तमिलनाडु रिजल्ट में विजय बन रहे ‘सुपरहीरो’, भाजपा के साथ मिलकर टीवीके बनाएगी सरकार?

vijay and modi

चेन्नई,  BNM News। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए मतों की गिनती जारी है। शुरुआरी रुझानों ने एमके स्टालिन को चौंका दिया है। सत्तारूढ़ डीएमके यहां पिछड़ती दिख रही है। 79 सीटों पर बढ़त के साथ एक्टर विजय की पार्टी टीवीके (तमिलगा वेट्री कझगम) सबसे आगे चल रही है। डीएमके गठबंधन 51 और एआईएडीएमके 53 सीटों पर आगे चल रही है। रुझान की ही तरह अगर नतीजे भी होते हैं तो यहां त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बनती दिख रही है। किसी भी पार्टी को सरकार बनाने के लिए 234 में से 117-118 विधायकों का समर्थन चाहिए।

रुझानों पर गौर करें तो एक्टर विजय अब तमिलनाडु में किंग मेकर बनकर उभर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके सहज रिश्ते हैं। इसकी वजह से कयासों का बाजार गर्म हो गया है कि वह एआईडीएमके की अगुवाई वाले एनडीए गठबंधन के साथ मिलकर सरकार बना सकते हैं। इसमें भाजपा भी शामिल है।

आपको बता दें कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले सोशल मीडिया पर एक पुरानी तस्वीर ने राज्य के सियासी तापमान को अचानक बढ़ा दिया। इस तस्वीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिग्गज अभिनेता से नेता बने विजय (Thalapathy Vijay) एक साथ नजर आ रहे हैं। हालांकि यह तस्वीर पुरानी है लेकिन इसकी टाइमिंग को लेकर राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर शुरू हो गया है।वायरल हो रही इस फोटो में विजय प्रधानमंत्री मोदी के साथ बेहद सौहार्दपूर्ण मुद्रा में दिख रहे हैं। जैसे ही यह तस्वीर दोबारा इंटरनेट पर साझा की गई, प्रशंसकों और राजनीतिक विश्लेषकों ने इसे भविष्य के संभावित गठबंधन के संकेत के रूप में देखना शुरू कर दिया।

क्या भाजपा और टीवीके के बीच होगा गठबंधन?

तमिलनाडु में इस बार का चुनाव परिणाम बेहद निर्णायक माना जा रहा है। ऐसे में इस तस्वीर ने इन चर्चाओं को हवा दे दी है कि क्या भारतीय जनता पार्टी (BJP) चुनाव के बाद विजय की पार्टी TVK के साथ हाथ मिला सकती है। हालांकि अभी तक न तो भाजपा और न ही TVK की ओर से किसी भी प्रकार के गठबंधन की आधिकारिक पुष्टि या संकेत दिया गया है, लेकिन राज्य के चुनावी माहौल में यह चर्चा का केंद्र बनी हुई है।

तमिलनाडु की राजनीति में नए गेम चेंजर बने विजय

विजय का राजनीति में प्रवेश हाल के वर्षों में तमिलनाडु के सबसे महत्वपूर्ण घटनाक्रमों में से एक रहा है। द्रविड़ राजनीति के प्रभुत्व वाले इस राज्य में विजय की जबरदस्त लोकप्रियता और उनकी पार्टी TVK एक नई शक्ति के रूप में देखा जा रहा है। ऐसे में प्रधानमंत्री के साथ उनकी तस्वीर का सामने आना उनकी राजनीतिक रणनीति और भविष्य के समीकरणों को लेकर रहस्य गहरा देता है।

You may have missed