Weather Update Today: पहाड़ से मैदान तक बढ़ी ठिठुरन, अगले 7 दिनों के दौरान कैसा रहेगा मौसम ?
नई दिल्ली, BNM News : Weather Update Today 2 January: देश के कई हिस्सों में नए साल का पहला दिन ठिठुरन बढ़ाने वाला रहा। पहाड़ लेकर मैदानी इलाकों तक कंपकंपी कायम रही। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों मे न्यूनतम तापमान चार से आठ डिग्री सेल्सियस के बीच रह रहा है। लुधियाना में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 2.5 डिग्री सेल्सियस का ही अंतर रहा। कश्मीर में नए साल की शुरुआत शुष्क रही। न वर्षा हुई और न ही हिमपात। इसी बीच शीत लहर तेज हो गई है और न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से दो से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। दिल्ली में न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा, लेकिन बर्फीली हवाओं ने कंपकंपी भी छुड़ाए रखी। न्यूनतम तापमान 10.1 रहा तो अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
उप्र में 30 से अधिक जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग का कहना है कि अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 20 डिग्री से नीचे ही रहने का अनुमान है। उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में जनवरी में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है। अगले दो दिन तक सर्द हवाएं शीतलहर को और बढ़ा सकती हैं। उप्र में भी शीतलहर और गलन ने नए वर्ष का स्वागत किया। सोमवार को लखनऊ सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में गलन और शीतलहर ने हल्की धूप को बेअसर कर दिया। घने कोहरे की वजह से दिल्ली समेत कई राज्यों में रेल, हवाई और सड़क परिवहन प्रभावित रहा। लखनऊ समेत 30 से अधिक जिलों में शीतलहर का अलर्ट है। प्रदेश में गलन बढ़ेगी और अगले पांच-छह दिनों तक मौसम में बदलाव नहीं होगा। मेरठ और आसपास के जिलों में तीन दिन बाद सोमवार दोपहर को धूप निकलने राहत मिली। सोमवार को न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बरेली मंडल में सोमवार को धूप ने राहत दी। मगर शाम होते ही शीतलहर ने परेशान किया। मंगलवार को भी धूप निकलेगी, मगर शीतलहर जारी रहेगी। अलीगढ़ में धूप खिलने से गलन भरी सर्दी से हल्की राहत मिली। प्रयागराज में रविवार की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही। दिन भर की गलन से सूरज बेबस रहा। न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य रहा।
यह भी पढ़ेंः यूपी में शीतलहर को और बढ़ा सकती हैं सर्द हवाएं, 32 जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट
बिहार का मौसम
बिहार में पटना समेत 10 शहरों के अधिकतम तापमान में 12 घंटे में वृद्धि दर्ज की गई। सोमवार को दिन में धूप निकली। सोमवार को पटना का अधिकतम तापमान 18.9 रहा। इसी तरह प्रदेश के नौ अन्य शहरों का भी अधिकतम तापमान बढ़ा है। पटना का न्यूनतम तापमान 10.7 रिकार्ड किया गया। अन्य आठ शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम रिकार्ड किया गया। सोमवार को राजधानी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से नौ घंटे विलंब से पहुंची। संपूर्ण क्रांति एवं कोटा एक्सप्रेस पांच घंटे लेट रही।
पंजाब में आज कैसा रहे मौसम
पंजाब में शीतलहर के कारण सोमवार को गलन बढ़ गई है। दिन भर कोहरा भी छाया रहा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर भी महज ढाई से चार डिग्री सेल्सियस रह गया, जिस कारण दिन भर कड़ाके की ठंड रही। लुधियाना में अधिकतम तापमान 10.6 व न्यूनतम 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां अधिकतम तापमान में करीब 2.5 डिग्री सेल्सियस का ही अंतर रहा। इसी तरह पठानकोट में अधिकतम तापमान 14.4 व न्यूनतम तापमान 11.6, पटियाला में अधिकतम तापमान 10.8 व न्यूनतम तापमान 7.0, फिरोजपुर में अधिकतम तापमान 12.4 व न्यूनतम 9.4 डिग्री सेल्सिय रहा। मौसम विभाग चंडीगढ़ के अनुसार चार जनवरी तक कई जिलों में अति घना कोहरा पड़ सकता है। दृश्यता 20 से 50 मीटर के बीच रह सकती है।
जम्मू कश्मीर का मौसम
जम्मू में दोपहर को कुछ घंटों के लिए धूप निकली, लेकिन ठंडी हवाओं ने परेशान किया। सुबह देर तक धुंध रही और शाम को भी दृश्यता कम ही रही। सोमवार को श्रीनगर समेत कश्मीर के अधिकांश इलाकों में हल्के बादल छाए रहे। जम्मू में भी ऐसा ही मौसम रहा। आसमान साफ रहने के कारण श्रीनगर सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आई है।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन