Haryana Assembly Election: अरविंद केजरीवाल देंगे आम आदमी पार्टी के प्रचार को धार, आज करेंगे जगाधरी में रोड शो

अरविंद केजरीवाल

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़: Haryana Assembly Election 2024: दिल्ली के मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने के बाद आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल सीधे हरियाणा की जनता की अदालत में आएंगे। अरविंद केजरीवाल जब जेल में थे, तब उनकी धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक और संजय सिंह के साथ हरियाणा में दो दर्जन से ज्यादा रैलियां की थी। अब केजरीवाल स्वयं हरियाणा के चुनावी समर में मोर्चा संभालने शुक्रवार से यहां आ रहे हैं।

11 जिलों में 13 कार्यक्रम निर्धारित

मूल रूप से हरियाणा के हिसार जिले की सिवानी मंडी के गांव खेड़ा के रहने वाले केजरीवाल का पहला रोड शो यमुनानगर जिले के जगाधरी विधानसभा क्षेत्र में होगा। जगाधरी के बाद अरविंद केजरीवाल डबवाली, रानियां, भिवानी, महम, पूंडरी, कलायत, रेवाड़ी, दादरी, असंध, बल्लभगढ़ और बाढ़डा में चुनाव प्रचार करेंगे। फिलहाल अरविंद केजरीवाल के 11 जिलों में 13 कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। बाकी जिलों का शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा। केजरीवाल का जोर लोगों के साथ करीब से संवाद करने तथा उन तक अपनी बात पहुंचाने पर रहेगा। जनसभाओं और रैलियों की अपेक्षा केजरीवाल ने अपनी चुनाव टीम को संवाद और रोड शो के कार्यक्रम तैयार करने को कहा है।

प्रदेश की जनता आम आदमी पार्टी को भी मौका दें

राज्यसभा सदस्य एवं आप के संगठन महामंत्री डा. संदीप पाठक ने कि भाजपा इस बार पूर्ण रूप से हरियाणा से साफ होने वाली है। पिछले 10 सालों से भाजपा की सरकार हरियाणा में चल रही है। भाजपा को खुद ही अपने मुख्यमंत्री पर भरोसा नहीं था इसलिए उन्होंने मनोहर लाल को मुख्यमंत्री पद से बदलकर नायब सिंह सैनी को नया मुख्यमंत्री बनाया। यह सवाल तो बनता है कि भाजपा को आखरी साल में नया मुख्यमंत्री लाने की क्या जरूरत पड़ गई थी। किसानों के साथ अन्याय हुआ। जवानों का अपमान हुआ। माताओं और बहनों के मान-सम्मान के साथ खिलवाड़ किया गया। हरियाणा में बेरोजगारी अपनी चरम सीमा पर है। हम चाहते हैं कि प्रदेश की जनता आम आदमी पार्टी को भी एक मौका जरूर दें।

पंजाब व दिल्ली सरकार के कामों को हरियाणा ने करीब से देखा

आम आदमी पार्टी हरियाणा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि हरियाणा की जनता सभी पार्टियों से त्रस्त हो चुकी है। अब वह बदलाव चाहती है। इस बार हरियाणा की जनता के सामने पहली बार अरविंद केजरीवाल आम आदमी पार्टी को लेकर उतरे हैं। हरियाणा की जनता के सामने बदलाव के लिए आम आदमी पार्टी एक बेहतर विकल्प है। हरियाणा की जनता ने पंजाब और दिल्ली सरकार के कामों को करीब से देखा है। इन कामों को देखकर हरियाणा की जनता इस बार बदलाव के लिए जाएगी और अरविंद केजरीवाल की नई और ईमानदार राजनीति के लिए आम आदमी पार्टी को वोट करेगी।

गठबंधन की बात सिरे नहीं चढ़ पाई

 

हरियाणा में आम आदमी पार्टी सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ा था। कांग्रेस नौ और आम आदमी पार्टी एक कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट पर चुनाव लड़े थे। विधानसभा चुनाव में भी दोनों दलों के बीच गठबंधन की कोशिश हुई, लेकिन सीटों के बंटवारे पर बात सिरे नहीं चढ़ पाई। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व इस गठबंधन के हक में था, लेकिन राज्यस्तरीय नेता नहीं चाहते थे कि यह गठबंधन सिरे चढ़े। आम आदमी पार्टी की ओर से इस गठबंधन तो तोड़ने की शुरुआत हुई, क्योंकि कांग्रेस के फैसले का इंतजार किए बिना ही आम आदमी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी।

 

यह भी पढ़ेंःHaryana Congress Manifesto: हरियाणा की जनता से किए कांग्रेस के सात बड़े वादे, जानें क्या है इनमें

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed