हरियाणा भाजपा अध्यक्ष गैंगरेप केस में नया मोड़, सामने आई गवाह का बड़ा खुलासा

नरेंद्र सहारण, पंचकुलाः भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और गायक रॉकी मित्तल के खिलाफ दर्ज सामूहिक दुराचार के मामले में नया मोड़ आ गया है। इस मामले की गवाह व पीड़िता की सहेली बुधवार शाम मीडिया के सामने आई और कहा कि यह मामला पूरी तरह से झूठा है। उसकी सहेली (पीड़िता) और उसके बॉस अमित ने यह साजिश रची है।

महिला ने प्रेसवार्ता में बताया कि उसका नाम पूनम है। वह दिल्ली की निवासी है। वह, उसकी सहेली और उसका बॉस जुलाई 2023 में कसौली घूमने गए थे। होटल की लॉबी में गायक रॉकी मित्तल से मुलाकात हुई, जिनका नाम उसने सुन रखा था।

थोड़ी बातचीत के बाद वे वहां से चले गए। उसके बाद मैं, सहेली और उसके बॉस एक ही कमरे में सो गए और सुबह दिल्ली के लिए निकल आए। पूनम ने बताया कि उसने कभी मोहन लाल बड़ौली को देखा नहीं है और न ही कसौली के होटल में इस नाम के किसी व्यक्ति से मुलाकात हुई।

पूनम ने कहा कि कसौली से आने के बाद से उसका सहेली से भी कोई संपर्क नहीं था। उसे इस मामले की जानकारी एफआईआर दर्ज होने के बाद हुई। इसके बाद सहेली उसके घर आई और बोली कि मामले में वह उसका साथ दे। उसे पैसे मिलेंगे और उसके बॉस को टिकट या चेयरमैनशिप मिलेगी।

‘पीड़िता के बॉस ने यह साजिश रची है’

पूनम ने साथ नहीं देने की बात कही, तो पीड़िता ने आत्महत्या की धमकी दी और रोने लगी। पूनम ने दावा किया कि पीड़िता के बॉस ने यह साजिश रची है। हिमाचल पुलिस ने बयान दर्ज कराने के लिए उसे कई बार बुलाया, लेकिन वह नहीं गई।

‘कमरे में कुछ भी ऐसा नहीं हुआ’

उसने पुलिस से पूछा कि कैसे बिना पूछताछ उसका नाम मामले में गवाह के रूप में डाला गया। पूनम ने दावा किया कि उसने हिमाचल पुलिस को बताया है कि होटल के कमरे में ऐसा कुछ भी नहीं हुआ था।
महिला ने पैसों के लालच में यह किया है। यदि होटल में सामूहिक दुराचार होता तो आसपास के लोगों को पता नहीं चलता। मेरे सामने न तो किसी से दुराचार हुआ, न मारपीट और न ही शराब पी गई। कोई वीडियो भी नहीं बनाया गया।

माता-पिता के कहने पर मीडिया के सामने आई

पूनम ने बताया कि वह पीड़िता के बॉस को कसौली जाने से पहले नहीं जानती थी। बस वह सहेली को जानती थी। इस पर उससे पूछा गया कि वह कैसे अंजान व्यक्ति के साथ कमरे में रुक गई तो उसने कहा यह तो साधारण बात है। उससे जब पूछा गया कि आपको पंचकूला कौन लेकर आया है।
किसने प्रेस कॉन्फ्रेंस करने के लिए कहा। तो उसने बताया कि जब खबर सामने आई तो उसके माता-पिता ने मीडिया को सब बताने के लिए कहा। इसलिए प्रेस कॉन्फ्रेंस करने आई हूं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पंचकूला के स्थानीय भाजपा नेता भी मौजूद थे। हालांकि वह प्रेस कॉन्फ्रेंस में सामने नहीं आए।

पीड़ित महिला को फिर कसौली बुलाएगी पुलिस

कसौली थाने में हरियाणा भाजपा अध्यक्ष समेत दो लोगों के खिलाफ दर्ज सामूहिक दुराचार मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला को निशानदेही के लिए फिर से कसौली बुलाया जा सकता है। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी तब तक मुश्किल है, जब तक पुलिस को ठोस सबूत नहीं मिल जाते। उधर, मामले में हिमाचल पुलिस के अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं। कोई भी अधिकारी कुछ भी कहने को तैयार नहीं है। केवल जांच का विषय बताकर इसे टाला जा रहा है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली चुनाव में उतर सकती हैं स्मृति ईरानी, इन दो सीटों से चल रही है भाजपा नेत्री को उतारने की चर्चा

JOIN WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed