weather update: उत्तर भारत में बढ़ी ठिठुरन, घने कोहरे का रेड अलर्ट; 271 उड़ानें प्रभावित-ट्रेनें घंटों लेट
नई दिल्ली, BNM News: Weather Update News Today 29 december पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में भीषण ठंड पड़ रही है। दिल्ली यूपी, पंजाब, हिमाचल, हरियाणा और उत्तराखंड में ज्यादातर हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। IMD ने शुक्रवार को बहुत घने कोहरे के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। सड़क, रेल व हवाई यातायात व्यवस्था चरमरा गई। 80 से ज्यादा ट्रेनें 4 से 13 घंटे तक की देरी से चल रही हैं, जबकि 271 उड़ानों पर भी असर पड़ा है। करीब डेढ़ दर्जन उड़ानों को रद्द व एक उड़ान को डाइवर्ट करना पड़ा। अंतरराष्ट्रीय प्रस्थान से जुड़ीं 41 व घरेलू प्रस्थान से जुड़ीं करीब 150 उड़ानों में विलंब हुआ।
दिल्ली में आज से सर्दी का सितम बढ़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने न्यूनतम तापमान में गिरावट का संकेत दिया है। पारे में गिरावट के सथा ही पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाएं दिल्ली में भी सिहरन पैदा कर सकती हैं। प्रादेशिक मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री व अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने अगले दो दिन तक पंजाब, हरियाणा, यूपी और दिल्ली में कहीं-कहीं अत्यधिक घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। 30 दिसंबर से 2 जनवरी तक इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों को छोड़ ज्यादातर प्रदेशों में न्यूनतम तापमान 8-12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 30 दिसंबर की सुबह तक उत्तर व मध्य भारत में घना कोहरा रह सकता है। बृृहस्पतिवार सुबह आगरा व बठिंडा में शून्य, जबकि बरेली, लखनऊ, बाराबंकी, वाराणसी, पटियाला, अमृतसर, अंबाला व दिल्ली के आयानगर में दृश्यता 25 मीटर थी।
एयरपोर्ट और स्टेशन पर फंसे यात्री घंटों परेशान
कोहरे के कारण दिल्ली में ट्रेन और विमान परिचालन प्रभावित होने से यात्री ठंड में प्लेटफार्म और हवाईअड्डे पर घंटों ठिठुरने को मजबूर हुए। एयरपोर्ट पर विमानों का समय बदलने और कई उड़्ानें डायवर्ट होने की वजह से बड़ी संख्या में यात्री फंसे रहे।
#WATCH | Delhi: Few flights delayed due to fog and low visibility in the national capital; Visuals from Indira Gandhi International Airport pic.twitter.com/mlCrrZ7QlT
— ANI (@ANI) December 29, 2023
ट्रेनों के लिए कई घंटों का इंतजार
उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के कारण यातायात के सभी संसाधनों से सफर करने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कोहरे के कारण ट्रेनों व विमान सेवा प्रभावित हैं। इससे यात्री ठंड में प्लेटफार्म पर ट्रेनों के इंतजार में घंटों ठिठुर रहे हैं तो एयरपोर्ट पर भी विमानों के परिवर्तित समय से चलने व दिल्ली की जगह किसी और स्थान के एयरपोर्ट पर उतरने की वजह से परेशान हैं। बृहस्पतिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर यात्री ठंड में ट्रेनों का इंतजार करते दिखें। नई दिल्ली से तिरुवनंतपुरम जाने वाली केरल एक्सप्रेस निर्धारित समय बुधवार देर शाम 8:10 बजे की जगह 12:20 घंटे की देरी से बृहस्पतिवार को सुबह साढ़े आठ बजे रवाना हुई। नई दिल्ली से लखनऊ जाने वाली स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस 5:50 घंटे की देरी से दोपहर 12 बजे रवाना हुई। आनंद विहार टर्मिनल-आरा विशेष साढ़े पांच घंटे की देरी से अपराह्न तीन बजे चली।
#WATCH | Delhi: Some trains delayed due to fog and low visibility in the national capital; Visuals from New Delhi Railway Station
(Visuals shot at 7.20 am) pic.twitter.com/fPksNt8oEM
— ANI (@ANI) December 29, 2023
गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में स्कूल बंद
भीषण ठंड व कोहरे को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर व गाजियाबाद जिला प्रशासन ने 12वीं तक के सभी सरकारी व निजी स्कूलों को 29-30 दिसंबर को बंद रखने का आदेश दिया है। एक से 15 जनवरी तक स्कूलों में शीतावकाश रहेगा।
पहाड़ से मैदान तक भीषण शीतलहर
बर्फबारी और भीषण कोहरे के साथ ही पहाड़ से लेकर मैदानी राज्यों तक भीषण शीतलहर की चपेट में हैं। कश्मीर में कई जगह पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है। पानी के स्रोत जम गए हैं। हरियाणा और पंजाब में ठिठुरन बढ़ गई है। बृहस्पतिवार सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता कई जगह शून्य तक रह गई। इससे हवाई यातायात से लेकर ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा।
यह भी पढ़ेंः तापमान में आएगी और गिरावट, उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और हिमपात के आसार
हिमाचल में कल से बर्फबारी के आसार
हिमाचल प्रदेश में 30 और 31 दिसंबर को मध्य और उच्च पर्वतीय आठ जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव आने की संभावना जताई है। पूर्वानुमान के अनुसार, मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में आगामी एक सप्ताह तक मौसम साफ बना रहेगा। एक जनवरी से मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भी मौसम साफ बना रहेगा।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन