रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा में 80 से अधिक बदमाशों के गैंग सक्रिय होने का लगाया आरोप

नरेन्‍द्र सहारण, चंडीगढ़ : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा में कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत अधिक खराब हो जाने का आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार से जवाब मांगा है। नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो के आंकड़ों के अलावा राज्य के विभिन्न जिलों में हुई बड़ी आपराधिक वारदातों का ब्योरा पेश करते हुए उन्होंने कहा कि गीता की उपदेशस्थली हरियाणा अब माफिया और क्राइम लैंड बन गई है। उन्होंने कहा कि अगर भगवान भी धरती पर आ जाएं तो उन्हें भी जेड प्लस सिक्योरिटी देने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

अपराधों को नियंत्रित नहीं कर पाने का आरोप

 

चंडीगढ़ स्थित हरियाणा कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में भाजपा सरकार पर अपराधों को नियंत्रित नहीं कर पाने का आरोप लगाते हुए रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि या तो प्रदेश सरकार कानून व्यवस्था को मजबूत करे और बदमाशों पर नकेल कसे, अन्यथा भाजपा को सत्ता छोड़ देनी चाहिए। प्रदेश के लोगों में बिगड़ी कानून व्यवस्था और लगातार बढ़ रहे अपराध की वजह से खौफ का माहौल है। व्यापारियों व राजनेताओं से ही नहीं, बल्कि आम लोगों से भी फिरौती मांगी जा रही है। कनाडा, दुबईआस्ट्रेलिया सहित कई देशों से हरियाणा में गैंग को कंट्रोल कर रहे गैंग्सटरों के नाम बताते हुए सुरजेवाला ने कहा कि पिछले दिनों चंडीगढ़ में हुई उत्तरी भारत के राज्यों की बैठक में खुद प्रदेश सरकार ने स्वीकार किया था कि हरियाणा में 80 गैंग सक्रिय हैं। अगर सरकार सख्ती से काम करे और कड़े फैसले ले तो पुलिस को कार्रवाई करने में जरा भी देरी नहीं लगेगी।

राज्य में लगातार बढ़ रहे अपराध

 

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि हत्या, महिलाओं के विरुद्ध अपराध के अलावा अपहरण के मामले राज्य में लगातार बढ़ रहे हैं। इस साल की पहली तिमाही यानी जनवरी से मार्च की अवधि में राज्य से 4 हजार 137 लोग अगवा हुए हैं। रोजाना 45 लोग लापता हो रहे हैं। अकेले करनाल जिले से इस अवधि में 872 लोग लापता हुए हैं। जनवरी-2025 से अभी तक क्राइम आंकड़े मीडिया के सामने रखते हुए सुरजेवाला ने कहा कि जींद में 38 लोगों का मर्डर इस अवधि में हुआ है। फरीदाबाद में 41, गुरुग्राम में 38, पानीपत में 25, कैथल में 21, करनाल में 20, कुरुक्षेत्र में 18, यमुनानगर में 15 तथा सिरसा में 11 लोगों का मर्डर पिछले सात माह के दौरान हो चुका है।

अभय चौटाला को धमकी मिलना गंभीर

कांग्रेस नेता ने कहा कि इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला के साथ उनका राजनीतिक विरोध हो सकता है, लेकिन उन्हें धमकी मिलना गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि इससे पहले इनेलो के अध्यक्ष रहे नफे सिंह राठी का मर्डर हो चुका है। अकेले विपक्ष नहीं बल्कि भाजपा नेताओं को भी धमकियां मिल रही हैं। क्राइम उनके साथ भी हो रहा है लेकिन सरकार क्राइम पर कंट्रोल नहीं कर पा रही है। इसके लिए सरकार में इच्छा शक्ति की कमी है और वह बदमाशों के दबाव में है।

 

You may have missed