टी20 वर्ल्ड कप में क्यों नहीं बने बड़े स्कोर? वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज क्रिस गेल ने बताई वजह, इसे ठहराया कसूरवार

Chris Gayle

ब्रिजटाउन, प्रेट्र : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 (T20World Cup 2024) के अमेरिका  में खेले गए मुकाबलों में बड़ा स्कोर नहीं बन सका. अधिकांश समय बल्लेबाजों पर गेंदबाज हावी रहे। वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज और टी20 विश्व कप के दूत क्रिस गेल ने टूर्नामेंट के अमेरिका चरण में कम स्कोर वाले मैचों के लिए पिचों को जिम्मेदार ठहराया जो ‘ड्राप इन’ के बाद पूरी तरह तैयार नहीं हो सकीं। आइसीसी के अनुसार, न्यूयार्क के नसाऊ काउंटी स्टेडियम में ड्राप-इन पिचों का इस्तेमाल किया गया था। इन पिचों को आस्ट्रेलिया के एडिलेड में तैयार कर दिसंबर 2023 में फ्लोरिडा लाया गया था। गेल ने कहा कि लंबी उड़ान के बाद पिच ‘जेट लेग’ से उबर नहीं पाई थीं। ‘जेट लेग’ का आमतौर पर मतलब लंबी उड़ान या यात्रा से होने वाली थकान होता है, गेल का मानना था कि न्यूयार्क की पिचों को ‘ड्राप इन’ के बाद तैयार होने का पूरा समय नहीं मिला।

कम स्कोर वाला विश्व कप रहा

फ्लोरिडा से ट्रकों की मदद से इन पिचों को न्यूयार्क लाया गया था। ये पिचें टूर्नामेंट के दौरान बल्लेबाजी के लिए कठिन विकेटों में से एक साबित हुई थी। गेल ने शुक्रवार को कहा, इसमें कोई शक नहीं कि यह कम स्कोर वाला विश्व कप रहा है और कभी-कभी विकेट भी धीमा हो जाता है। यह बल्लेबाजों का प्रारूप है… लेकिन इस टूर्नामेंट में समय-समय पर गेंदबाजों को बढ़त मिलती रही है। इस टी-20 विश्व कप पर गेंदबाजों का काफी नियंत्रण रहा है। हम बेहतर पिचें देखना पसंद करेंगे। अमेरिका की पिचें ‘जेट लेग’ की तरह थीं। पिचों को आस्ट्रेलिया से लाने के बाद परिस्थितियों से तालमेल बिठाने का समय नहीं मिला। इसलिए हमने कुछ कम स्कोर वाले मैच देखे।

अमेरिका में खेल को बढ़ावा देने की सराहना

वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान ने हालांकि अमेरिका में खेल को बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए आइसीसी की सराहना की। उन्होंने कहा, आइसीसी ने शानदार काम किया है। ट्राफी का अमेरिका दौरा और फिर वहां मैचों के आयोजन से खेल को बढ़ावा देना शानदार है। उन्होंने क्रिकेट को उस जगह पहुंचाया जहां फुटबाल, बास्केटबाल और बेसबाल काफी लोकप्रिय है। उन्होंने विपणन के दृष्टिकोण से बहुत अच्छा काम किया है।

 

CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed