अभिनेत्री मल्लिका राजपूत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कंगना रनौत की ‘रिवाल्वर रानी’ से मिली थी शोहरत

Mallika Rajput

सुल्तानपुर, BNM News: चर्चित अभिनेत्री और लेखिका विजय लक्ष्मी उर्फ मल्लिका राजपूत की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई है। मंगलवार सुबह सुल्तानपुर के सीताकुंड स्थित आवास पर उनका शव फंदे से लटका पाया गया। उन्होंने चार-पांच वर्ष पूर्व मुंबई में ही प्रदीप शिंदे जनार्दन से शादी कर ली थी। प्रथम दृष्टया वैवाहिक जीवन में खटास का मामला सामने आ रहा है। पिछले कुछ समय से अवसादग्रस्त थीं। पुलिस इस मामले को आत्महत्या मानकर चल रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कई क्षेत्रों में आजमाया हाथ

कोतवाली नगर के सीताकुंड निवासी बब्बन सिंह की पुत्री अभिनेत्री, गायिका व लेखिका मल्लिका राजपूत (40) ने रिवाल्वर रानी फिल्म में कंगना रनौत के साथ सह अभिनेत्री का किरदार निभाकर और गायक शान के म्यूजिक एल्बम यारा तुझे… से शोहरत हासिल की थी। उन्होंने गीत और गजल लेखन में भी हाथ आजमाया। उनकी गजलों पर अनूप जलोटा, हंसराज हंस और शान ने गायन किया। इसके अलावा उन्होंने कई वेब सीरीज, सीरियल और एल्बम आदि में भी काम किया था। इंदौर के अध्यात्मिक गुरु भैयू जी महाराज पर आरोप लगाकर वे चर्चा में आई थीं। इसी घटना के कुछ समय बाद भैयू जी महाराज ने आत्महत्या कर ली थी।

भाजपा और कांग्रेस से जुड़कर किया कार्य
भाजपा के यूथ विंग ने जुड़ी रहीं मल्लिका ने वर्ष 2018 में पार्टी पर दुष्कर्मियों का समर्थन करने का आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़ दी थी। फिर कांग्रेस से जुड़ कर काम किया। सुल्तानपुर में माध्यम शीर्षक नाम से आयोजित कार्यक्रम संगीत संध्या में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संघर्षों पर आधारित पुस्तक नमो शासक पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम की घोषणा कर भी वह चर्चा में आई थी। फिल्मी दुनिया में कैरियर कमजोर होने पर वे अध्यात्म की तरफ मुड़ीं और कपाली महाराज से गृहस्थ संन्यास की दीक्षा भी ली थी। उसके फेसबुक वाल पर फिल्मी कलाकारों के साथ राजनीतिक हस्तियों के साफ फोटो भी चस्पा है। सोमवार सुबह उनका शव मिलने पर शहर में सनसनी फैल गई।

अवसाद में रहती थीं मल्लिका
बताया जा रहा है कि परिजनों से रात में उनका विवाद हुआ था, जिसे सुलझाने के लिए पुलिस भी आई थी। इसके बाद रात में क्या हुआ और मल्लिका फंदे तक कैसे पहुंचीं? ऐसा लगता है कि विभिन्न क्षेत्रों में अपना भाग्य अजमाने के बाद बेहतर परिणाम न मिल पाने से अवसाद में रहती थी। इसी कारण घर में कलह होती रहती थी। वह ध्रूमपान भी ज्यादा करती थीं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्रीराम पांडेय ने बताया कि वे गहरे नशे में थीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सही स्थिति सामने आएगी। उसके निधन पर सोशल मीडिया के अकाउंट पर उसके फालोअर्स ने शोक जताया है।

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed