सीरियल ‘उड़ान’ में IPS का रोल निभाने वाली अभिनेत्री कविता चौधरी का निधन, जानें उनके बारे में सबकुछ

कविता चौधरी।
अमृतसर, BNM News : वर्ष 1989-91 के बीच दूरदर्शन पर प्रसारित लोकप्रिय धारावाहिक ‘उड़ान’ में महिला आइपीएस अधिकारी की यादगार भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री कविता चौधरी का वीरवार को गुमनामी में हृदयाघात से निधन हो गया। वह 67 वर्ष की थीं और कैंसर से जंग लड़ रही थीं। तीन दिन पहले तबीयत अधिक खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को श्री दुर्ग्याणा तीर्थ की शिवपुरी में किया गया।
कोविड-19 के दौरान अमृतसर में भांजे के पास आकर रह रहीं थीं
कविता का जन्म रुड़की (उत्तराखंड) में हुआ था। माता-पिता अमृतसर के हाल गेट में रहते थे। यहीं पर उनका पालन पोषण हुआ। प्राथमिक शिक्षा शहर के क्वींस रोड स्थित एलेग्जेंड्रा स्कूल और उच्च शिक्षा स्वरूप रानी सरकारी महाविद्यालय में हुई थी। वर्ष 1980 में मुंबई शिफ्ट हो गईं और फिल्मों व धारावाहिकों की दुनिया से जुड़ गईं। कविता चौधरी कोविड-19 महामारी फैलने के दौरान अमृतसर में अपने भांजे के पास जीटी स्थित इंपैक्ट एनक्लेव (गार्डन एन्क्लेव) में आकर रहने लगी थीं। वह कैंसर से पीड़ित थीं और उनका अमृतसर में ही इलाज चल रहा था। भांजे अजय स्याल ने बताया कि कविता पिछले कुछ वर्षों से उनके पास ही रही थीं। तीन दिन पहले ही उनकी तबीयत खराब थीं। उन्हें पार्वती देवी अस्पताल में दाखिल करवाया गया, जहां गुरुवार रात को उनका निधन हो गया। कविता चौधरी के पार्थिव शरीर को उनके भाई कपिल चौधरी और सहायक अजय कुमार ने मुखाग्नि दी।
पहली महिला डीजीपी थीं बड़ी बहन कंचन
अभिनेत्री कविता चौधरी पूर्व डीजीपी स्व. कंचन चौधरी भट्टाचार्य की छोटी बहन थीं। कंचन चौधरी भट्टाचार्य को देश की पहली महिला डीजीपी होने का सम्मान प्राप्त था। कविता ने टीवी सीरियल उड़ान सहित यस योर आनर, टेलीफिल्म बिजूका आदि का निर्देशन किया था। उन्होंने निर्देशन के साथ-साथ निर्माता, लेखिका और अभिनेत्री के तौर पर अपनी पहचान बनाई।
बहन की जीवनी पर खुद लिखा था सीरियल ‘उड़ान’
कविता चौधरी को महिला सशक्तीकरण पर आधारित धारावाहिक ‘उड़ान’ में आइपीएस अधिकारी कल्याणी सिंह की भूमिका के लिए खूब पसंद किया गया था। यह धारावाहिक 1989 से 1991 के बीच दूरदर्शन पर आया था। कविता ने ना सिर्फ इसमें अभिनय किया था, बल्कि उन्होंने ही इसकी कहानी लिखने के साथ निर्देशन भी किया था। यह धारावाहिक उनकी बड़ी बहन व पुलिस अधिकारी कंचन चौधरी भट्टाचार्य के जीवन पर आधारित था। धारावाहिक उड़ान में उनके साथ शेखर कपूर भी थे। कोविड-19 की महामारी में धारावाहिक उड़ान को दोबारा दूरदर्शन पर प्रसारित किया गया था।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन