यूपी के पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक आशुतोष टंडन का निधन

लखनऊ, BNM News: भाजपा के दिग्गज नेता, पूर्व मंत्री और लखनऊ पूर्वी विधानसभा सीट से विधायक 63 वर्षीय आशुतोष टंडन ‘गोपाल जी का गुरुवार को मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वह पिछले कई दिनों से भर्ती थे और घर वापसी के बाद उन्हें फिर से भर्ती कराना पड़ा था। वह मेटास्टैटिक कैंसर से पीडि़त थे। मेंदाता के चिकित्सकों के मुताबिक इस कारण उनका मल्टी आर्गन फेल हो रहा था। महत्वपूर्ण अंगों के काम न करने से उन्हें बीस दिनों से वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। गुरुवार सुबह साढ़े दस बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार गुरुवार शाम चार बजे को गुलाला घाट पर होगा। उनके निधन से शहर में शोक की लहर छा गई। चौक में हर कोई उनके निधन से दुखी दिखा।
पूर्व मंत्री और अटल बिहारी वाजपेयी के खास रहे दिवंगत लालजी टंडन के तीन पुत्रों में गोपाल सबसे बड़े थे। मध्य प्रदेश और बिहार के राज्यपाल रह चुके लालजी टंडन से राजनीति के गुर सीखने वाले गोपाल टंडन जनता के बीच भी लोकप्रिय बन गए थे। पिता की राजनीतिक विरासत को उन्होंने संभाला था। वर्ष 2014 के चुनाव में कलराज मिश्र के देवरिया से सांसद चुने जाने के बाद पूर्वी विधानसभा सीट के उप चुनाव में गोपाल टंडन को भाजपा ने मैदान में उतारा था और उन्हें जीत हासिल की थी। इससे पहले वह उत्तर विधानसभा सीट से सपा से चुनाव हार गए थे। उप चुनाव जीतने के बाद से गोपाल टंडन का राजनीतिक कैरियर आगे बढऩे लगा था और चिकित्सा शिक्षा से लेकर नगर विकास विभाग का जिम्मा उन्हें दिया गया था। पूर्वी विधानसभा सीट से 2017 और 2022 का भी चुनाव उन्होंने जीता था लेकिन दूसरी बार बनी योगी सरकार में उन्हें मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल पाई थी लेकिन वह लोगों के बीच लोकप्रिय बने रहे। दारुलशफा के त्रिलोकनाथ रोड पर सरकारी बंगले पर वह उसी तरह से जनता से मिलते थे, जिस तरह से उनके पिता लालजी टंडन करते थे।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed