Haryana Assembly Election 2024: विधानसभा के रण में ताल ठोंकते नजर आएंगे हरियाणा भाजपा के अधिकतर दिग्गज

manohar lal nayab singh saini

नरेन्द्र  सहारण, चंडीगढ़: शीर्ष नेतृत्व ने हरी झंडी दी तो हरियाणा भाजपा के अधिकतर दिग्गज विधानसभा के चुनाव ताल ठोंकते नजर आएंगे। प्रदेश चुनाव समिति की दो दिन चली बैठक में यह आम सहमति बनी कि राज्य में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने तथा कांग्रेस को सत्ता में आने से रोकने के लिए पार्टी के प्रमुख नेताओं का विधानसभा चुनाव लड़ना जरूरी है।

मध्यप्रदेश और राजस्थान में विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ऐसा सफल प्रयोग कर चुकी है। प्रदेश चुनाव समिति ने तीनों केंद्रीय मंत्रियों-मनोहर लाल, कृष्णपाल गुर्जर और राव इंद्रजीत के साथ सभी सांसदों, राज्यसभा सदस्यों तथा पूर्व सांसदों के भी विधानसभा चुनाव लड़ने पर सहमति जताई है।

केंद्रीय मंत्रियों, राज्यसभा सदस्यों, सांसदों और पूर्व सांसदों के लिए हालांकि अभी सीटें तय नहीं की गई हैं, लेकिन हाईकमान से मंजूरी के पश्चात वे अपनी-अपनी सीटों का फैसला स्वयं कर सकते हैं। प्रदेश चुनाव समिति ने विधानसभा सीटें चुनने का फैसला इन प्रमुख नेताओं पर ही छोड़ दिया है।

लोकसभा चुनाव हारे डा. अरविंद शर्मा, मोहन लाल बडोली, डा. अशोक तंवर और सुनीता दुग्गल को भी विधानसभा चुनाव लड़ाने की संस्तुति प्रदेश चुनाव समिति ने की है। अंबाला लोकसभा सीट से चुनाव हारी बंतो कटारिया ने विधानसभा चुनाव लड़ने से इन्कार किया है, लेकिन वे चुनाव लड़ेंगी या नहीं, इसका अंतिम फैसला भाजपा हाईकमान करेगा।

हरियाणा के पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, ओमप्रकाश धनखड़, कैप्टन अभिमन्यु, राव नरबीर, विपुल गोयल, कृष्ण कुमार बेदी, कविता जैन और मनीष ग्रोवर के भी विधानसभा चुनाव लड़ने की सिफारिश की गई है। पार्टी के ये सभी दिग्गज साल 2019 के विधानसभा चुनाव में हार गए थे। उन्हें चुनाव समिति ने उनकी परंपरागत विधानसभा सीटों से ताल ठोंकने का विकल्प दिया है।

यदि कोई नेता अपनी विधानसभा सीट बदलना चाहता है तो उसे केंद्रीय नेतृत्व से कारण बताकर अनुमति प्राप्त करनी होगी। भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला, रामचंद्र जांगड़ा, कृष्ण लाल पंवार और किरण चौधरी को भी विधानसभा चुनाव लड़ने का इशारा किया गया है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के लिए अपनी लोकसभा सीट छोड़ने वाले पूर्व सांसद संजय भाटिया भी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। इन राज्यसभा सदस्यों को कहा गया है कि वे अपनी पसंद की सीट चिह्नित कर लें।

लोकसभा चुनाव में भाजपा ने हरियाणा से पांच सीटों पर जीत हासिल की है। करनाल से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, फरीदाबाद से कृष्णपाल गुर्जर और गुरुग्राम से राव इंद्रजीत ने लोकसभा चुनाव जीते हैं। यह तीनों नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कैबिनेट में मंत्री हैं। इन तीनों दिग्गजों को भी विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए कहा गया है, लेकिन इसका अंतिम फैसला हाईकमान करेगा।

नवीन जिंदल और धर्मबीर सिंह को भी चुनाव लड़ने का संकेत

कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद नवीन जिंदल और भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद धर्मबीर सिंह को भी सेफ सीट ढूंढने के लिए कह दिया गया है। प्रदेश चुनाव समिति की ओर से इन सभी नेताओं के नामों की सिफारिश भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को भेज दी गई है।

इसके अलावा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मंत्रिमंडल में शामिल अधिकतर मौजूदा मंत्री भी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। केंद्रीय चुनाव समिति की 27 अगस्त को होने वाली बैठक में हरियाणा के पैनल पर चर्चा होगी, जिसके बाद तय होगा कि प्रदेश चुनाव समिति की संस्तुति को स्वीकार किया गया अथवा भाजपा ने अपनी रणनीति में कोई दूसरा बदलाव किया है।

यह भी पढ़ेंः  सपा और कांग्रेस में उत्तर प्रदेश को लेकर विवाद, हरियाणा में फंस रहा पेंच

दो विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ेंगे सीएम नायब सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कहां से चुनाव लड़ेंगे, इसका फैसला उन्हीं पर छोड़ दिया गया है। नायब सैनी नारायणगढ़ से विधायक रह चुके हैं और अब करनाल से मौजूदा विधायक हैं। नारायणगढ़ और करनाल के अलावा लाडवा विधानसभा सीट भी मुख्यमंत्री के लिए छोड़ी गई है। यह तीनों सीटें सैनी बाहुल्य हैं। मुख्यमंत्री चाहेंगे तो दो विधानसभा सीटों से भी चुनाव लड़ सकते हैं। इन तीनों सीटों पर किसी अन्य नेता का नाम पैनल में नहीं गया है।

दो महामंत्रियों ने किया विधानसभा चुनाव लड़ने से मना

भारतीय जनता पार्टी के दो महामंत्री डा. अर्चन गुप्ता और सुरेंद्र पुनिया विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। इन दोनों ने महामंत्री बनने के दौरान पार्टी को कह दिया था कि वे संगठन के काम में समर्पित रहेंगे। पार्टी के संगठन मंत्री फणींद्रनाथ शर्मा भी विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडोली और तीसरे महामंत्री कृष्ण कुमार बेदी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों को भी चुनाव लड़ने के लिए कहा गया है।

छोटी टोली की बैठक में शार्ट किए गए पैनल

हरियाणा भाजपा की गुरुग्राम में हुई दो दिवसीय प्रदेश चुनाव समिति की बैठक के तुरंत बाद शुक्रवार देर रात तो केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के आवास पर भाजपा की छोटी टोली की बैठक हुई, जिसमें पैनल में शामिल नामों को और छोटा किया गया। जिन पैनलों में चार से पांच लोगों के नाम थे, उन्हें छांटकर दो से तीन किया गया है। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडोली के अनुसार नामों पर बैठक में चर्चा हो चुकी है, लेकिन अभी फाइनल लिस्ट पर मंथन अंतिम चरण में है।

यह भी पढ़ेंः सरकारी कर्मचारियों को मोदी सरकार की बड़ी सौगात, यूनिफाइड पेंशन स्कीम को दी मंजूरी; जानें क्या है ये?

यह भी पढ़ेंः UP Police: दूसरे दिन 68.2 फीसदी अभ्यर्थियों ने दी सिपाही भर्ती परीक्षा, 72 संदिग्ध भी पकड़े; देखें पूरा विवरण

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed