IND vs ENG: छा गए यशस्वी जायसवाल… भारत को मिला अगला सुपर स्टार, लगातार दूसरे टेस्ट में ठोकी डबल सेंचुरी

राजकोट, BNM NEWS: भारतीय टीम को यशस्वी जायसवाल के रूप में हीरा मिल गया है, इस बात में कोई दोराय नहीं। उन्होंने राजकोट टेस्ट की दूसरी पारी में फिर दोहरा शतक जड़ दिया। जायसवाल ने लगातार दो टेस्ट में दो डबल सेंचुरी लगाकर रिकॉर्ड बुक को तहस-नहस कर दिया। इंग्लिश गेंदबाजों की जायसवाल ने जमकर धुनाई की। अपनी पारी के दौरान यशस्वी ने कई रिकॉर्ड तोड़ डाले। वह टेस्ट की एक पारी में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यशस्वी ने दूसरी पारी में नाबाद 214 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके और 12 छक्के लगाए। यशस्वी के इस सीरीज में 22 छक्के हो गए।

यशस्वी जायसवाल ने लगातार ठोका दूसरा दोहरा शतक

22 साल के यशस्वी जायसवाल इस वक्त जिस चीज को भी हाथ लगा रहे हैं वह सोना बन जा रहा है। जायसवाल का बल्ला रन नहीं आग उगल रहा है। वह शायद अपने करियर की इस वक्त बेस्ट फॉर्म में चल रहे हैं। उनका बल्ला रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। जायसवाल ने 231 गेंदों पर अपना दोहरा शतक पूरा किया है। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 14 चौके और 12 छक्के जड़े हैं। वहीं एक टेस्ट इनिंग में सबसे ज्यादा छक्के मारने का रिकॉर्ड वसीम अकरम के नाम है। जायसवाल ने अपनी पारी से इस महान वर्ल्ड रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है।

हालांकि यशस्वी मैच के तीसरे दिन अपना शतक पूरा करने के बाद 104 रन के स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। उनके पीठ में खींचाव आया था। ऐसा लग रहा था कि वह बल्लेबाजी करने के लिए चौथे दिन नहीं आएंगे। उनके खेलने को लेकर काफी ज्यादा सस्पेंस बना हुआ था। लेकिन यशस्वी आए भी और सब के दिलों पर छाए भी। इस युवा खिलाड़ी की जितनी सरहाना की जाए उतनी कम है।

जायसवाल के रूप में मिला भारत को अगला सुपर स्टार

जैसे भारत के पास सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, रोहित शर्मा जैसे दिग्गज बल्लेबाज हैं। उन्हीं की तरह टीम इंडिया को अगला सुपर स्टार यशस्वी जायसवाल के रूप में मिल गया है। जायसवाल ने पिछले एक साल में भारत के लिए जमकर क्रिकेट खेली है और खूब नाम कमाया है। वह 22 साल की उम्र में ही अपने देश के लिए टेस्ट में दो डबल सेंचुरी लगा चुके हैं। इस बात में कोई शक नहीं कि जायसवास वर्ल्ड क्रिकेट में अगली बड़ी चीज होने वाले हैं।

रोहित शर्मा का चार साल पुराना रिकॉर्ड टूटा

यशस्वी ने सीरीज में 20वां छक्का लगाते हुए रोहित शर्मा के चार साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। रोहित ने 2019 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में 19 छक्के लगाए थे। अब यशस्वी उनसे आगे निकल गए। वह एक टेस्ट सीरीज में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। हरभजन सिंह तीसरे और नवजोत सिंह सिद्धू चौथे स्थान पर हैं। हरभजन ने 2010 में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में 14 और सिद्धू ने 1994 में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में 11 छक्के लगाए थे।

सिद्धू का 30 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ा

यशस्वी ने राजकोट टेस्ट की दूसरी पारी में नौवां छक्का लगाते ही एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह टेस्ट की एक पारी में भारत के लिए सर्वाधिक छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। वह सिद्धू से आगे निकल गए। 1994 में श्रीलंका के खिलाफ सिद्धू ने आठ छक्के लगाए थे। मयंक अग्रवाल ने 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ इंदौर में एक पारी में आठ छक्के लगाए थे।

यशस्वी ने एंडरसन के गेंद पर मारे लगातार तीन छक्के

यशस्वी ने भारत की दूसरी पारी के 85वें ओवर में तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन की गेंद पर लगातार तीन छक्के लगाए। वह साल 2002 से टेस्ट के एक ओवर में तीन छक्के लगाने वाले पांचवें गेंदबाज बन गए। महेंद्र सिंह धोनी ने ऐसा दो बार किया है। उन्होंने 2006 में वेस्टइंडीज के खिलाफ डेव मोहम्मद की गेंद पर एक ओवर में तीन छक्के लगाए। उन्होंने 2007 में बांग्लादेश के खिलाफ मोहम्मद रफीक की गेंद पर ऐसा किया था। 2017 में हार्दिक पांड्या ने श्रीलंका के मलिंदा पुष्पकुमारा की गेंद पर एक ओवर में तीन छक्के लगाए थे। रोहित शर्मा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विशाखापत्तनम में डेन पीट को तीन छक्के मारे थे। वहीं, उमेश यादव ने 2019 में दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाज जॉर्ज लिंडे की गेंद पर रांची में तीन छक्के लगाए थे।

यह भी पढ़ेंः राजकोट टेस्ट के तीसरे दिन काली पट्टी बांधकर क्यों उतरी टीम इंडिया, क्या है ब्लैक बैंड के पीछे का कारण

यह भी पढ़ेंः अजिंक्य रहाणे को आउट देने के 20 मिनट बाद बुलाया वापस, जानें क्या है मामला

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed