Ind vs Eng: पहले वनडे में भारत ने इंग्लैंड को चार विकेट से हराया, श्रेयस, शुभमन और अक्षर की शानदार पारी

Shubman Gill Shreyas Iyer and Axar Patel

नई दिल्ली, बीएनएम न्‍यूज : Ind vs Eng: बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और आस्ट्रेलिया के विरुद्ध टेस्ट सीरीज के बाद रणजी ट्राफी और अब वनडे में भी भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का फ्लाप शो जारी रहा। नागपुर में इंग्लैंड के विरुद्ध पहले वनडे मुकाबले में गुरवार को रोहित शर्मा जब मैदान पर उतरे तो सभी प्रशंसकों को उनसे बड़ी पारी की आस थी, लेकिन प्रशंसकों को निराशा लगी। लगातार एक की तरह से पर आउट हो रहे रोहित यहां केवल सात गेंद खेल पाए और केवल दो रन के निजी स्कोर पर आउट होकर पवेलियन लौट गए, लेकिन इंग्लैंड के विरुद्ध भारत की जीत का क्रम जारी रहा।

पहले युवाओं के दम पर भारत ने टी-20 में इंग्लिश टीम को 4-1 से हराया और गुरुवार को उपकप्तान शुभमन गिल (87), श्रेयस अय्यर (59) और अक्षर पटेल (52) की पारियों के दम पर भारत ने इंग्लैंड को छह विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। इंग्लैंड ने भारत के सामने 249 रन का लक्ष्य रखा था, जिसे भारतीय टीम ने 38.3 ओवर में छह विकेट खोकर प्राप्त कर लिया।

Image

कब चलेगा कप्तान का बल्ला

 

मैदान पर अपनी बल्लेबाजी के कारण हिटमैन के नाम मशहूर रोहित शर्मा के बल्ले से बड़ी पारी देखे हुए जैसे जमाना बीत गया। पिछली 16 टेस्ट पारियों में रोहित के बल्ले से 6, 5, 23, 8, 2, 52, 0, 8, 18, 11, 3, 6, 0, 10, 3 और 9 रन ही निकले हैं। टेस्ट में उनके बल्ले से शतकीय पारी पिछले साल इंग्लैंड के विरुद्ध पांचवें टेस्ट में आई थी, तब उन्होंने 103 रन बनाए थे। आस्ट्रेलिया में खराब प्रदर्शन के बाद रोहित ने फार्म सुधारने के लिए 10 साल बाद रणजी ट्राफी में वापसी की, लेकिन यहां भी उनका बल्ला केवल 3 और 28 रन ही बना पाया। भारतीय कप्तान की खराब फार्म टीम के लिए चिंता का सबब बनी हुई है। चैंपियंस ट्राफी से पहले अब केवल दो मैच ही बचे हैं और ऐसे ही रोहित का बल्ला चुप रहा तो टीम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

श्रेयस-गिल ने बल्लेबाजी में फूंकी जान

 

विराट कोहली की अनुपस्थिति और रोहित के जल्द आउट होने के बाद क्रीज पर श्रेयस अय्यर ने राष्ट्रीय टीम में जबरदस्त वापसी करते हुए केवल 30 गेंदों मे अर्धशतक जड़ डाला, जो वनडे में इस बल्लेबाज का दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। अय्यर जब बल्लेबाजी करने उतरे तो भारत का स्कोर 19 रन पर दो विकेट था। शुरुआती झटकों के बाद उनके सहज स्ट्रोकप्ले ने मैच को भारत के पक्ष में कर दिया। श्रेयस ने शुरुआत से आक्रामक खेल दिखाया और 36 गेंदों पर 59 रनों की अपनी पारी में नौ चौके और एक छक्का लगाया। उनका सबसे तेज वनडे अर्धशतक 2019 में विशाखापत्तनम में वेस्टइंडीज के विरुद्ध 28 गेंदों पर बनाया गया था। श्रेयस के साथ गिल ने भी भारतीय पारी को स्थिरता दी और तीसरे विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी की। गिल ने 96 गेंदों की अपनी पारी में 14 चौके जड़े, लेकिन यहां शतक से चूक गए। इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा अक्षर पटेल ने भी शानदार बल्लेबाजी की। अक्षर ने गिल के साथ चौथे विकेट के लिए 108 रन जोड़े और 47 गेंद में छह चौके और एक छक्का जड़ा।

Image

टेस्ट और टी-20 के बाद वनडे में भी चमके हर्षित

 

टेस्ट और टी-20 में अपने पदार्पण मैच में प्रभावित करने वाले तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने नागपुर में अपने पहले ही वनडे मुकाबले में चमक बिखेरी। वह टेस्ट, टी-20 और वनडे के पदार्पण मैच में तीन विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। बार्डर गावस्कर ट्राफी में हर्षित ने पर्थ टेस्ट में पदार्पण किया था और उस मैच में तीन विकेट चटकाए थे और उसके बाद उन्हें पुणे में शिवम दुबे के चोटिल होने के बाद कन्कशन सब्सिट्यूट के रूप में उतारा गया और दिल्ली के इस गेंदबाज को टी-20 में पदार्पण का मौका मिला। उस मुकाबले में भी उन्होंने तीन विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि उनके कन्कशन सब्सिट्यूट को लेकर काफी विवाद मचा था। नागपुर वनडे में हर्षित ने बेन डकेट, हैरी ब्रूक और लियान लिविंगस्टन का विकेट लेकर इंग्लिश टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोकने में अहम भूमिका निभाई।

कपिल-कुंबले के क्लब में जडेजा

 

आदिल रशीद का विकेट लेने के साथ ही सदाबहार स्पिनर रवींद्र जडेजा ने तीनों प्रारूपों में 600 विकेट लिए और वह ऐसा करने वाली पांचवें भारतीय गेंदबाज बने। जडेजा भारतीय गेंदबाजों के एलीट क्लब का हिस्सा हैं, जिन्होंने 600 विकेट का आंकड़ा पार कर लिया है। उनसे पहले अनिल कुंबले (953), रविचंद्रन अश्विन (765), हरभजन सिंह (707) और कपिल देव (687) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 600 विकेट ले चुके हैं। 2009 में पदार्पण करने के बाद से जडेजा तीनों प्रारूपों में भारत के पसंदीदा खिलाड़ी रहे हैं। गेंदबाज, बल्लेबाज और क्षेत्ररक्षक के रूप में उनकी बहुमुखी प्रतिभा ने उन्हें पिछले कुछ वर्षों में एक सच्चा मैच विजेता बना दिया है।

– 4 बार जो रूट को जडेजा ने वनडे में शिकार बनाया है। जडेजा से ज्यादा केवल ट्रेंट बोल्ट ने रूट को वनडे में आउट किया है

इंग्लैंड के विरुद्ध वनडे में सर्वाधिक विकेट

41, रवींद्र जडेजा
36, हरभजन सिंह
35, जवागल श्रीनाथ
35, रविचंद्रन अश्विन

पदार्पण पर हर्षित का प्रदर्शन

 

प्रारूप, गेंदबाजी, बनाम, स्थान

टेस्ट, 3/48, आस्ट्रेलिया, पर्थ
टी-20, 3/33, इंग्लैंड, पुणे
वनडे, 3/53, इंग्लैंड, नागपुर

 

JOIN WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed