हरियाणा : शपथ ग्रहण से पहले बड़ी हलचल, भाजपा में सीएम पद का पेंच सुलझाने पहुंच रहे हैं अमित शाह और मोहन यादव

नरेन्द्र सहारण, पंचकुला: हरियाणा (Haryana) में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। मुख्यमंत्री से लेकर कैबिनेट के चेहरे तय होना बाकी है। लेकिन इससे पहले सीएम पद पर फंसी पेंच को सुलझाने की कोशिश की जा रही है और इसके लिए पार्टी आलाकमान हरियाणा पहुंच रहे हैं।

आज हरियाणा के पंचकुला में विधायक दल की बैठक होने जा रही है, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होने वाले हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित कई नेता मीटिंग में शामिल होने वाले हैं, जिसमें सीएम पद के लिए चेहरा तय किया जाएगा। नायब सैनी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बडोली के साथ सीएलपी बैठक में पहुंच गए हैं।

सैनी ने कहा था- संसदीय बोर्ड तय करेगा CM

9 अक्टूबर को नायब सिंह सैनी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की थी। हालांकि, जब पीएम मोदी से मुलाकात और अगले सीएम को लेकर जब उनसे सवाल किया गया था तो नायब सिंह सैनी ने कहा था कि यह संसदीय बोर्ड तय करेगा।

सीएम के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचेंगे पीएम मोदी

हरियाणा के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी भी पहुंचेंगे। इसको लेकर पंचकुला में तैयारियां तेज हैं। राज्य पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 17 अक्टूबर को होने वाले इस कार्यक्रम के चलते आम लोगों के लिए दशहरा ग्रांउड के चारों तरफ रूट बंद रहेगा।

इसलिए आना पड़ा अमित शाह को

बीते मार्च में मनोहर लाल को हटाकर विधायक दल की बैठक में जब नायब सिंह सैनी का नाम रखा गया तो अनिल विज नाराज हो गए थे। वह बैठक से बाहर निकल गए थे। चुनाव से पहले अनिल विज मुख्यमंत्री की दावेदारी जता चुके हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत भी समय-समय पर दावेदारी जताते रहे हैं। लिहाजा इस तरह के विवादों से बचने के लिए शाह को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले 2022 में शाह यूपी में केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर भाजपा विधायक दल की बैठक में शामिल हुए थे और योगी के नाम पर मुहर लगाई गई थी।

नेता चुनने के बाद सरकार बनाने का दावा पेश होगा

विधायक दल की बैठक में नेता के नाम पर मुहर लगने के बाद राज्यपाल के पास सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। इसके साथ ही राज्यपाल को अगले दिन शपथ ग्रहण करने वाले मंत्रियों की सूची सौंपी जाएगी। उसके बाद राज्यपाल विधायक दल के नेता और मंत्रियों को शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित करेंगे। नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 17 अक्तूबर को पंचकूला के दशहरा ग्राउंड में होगा।

समारोह में पीएम समेत 37 लोग विशेष अतिथि होंगे

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने बताया, समारोह में पीएम मोदी समेत 37 विशेष अतिथि होंगे। इनमें केंद्रीय मंत्री, एनडीए घटक दल के राष्ट्रीय नेता, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री शामिल हैं। हम लोग सभी के संपर्क में हैं और सौ फीसदी हाजिरी पूरी होगी।

पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई

उन्होंने बताया 17 को करीब 11 बजे कार्यक्रम शुरू होगा और लगभग एक बजे तक समारोह संपन्न हो जाएगा। उधर, शपथ ग्रहण समारोह को सफल बनाने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े की अध्यक्षता में चंडीगढ़ के हरियाणा निवास पर बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएम नायब सिंह सैनी समेत प्रदेश के बड़े पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सभी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। किसी को बाहर से आ रहे मुख्यमंत्रियों के स्वागत की जिम्मेदारी सौंपी गई है तो किसी को केंद्रीय मंत्रियों को स्टेज पर लाने तक की ड्यूटियां लगाई गई हैं।

हरियाणा में भाजपा की हैट्रिक

हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा को 90 में से 48 सीटें मिली हैं, जबकि कांग्रेस को 37 सीट मिली है। भाजपा ने लगातार तीसरी बार राज्य में अपना कब्जा जमाया है। हरियाणा में भाजपा ने हैट्रिक लगा दी है। ये अपने आप में रिकॉर्ड है, क्योंकि हरियाणा में कभी भी कोई पार्टी लगातार तीसरी बार चुनाव नहीं जीती है। इतना ही नहीं, हरियाणा के इतिहास में भाजपा का ये अब तक की सबसे बेहतरीन परफॉर्मेंस भी हैं।

भाजपा ने 2014 और 2019 से भी बड़ी जीत हासिल की

भाजपा इससे पहले कभी भी इतनी ज्यादा सीटें नहीं जी सकी है। इस बार भाजपा ने 2014 और 2019 से भी बड़ी जीत हासिल करते हुए 48 सीटें जीत ली हैं। 2014 में भाजपा ने 47 और 2019 में 40 सीटें जीती थीं। वहीं, नतीजों से पहले तक कांग्रेस की वापसी का अनुमान लगाया जा रहा था. लेकिन कांग्रेस इस बार 37 सीटें ही जीत सकी। 2 सीटें इनेलो को मिली हैं। वहीं, तीन निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं. तीनों निर्दलीयों ने भाजपा को समर्थन दे दिया है।

यह भी पढ़ेंः कांग्रेस ने बुलाई हरियाणा विधायक दल की मीटिंग, विपक्ष का नेता चुना जाएगा, कई नाम हैं चर्चा में

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed