Vladimir Putin: पुतिन ने भारत को बताया ‘ग्रेट पावर’, रूसी राष्ट्रपति ने की भारतीय अर्थव्यवस्था की जमकर तारीफ

Vladimir Putin

मास्को, एजेंसी: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक बार फिर भारत की जमकर तारीफ की है और कहा कि भारत और रूस में सहयोग लगातार बढ़ रहा है। पुतिन ने भारत को ग्रेट पावर यानी  महान देश बताया औऱ कहा कि भारत की आर्थिक तरक्की और इसकी विशालता को ध्यान में रखते हुए इसे वैश्विक महाशक्तियों की सूची में शामिल किया जाना चाहिए। पुतिन ने रूस के सोची शहर में वालदाई डिस्कशन क्लब नामक कार्यक्रम में अपने संबोधन के दौरान ये बातें कही।

‘भारत-रूस के संबंध लगातार विकसित हो रहे’

पुतिन ने अपने संबोधन में कहा कि ‘हम भारत के साथ अपने रिश्तों को विभिन्न क्षेत्रों में विकसित कर रहे हैं। भारत एक महान देश हैं। यह आर्थिक विकास के मामले में बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच भी प्रमुख है। इसकी जीडीपी 7.4 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है। रूस और भारत के बीच सहयोग हर साल बढ़ रहा है।’

पुतिन ने सोवियत संघ के समय से भारत के साथ रूस के रिश्तों पर बात की और दोनों देशों के रिश्तों को बेहद खास बताया। पुतिन ने कहा कि सोवियत संघ ने भारत की आजादी में भी भूमिका निभाई थी।

पुतिन ने कहा कि ‘भारत को वैश्विक महाशक्तियों की सूची में शामिल किया जाना चाहिए। यह डेढ़ अरब लोगों का देश है औऱ दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। इसकी संस्कृति बेहद प्राचीन है और इसमें भविष्य में विकास की अपार संभावनाएं हैं।’

रक्षा क्षेत्र में भी कर रहे सहयोग

रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और रूस रक्षा क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेनाओं के पास कई रूसी हथियार हैं। इससे दोनों देशों के बीच के भरोसे का पता चलता है। हम सिर्फ अपने हथियार भारत को बेचते ही नहीं हैं बल्कि हम साथ मिलकर उन्हें डिजाइन भी करते हैं।

गौरतलब है कि भारत और रूस ने मिलकर ही ब्रह्मोस मिसाइल विकसित की है। ब्रह्मोस को भारत की ब्रह्मपुत्र और रूस की मोस्कवा नदी के नाम को जोड़कर ब्रह्मोस नाम दिया गया है। इस मिसाइल को भारत के डीआरडीओ और रूस के एनपीओ ने साथ मिलकर बनाया है।

यह भी पढ़ेंः जीत के बाद डोनाल्‍ड ट्रंप के पहले संबोधन में बोले, हम युद्ध बंद कराने को प्रतिबद्ध, पीएम मोदी ने दी बधाई

You may have missed