Weather Update Today: UP-बिहार समेत दिल्ली में कड़ाके की ठंड, कोहरे पर IMD का अलर्ट, जानें देश के मौसम का हाल

ई दिल्ली BNM News : Weather Update Today December 30: उत्तर भारत में घने कोहरे से दिन के तापमान में भारी गिरावट आई है। उत्तर भारत पिछले कई दिनों से कोहरे की मार झेल रहा है। दिल्ली और इससे सटा NCR भी इस घने कोहरे की चादर से ढका हुआ है। कोहरा इतना घना है कि कई इलाकों में विजिविलिटी जीरो हो गई है। ठंड की इस स्थिति को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले कुछ हफ्तों में तापमान में अभी और गिरावट के संकेत दिए हैं।

IMD के अनुसार में शनिवार और रविवार को भीषण ठंड पड़ सकती है। इसके साथ ही IMD ने चेतावनी दी है कि पारे में गिरावट के साथ ही पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाएं दिल्ली में सिहरन पैदा कर सकती हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर (Delhi NCR Weather)के साथ ही पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में ‘कोल्ड डे’ की स्थिति का पूर्वानुमान जताया है। IMD ने 2 जनवरी तक उत्तर भारतीय राज्यों में कोहरे के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। बता दें कि कोल्ड डे तब होता है जब लगातार दो दिन न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे हो और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस कम हो।

ट्रेनों पर कोहरे का असर (Trains Delayed)

कोहरे के चलते उड़ानें और ट्रेन संचालन बाधित है। वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी वीआइपी ट्रेन भी 17 घंटे की देरी से चल रही हैं। कोहरे के चलते देश के अन्य हिस्सों में भी तेजस, शताब्दी और राजधानी एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं। नई दिल्ली से वाराणसी जानी वाली वंदे भारत शुक्रवार को निरस्त रहीं। गुरुवार को यह ट्रेन 17 घंटे विलंब से वाराणसी पहुंची थी। लखनऊ नई दिल्ली तेजस एक्सप्रेस गुरुवार को निरस्त थी। यह ट्रेन शुक्रवार को सही समय पर रवाना हुई, लेकिन नई दिल्ली पहुंचने तक 1:26 घंटे लेट हो गई। गुरुवार की लखनऊ नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस रात 11:38 बजे रवाना हुई। इस कारण शुक्रवार की दोनों दिशाओं की शताब्दी एक्सप्रेस निरस्त हो गई। बिहार (Bihar Weather Update)में पटना सहित 13 जिलों में घने कोहरे और 18 जिलों में मध्यम दर्जे के कोहरे की चेतावनी है। पटना में राजधानी एक्सप्रेस 11 घंटे और संपूर्ण क्रांति 15 घंटे देर से पहुंची। सबसे ज्यादा खराब स्थिति दिल्ली से आने एवं जाने वाली ट्रेनों की है।

 हवाई यातायात भी प्रभावित (Air Traffic also Affected)

घने कोहरे का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्ररीय एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह न्यूनतम दृश्यता 150 मीटर रही। इस वजह से 200 उड़ानों में देरी हुई। 12 उड़ानें रद करनी पड़ीं। ट्रेनों की आवाजाही गंभीर रूप से प्रभावित हुई है। दिल्ली पहुंचने वाली लगभग 130 ट्रेन विलंब से पहुंचीं। यही हाल अन्य राज्यों में भी रहा। वाराणसी में कई उड़ानें विलंबित हुईं। इसके कारण बाबतपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को यात्रियों ने हंगामा भी किया। धनी धुंध की वजह से कई जगह सड़क हादसे भी हुए।

उत्तर प्रदेश का मौसम (UP Weather Update)

उत्तर प्रदेश में भी कई जिलों में कोहरा पसरा रहा। गलन भी बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन-चार दिनों तक धूप निकलने के आसार कम हैं। 50 से अधिक जिलों में घने कोहरे के साथ शीतलहर चलने की चेतावनी दी गई है। नए साल में तापमान और गिरेगा। दो जनवरी के बाद हल्की धूप हो सकती है, मगर सर्दी में कमी नहीं आएगी। दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश में भी ठंड और कोहरे के चलते अलर्ट जारी कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश के 29 जिलों में ठंड का अलर्ट जारी किया गया है और नए साल तक इन सभी जिलों और इसके आसपास के इलाके में कोल्ड डे की घोषणा की गई है। मौसम विभाग ने लखनऊ, सीतापुर, हरदोई, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर समेत 30 जिलों में शनिवार को घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है।

कश्मीर में मौसम का हाल (Jammu Kashmir Weather News)

कश्मीर में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे गिर गया है। घने कोहरे के साथ न्यूनतम तापमान में गिरावट से लोगों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। दृश्यता भी कम हुई है। श्रीनगर -3.3 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ गुलमर्ग से ज्यादा ठंडा रहा। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान -2.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू में भी सुबह कोहरा छाया रहा। जम्मू का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बता दें, चिल्ले कलां के 40 दिन (21 दिसंबर से 29 जनवरी तक) कश्मीर में सबसे अधिक ठंडे रहते हैं। चिल्ले कलां का अर्थ है बड़ी सर्दी।
शुक्रवार को भी श्रीनगर और जम्मू समेत प्रदेश के अधिकांश इलाकों में घना कोहरा और धुंध छाई रही। श्रीनगर और इसके आसपास के इलाकों में दृश्यता तीसरे दिन भी 50 मीटर से कम रही। दृश्यता कम होने से श्रीनगर हवाई अड्डे पर सुबह की उड़ानों का आवागमन निर्धारित समय से देरी से हुआ। तीन विमानों ने देरी से उड़ान भरी। डल झील समेत घाटी के अधिकतर जलस्रोत आंशिक तौर पर जम गए हैं।

हिमचाल में हिमपात (Snowfall in Himachal)

हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने 30 व 31 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के ऊंचे व मध्य क्षेत्रों में हिमपात और वर्षा की संभावना जताई है। मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना कांगड़ा व सिरमौर में धुंध के छाने के कारण यातायात के प्रभावित होने और न्यूनतम तापमान में कमी का अनुमान है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक गिरावट शिमला में 4.4 डिग्री की दर्ज की गई।

हरियाणा में शीतलहर से बढ़ाई ठिठुरन (Haryana Weather)

हरियाणा के अधिकांश जिलों में सुबह कोहरा और दिनभर छाए रहे बादल। धूप नहीं निकलने से दिन के तापमान में आई गिरावट। अभी तक की ठंड गेहूं की फसल के लिए थी फायदेमंद। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पारा ज्यादा गिरा तो सब्जियों की फसल पर पड़ेगा असर।

उत्तराखंड में आरेंज अलर्ट (Orange alert in Uttarakhand)

उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार में घने कोहरे को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में लक्सर, रुड़की, पंतनगर और खटीमा कोहरे से सर्वाधिक प्रभावित हैं। पंजाब में भी कोहरा और कड़ाके की ठंड जारी है। कई जिलों में शुक्रवार को भी सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। इसके चलते दृश्यता प्रभावित हुई। कई जिलों में तो दोपहर दो बजे तक धूप नहीं निकली।

यह भी पढ़ेंः उत्तर भारत में बढ़ी ठिठुरन, घने कोहरे का रेड अलर्ट; 271 उड़ानें प्रभावित-ट्रेनें घंटों लेट

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed