलक्ष्य में दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी। बैठक में दिल्ली प्रदेश कार्यकारिणी की अब तक की प्रगति की समीक्षा भी की गई। बैठक में राष्ट्रभाषा के रूप में हिंदी भाषा की उन्नति एवं प्रसार पर विचार करते हुए विभिन्न विद्वानों और सदस्यों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक में तय किया गया कि बच्चों एवं किशोरों में हिंदी भाषा के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु विद्यालय स्तर की कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। इस बैठक में हिंदी भाषा के तकनीकी एवं प्रौद्योगिकीय विकास पर भी गंभीरतापूर्वक चर्चा की गई।
विविध कार्यक्रमों के आयोजन पर विचार
बैठक में हिंदी भाषा, साहित्य और साहित्यकारों को केंद्र में रखते हुए भारत के विभिन्न भागों में विविध कार्यक्रमों के आयोजन पर विचार किया गया,ताकि हिंदी भाषा का प्रचार-प्रसार हो सके और सामासिक, सामाजिक-सांस्कृतिक चेतना को बल मिले। बैठक में हिंदी को एक सांस्कृतिक सेतु के रूप में और अधिक सशक्त बनाने हेतु केंद्रीय अनुवाद ब्यूरो के सहयोग से कार्यशालाओं के आयोजन का प्रस्ताव भी रखा गया। बैठक में यूट्यूब, पॉडकास्ट और सोशल मीडिया जैसे ऑनलाइन माध्यमों के उपयोग द्वारा हिंदी के प्रचार हेतु एक समर्पित आईटी (IT) टीम गठित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जो आज के दौर में भाषा के प्रचार प्रसार के लिए बेहद अनिवार्य ज़रूरत है। बैठक में आगामी एक वर्ष की कार्ययोजना तैयार करने एवं विश्व हिंदी परिषद द्वारा एक उत्कृष्ट हिंदी पत्रिका के प्रकाशन पर भी विचार हुआ। विश्व हिंदी परिषद की इस बैठक में देश की विभिन्न भाषाओं के चिंतकों एवं विद्वानों को सम्मिलित करने की दिशा में भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन विश्व हिंदी परिषद, दिल्ली प्रदेश शैक्षिक प्रकोष्ठ की अध्यक्ष प्रो.हर्षबाला शर्मा द्वारा किया गया। बैठक का समापन कल्याण मंत्र के साथ हुआ।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन