कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला बोले- हरियाणा में वित्तीय आपातकाल, 60 हजार करोड़ सरकार दे रही मूल ब्याज

नरेन्‍द्र सहारण, कैथल: Randeep Singh Surjewala: कांग्रेस के महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बजट शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री नायब सैनी व भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उन्होंने कहा कि क्या मुख्यमंत्री नायब सैनी और भाजपा सरकार के पास कोई सोच, दृष्टि, रास्ता या हल है, या फिर सिर्फ मसखरी में वित्तीय आपातकाल जैसी इस गंभीर समस्या को उड़ा दिया जाएगा? सुरजेवाला ने वित्तीय समस्या का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार से सवाल पूछते हुए कहा कि भाजपा की नीति है कर्ज लो और घी पियो। इससे पहले हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी कह चुके हैं कि हरियाणा की कांग्रेस ट्वीट पर चल रही है।

60 हजार करोड़ सरकार दे रही मूल-ब्याज

 

हरियाणा प्रदेश का सालाना बजट 1,89,876 करोड़ का है। हरियाणा पर इस समय 3,17,982 करोड़ का कर्ज। हर साल मूल और ब्याज के 60,000 करोड़ देना पड़ रहा है। यानि बजट का 1/3 हिस्सा तो मूल और ब्याज में जाना है।

इस साल कितने हज़ार करोड़ कर्ज और लेंगे, क्योंकि पिछले बजटों को देखें तो हर साल होने वाले कामों का 35% तो कर्ज उठा कर किया जाता है।

हरियाणा 14वें स्थान पर पहुंचा

 

सुरजेवाला बोले, इसलिए खुद मोदी सरकार के “नीति आयोग” ने “फिस्कल हेल्थ इंडेक्स 2025 जारी कर वित्तीय प्रबंधन व आर्थिक कुशलता में 18 राज्यों में हरियाणा की नायब सैनी सरकार को 14वें नंबर पर फिसड्डी माना है। हरियाणा अब बिहार और यूपी से भी पीछे है। किसी भी राज्य में तरक्की के काम “पूंजीगत खर्च”, यानी “कैपिटल एक्सपेंडिचर” से ही किए जा सकते हैं।

 सैनी चुटकुले सुनाकर सरकार चला रहे

 

मोदी सरकार के नीति आयोग ने दो बातें और बताई है। पहली, हरियाणा में “कैपिटल एक्सपेंडिचर” जीएसडीपी (GSDP) का मात्र 1.4% है। दूसरी, हरियाणा सरकार बजट में तो दावा करती है कि वो बजट का 30% “कैपिटल एक्सपेंडिचर” पर खर्च करेगी पर असलियत में ये केवल 9% है, तो कहां से तरक्की होगी और कौन तरक्की करेगा, बस चुटकुले सुनाकर ही मुख्यमंत्री नायब सैनी सरकार चला रहे हैं।

हरियाणा में 2 करोड़ लोग गरीबी रेखा से नीचे

 

कांग्रेस सांसद ने कहा कि इसीलिए तो हरियाणवियों की आय बढ़ाने, रोजगार देने, फैक्ट्री व उद्योग लगाने की बजाय हरियाणा के 2.80 करोड़ लोगों में से 2 करोड़ लोग गरीबी रेखा से नीचे हैं और बीपीएल की श्रेणी में हैं। भाजपा का नारा है – न रोजगार, न काम, न तरक्की, न उद्योग-धंधों का लो नाम, बस 5 किलो अनाज लो और विकास को “विश्राम”।

सुरजेवाला ने कहा कि ये कुछ पहलू हैं, जल्द और चुनौतियों और सवालों के साथ लौटेंगे। हरियाणा और हरियाणवियों के हित में नायब सैनी सरकार और भाजपा की जवाबदेही मांगते रहेंगे।

 

 

JOIN WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed