Delhi Water Crisis: दिल्ली में जलसंकट पर घमासान, अरविंद केजरीवाल से भिड़े हरियाणा के सीएम नायब सैनी के मंत्री

अरविंद केजरीवाल और नायब सिंह सैनी।

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। Delhi Water Crisis: देश की राजधानी दिल्ली में जल संकट पर राजनीति गर्मा गई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक्स हेंडल पर हरियाणा सरकार पर कम पानी देने का आरोप लगाया है। इसके जवाब में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की ओर से मोर्चा संभालते हुए कृषि मंत्री कंवरपाल गुर्जर, सिंचाई मंत्री अभय यादव, पंचायत राज्यमंत्री महिपाल ढांडा, परिवहन मंत्री असीम गोयल और भाजपा के मुख्य प्रवक्ता जवाहर यादव ने आंकड़ों के साथ केजरी सरकार को आईना दिखाया है। वहीं, आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रधान और कुरुक्षेत्र से इंडी गठबंधन के प्रत्याशी डा. सुशील गुप्ता ने पेयजल की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में पानी की सप्लाई का सिस्टम सही नहीं है, जिसे दिल्ली से सीखना चाहिए, जहां टैंकरों से पानी की व्यवस्था हो रही है।

दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने लगाया आरोप

दिल्ली की जल मंत्री आतिशी का आरोप है कि इस साल मई से ही हरियाणा ने यमुना में दिल्ली के हिस्से का पानी रोक दिया। इसके कारण जलस्तर घट गया है। इसके साथ ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा कि दिल्ली को हरियाणा की तरफ से कम पानी दिया जा रहा है। दिल्ली में पानी की कमी को लेकर केजरीवाल ने भाजपा से भी अपील कि है कि यह राजनीति का नहीं, बल्कि मिलकर काम करने का समय है। भाजपा हरियाणा और यूपी सरकार से बात कर दिल्ली को पानी दिलाए।

दिल्ली में पानी की व्यवस्था सुधारने की नसीहत

इस पर पलटवार करते हुए हरियाणा के कृषि मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने केजरीवाल को दिल्ली में पानी की व्यवस्था सुधारने की नसीहत दे डाली। उन्होंने कहा कि हरियाणा पहले ही 350 क्यूसेक पानी ज्यादा दे रहा है। दिल्ली सरकार पानी किल्लत को लेकर ड्रामेबाजी कर रही है।

चुनाव के समय मुद्दों का राजनीतिकरण

सिंचाई राज्यमंत्री अभय यादव ने कहा कि दिल्ली का अधिकार 719 क्यूसेक पानी का है, जबकि हरियाणा उसे 1049 क्यूसेक पानी दे रहा है। दिल्ली सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में जो याचिका दायर की है, उसका हरियाणा तथ्यों के साथ जवाब देगा। अभय यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव के समय मुद्दों का राजनीतिकरण किया जाता है। जिस तरह हरियाणा अपने संसाधनों से पानी का प्रबंधन करता है, उसी तरह दिल्ली भी अपना प्रबंधन ठीक करे।

दिल्ली का पानी कहां जा रहा है

पंचायत राज्यमंत्री महिपाल ढांडा ने दावा किया कि दिल्ली का पानी माफिया जनता तक पानी पहुंचने नहीं दे रहा है। दिल्ली में तस्करों को पता है कि सबसे ज्यादा कमाई पानी से होती है। इसलिए दिल्ली को हरियाणा पर आरोप लगाने की बजाय यह पता लगाना चाहिए कि दिल्ली का पानी कहां जा रहा है। कौन पानी चोर हैं, जो पानी की तस्करी करते हैं।

पंजाब से एसवाईएल का पानी दिलवाएं केजरीवाल

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता जवाहर यादव ने कहा कि दिल्ली सरकार पर नरवाना ब्रांच के रखरखाव के 204 करोड़ रुपये हरियाणा के अब भी बकाया है जो उसने अभी तक नहीं दिए हैं। केजरीवाल अगर हरियाणा से पानी मांगते हैं, तो राजीव लोंगोवाल समझौते के तहत हरियाणा को पंजाब से पानी भी दिलवाएं। एसवाईएल के पानी पर दक्षिणी हरियाणा के महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और भिवानी का हक है। केजरीवाल पंजाब सरकार से हक दिलाएं। जवाहर यादव ने कहा कि केजरीवाल को आंकड़ों के हिसाब से स्थित साफ करनी चाहिए कि पहले दिल्ली को कितना पानी मिलता था, अब दिल्ली को कितना पानी मिलता है।

केवल नेगेटिव नेरेटिव सेट करते हैं केजरीवाल : असीम गोयल

परिवहन मंत्री असीम गोयल ने कहा कि दिल्ली सरकार कोर्ट में कुछ दलील देती है और जनता के सामने कुछ बोलती है। केजरीवाल केवल नेगेटिव नेरेटिव सेट करते हैं। पानी निगरानी के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। पानी की निगरानी के लिए दिल्ली और हरियाणा के अधिकारियों की संयुक्त कमेटी है, जो हर घंटे पानी का डाटा एकत्रित करती है। दिल्ली के अधिकारी पानी संकट पर भी नहीं बोले रहे हैं।

CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

यह भी पढ़ें: Delhi Water Crisis: दिल्ली में पानी के लिए हाहाकार, हरियाणा से पानी दिलाने की मांग लेकर राज्य सरकार पहुंची सुप्रीम कोर्ट

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed