Haryana BJP: हरियाणा के भाजपा संगठन ने दी लोकसभा की 10 सीटों को लेकर रिपोर्ट, दो पर कांटे की टक्कर बताया

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा (Haryana BJP) के प्रदेश पदाधिकारियों व जिलाध्यक्षों ने सरकार और संगठन को राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतने का फीडबैक दिया है। जिलाध्यक्षों व प्रदेश पदाधिकारियों ने कहा कि रोहतक और सिरसा दो लोकसभा सीटें ऐसी हैं, जहां भाजपा व कांग्रेस उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर है। जीत-हार किसी भी दल के उम्मीदवार की हो सकती है और जीत व हार का अंतर बहुत कम होगा। बाकी आठ लोकसभा सीटों पर भाजपा उम्मीदवार बिना किसी संशय के चुनाव जीतेंगे। करनाल विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भी भाजपा यानी मुख्यमंत्री नायब सिंह की जीत होगी।

अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारी करने को कहा

भाजपा जिलाध्यक्षों व प्रदेश पदाधिकारियों की रिपोर्ट से उत्साहित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी को फील्ड में उतरकर अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारी करने को कहा है। साथ ही निर्देश दिए कि गांवों में धरातल पर अधिक काम किया जाए। गांवों में अधूरी पड़ी सड़कों के निर्माण की दिशा में तेजी लाई जाए तथा लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आ रही बाधाओं को दूर कराया जाए। यदि कोई प्रशासनिक अधिकारी जिलाध्यक्षों व प्रदेश पदाधिकारियों की बात नहीं सुनता तो तुरंत इसकी शिकायत मुख्यमंत्री कार्यालय में दर्ज कराई जाए, ताकि उन पर कार्रवाई हो सके।

प्रदेश पदाधिकारियों के साथ मंथन

मुख्यमंत्री ने पहले दौर में सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक जिलाध्यक्षों के साथ चर्चा की। दूसरे दौर में दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक प्रदेश पदाधिकारियों के साथ मंथन किया गया। इन दोनों बैठकों में सीएम के राजनीतिक सलाहकार भारत भूषण भारती, ओएसडी वीरेंद्र सिंह बड़खालसा, प्रांतीय महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, मोहन लाल ब़डौली और सुरेंद्र सिंह पुनिया के साथ प्रांतीय संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने भागीदारी की। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाध्यक्षों व प्रदेश पदाधिकारियों से उनकी बात सुनी। कई जिलाध्यक्षों व पदाधिकारियों ने प्रशासनिक अधिकारियों का सहयोग नहीं मिलने का मुद्दा उठाया, जिसमें कहा गया कि डीसी व एसपी ने नियमों के अनुसार आने वाली मंजूरियों को भी रद कर दिया।

भितरघातियों के नाम लिखकर देने को कहा गया

मुख्यमंत्री ने सभी जिलाध्यक्षों व प्रदेश पदाधिकारियों से कहा कि वे लिखित में इन अधिकारियों के बारे में रिपोर्ट दें। बैठक में भाजपा प्रत्याशियों के हक में अच्छा काम करने वाले नेताओं व कार्यकर्ताओं की भी चर्चा हुई, जबकि भितरघातियों के नाम लिखकर देने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने विधानसभावार खास बातें, प्रशासनिक रवैया और कार्यकर्ताओं के साथ प्रत्याशियों के व्यवहार पर भी चर्चा की। मुख्यमंत्री अब एक जून को रोहतक में विस्तारकों के साथ चर्चा करेंगे, जबकि दो जून को चुनाव प्रबंधन के कार्य में लगे पदाधिकारियों के साथ फीडबैक लेंगे, ताकि विधानसभा चुनाव में दौरान लोकसभा की गलतियों को दोहराने से बचा जा सके।

 

CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0

You may have missed