Smriti Irani VS Priyanka Gandhi: क्या वायनाड में प्रियंका गांधी का स्मृति ईरानी से होगा मुकाबला?

नई दिल्ली, बीएनएम न्यूज: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केरल की वायनाड और उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से जीत हासिल की थी। अब उन्होंने वायनाड सीट छोड़ने का फैसला किया है और रायबरेली से सांसद बने रहेंगे। कांग्रेस ने वायनाड से होने वाले उपचुनाव में प्रियंका गांधी को उम्मीदवार बनाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही गांधी परिवार का एक और सदस्य दक्षिण भारत की चुनावी राजनीति में प्रवेश करने जा रहा है।

गांधी परिवार का दक्षिण भारत से पुराना रिश्ता

गांधी परिवार का दक्षिण भारत से गहरा रिश्ता रहा है। इंदिरा गांधी ने 1978 में कर्नाटक के चिकमगलूर से उपचुनाव जीता था। इसके बाद 1980 में उन्होंने आंध्र प्रदेश के मेडक सीट से जीत हासिल की। 1999 में सोनिया गांधी ने भी अपना राजनीतिक करियर दक्षिण भारत से शुरू किया था। उन्होंने अमेठी और कर्नाटक के बेल्लारी सीट से चुनाव लड़ा था और दोनों सीटों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि, बाद में उन्होंने बेल्लारी सीट छोड़ दी थी।

प्रियंका Vs स्मृति की उम्मीदवारी पर चर्चाएं

प्रियंका गांधी के वायनाड से चुनाव लड़ने की खबर के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि भाजपा इस सीट से किसे उम्मीदवार बनाएगी। चर्चाएं हैं कि भाजपा तेजतर्रार नेता स्मृति ईरानी को वायनाड से उम्मीदवार बना सकती है। स्मृति ईरानी ने 2019 में कांग्रेस के गढ़ अमेठी से राहुल गांधी को हराया था, जिससे भाजपा उन्हें वायनाड से उतार कर मुकाबला रोचक बना सकती है।

1999 का सोनिया-सुषमा मुकाबला

भाजपा पहले भी टिकटों को लेकर चौंकाने वाले फैसले कर चुकी है। 1999 में जब सोनिया गांधी ने बेल्लारी से चुनाव लड़ने की घोषणा की थी, तब भाजपा ने सुषमा स्वराज को इस सीट से उतार कर चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया था। सुषमा स्वराज ने सोनिया गांधी को कड़ी टक्कर दी थी। सोनिया गांधी ने इस चुनाव में 414,000 वोट हासिल किए थे, जबकि सुषमा स्वराज को साढ़े तीन लाख से ज्यादा वोट मिले थे। सोनिया गांधी मात्र 56,000 वोटों से जीत पाई थीं।

भाजपा का नया दांव

भाजपा की रणनीति को देखते हुए यह संभव है कि वायनाड में प्रियंका गांधी के मुकाबले स्मृति ईरानी को उतार कर भाजपा चुनाव को रोचक बना सकती है। स्मृति ईरानी के अमेठी से हारने के बावजूद उनकी लोकप्रियता और रणनीतिक कौशल को देखते हुए भाजपा का यह दांव महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। यह देखना दिलचस्प होगा कि आगामी उपचुनाव में वायनाड के मतदाता किसे चुनते हैं और गांधी परिवार का दक्षिण भारत में रिश्ता कितना मजबूत होता है।

प्रियंका संसद में लोगों की चिंताओं को उठाएंगीः राबर्ट वाड्रा

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा के वायनाड से चुनाव लड़ने पर उनके पति राबर्ट वाड्रा ने कहा कि संसद में प्रवेश करने पर वह किसान कल्याण, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा के मुद्दे उठाएंगी। भाजपा और स्मृति ईरानी ऐसे मुद्दे कभी नहीं उठाती है। आज तक महिलाओं और हमारी महिला पहलवानों के लिए कुछ भी नहीं किया गया। प्रियंका निश्चित रूप से संसद में लोगों की चिंताओं को उठाएंगी।

CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed