UP By Election: भाजपा ने 7 सीटों पर प्रत्याशियों का किया एलान, करहल से अखिलेश यादव के बहनोई को उतारा; देखें पूरी लिस्ट

up by election bjp list

लखनऊ, बीएनएम न्यूजः भाजपा ने यूपी विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार को पहली लिस्ट जारी कर दी। पार्टी ने 9 में से 7 सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए हैं। करहल से अनुजेश यादव को टिकट दिया है। अनुजेश सांसद धर्मेंद्र यादव के सगे बहनोई हैं और अखिलेश यादव के रिश्ते में बहनोई लगते हैं।

कटेहरी से धर्मराज निषाद, कुंदरकी से रामवीर सिंह ठाकुर, गाजियाबाद से संजीव शर्मा, खैर से सुरेंद्र दिलेर, फूलपुर से दीपक पटेल, ​​​​​​मझवां से सुचिस्मिता मौर्य को टिकट दिया है। भाजपा ने मुजफ्फरनगर की मीरापुर सीट से गठबंधन के तहत रालोद को दी है।

बताया जा रहा है कि कानपुर की सीसामऊ सीट से अभी प्रत्याशी तय नहीं हो पाया है। यहां सपा ने इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम सोलंकी को उतारा है।

7 प्रत्याशियों में 4 ओबीसी, 1 दलित और 2 सामान्य

भाजपा ने जिन 7 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की, उनमें 4 ओबीसी हैं। एक दलित और दो सामान्य वर्ग से हैं। अगड़ी जातियों में एक ब्राह्मण- संजीव शर्मा और एक ठाकुर- रामवीर सिंह को टिकट दिया। जबकि पिछड़ी जातियों में एक कुर्मी- दीपक पटेल, एक मौर्य- सुचिस्मिता मौर्य, एक निषाद- धर्मराज निषाद और एक यादव- अनुजेश यादव को उतारा है। SC वर्ग के लिए आरक्षित खैर सीट से वाल्मीकि समाज के सुरेंद्र दिलेर को टिकट दिया है।

करहल में भाजपा में मुकाबला कड़ा कर दिया

मैनपुरी की जिस करहल सीट से सपा मुखिया अखिलेश यादव ने इस्तीफा दिया था, उस सीट पर भाजपा ने उनके ही जीजा अनुजेश यादव को उतार दिया है। अनुजेश को उतारकर भाजपा ने इस सीट पर मुलायम परिवार के बीच मुकाबला कर दिया है क्योंकि अखिलेश यादव ने इस सीट पर अपने भतीजे और मैनपुरी के पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव को टिकट दिया है।

मुलायम परिवार के दामाद हैं अनुजेश यादव

अनुजेश यादव मुलायम परिवार के दामाद हैं। वह मुलायम सिंह यादव के भाई अभयराम यादव की बेटी संध्या यादव के पति हैं। संध्या यादव, आजमगढ़ से सांसद धर्मेद्र यादव की सगी बहन हैं। संध्या यादव मुलायम परिवार की पहली बेटी हैं, जिन्होंने राजनीति में कदम रखा था। इतना ही नहीं वो मैनपुरी की जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। संध्या और अनुजेश को समाजवादी पार्टी से निकाल दिया गया था, जिसके बाद दोनों ने भाजपा ज्वाइन कर ली थी।

घिरोर से विधायक रह चुकी हैं अनुजेश की मां उर्मिला

अनुजेश यादव का परिवार शुरू से ही राजनीति में है और समाजवादी पार्टी से जुड़ा हुआ है। उनकी मां उर्मिला यादव मैनपुरी की घिरोर विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी की टिकट पर विधायक रह चुकी हैं।

लोकसभा चुनाव के दौरान ऐसी चर्चाएं थीं कि भाजपा मुलायम परिवार के ही किसी सदस्य को डिंपल यादव के सामने उतार सकती है। इनमें दो नाम आगे चल रहे थे। पहला नाम था अपर्णा यादव का, जोकि मुलायम परिवार की बहू हैं। वो मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं।

जबकि दूसरा नाम था अनुजेश यादव का। अनुजेश ने मैनपुरी में हुए उपचुनाव में भी समाजवादी पार्टी के खिलाफ प्रचार किया था। हालांकि बाद में डिंपल के सामने यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह को उतारा गया था, लेकिन इस सीट पर भाजपा जीत हासिल नहीं कर पाई थी।

यह भी पढ़ें- Priyanka Gandhi Net Worth: सोना, चांदी, नकदी, जमीन और क्या क्या… करोड़ों की दौलत की मालकिन हैं प्रियंका गांधी

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed