Mumbai Sandstorm: मुंबई में भयानक अंधड़ से गिरा विशालकाय होर्डिंग, नौ लोगों की मौत

मुंबई, एजेंसी: सोमवार दोपहर मुंबई में अचानक आई तेज आंधी से घाटकोपर उपनगर के रमाबाई आंबेडकर नगर में लोहे का एक विशालकाय होर्डिंग बगल के पेट्रोल पंप पर गिर गया। इसके नीचे लगभग सौ लोग दब गए। अचानक हुए इस हादसे में अब तक नौ लोगों के मारे जाने एवं 65 के घायल होने की सूचना है।

तेज हवा के साथ वर्षा भी होने लगी

 

मौसम विभाग ने मुंबई में मौसम बदलने की सूचना पहले ही दे रखी थी। दोपहर ढाई बजे के बाद अचानक महानगर में तेज हवा के साथ वर्षा भी होने लगी। घाटकोपर के रमाबाई आंबेडकर नगर स्थित एक पेट्रोल पंप पर उस समय कुछ लोग पेट्रोल भरवा रहे थे, तो कुछ वर्षा से बचने के लिए पट्रोल पंप की छत के नीचे जाकर खड़े हो गए थे। इसी समय अचानक पेट्रोल पंप के बगल में लगा लोहे का विशालकाय होर्डिंग पेट्रोल पंप की छत पर आ गिरा। इससे पेट्रोल पंप की छत भी गिर गई। होर्डिंग एवं छत के नीचे लगभग सौ लोग फंस गए। इस दुर्घटना में अब तक आठ लोगों के मारे जाने एवं 65 लोगों के घायल होने की सूचना है।

गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने के निर्देश

 

घटना के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड एवं एनडीआरएफ की टीमों ने वहां पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया। छत के नीचे से निकाले गए घायलों का निकट के राजावाड़ी अस्पताल में इलाज चल रहा है। शाम को घटनास्थल पर पहुंचे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस मामले में गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस घटना से सबक लेते हुए मुंबई के सभी होर्डिंग के स्ट्रक्चरल आडिट के निर्देश भी दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में मारे गए लोगों के स्वजन को पांच-पांच लाख रुपये की तत्काल सहायता दी जाएगी। घायलों के इलाज का खर्च सरकार उठाएगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि शोक संतप्त परिवारों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायलों के शीघ्र ठीक होने की प्रार्थना करती हूं।

मुंबई आने वाले 15 विमानों का रूट डायवर्ट

घाटकोपर में आंधी के कारण हुई इस बड़ी दुर्घटना के अलावा कई और दुर्घटनाएं भी हुई हैं। बरकत नगर में एक इमारत की पार्किंग लाट की मरम्मत के लिए खड़ा किया गया लोहे का ढांचा गिरने से कई कारें उसकी चपेट में आ गईं। कई स्थानों पर आंधी-वर्षा के दौरान पेड़ गिरने की घटनाएं भी हुई हैं। मुंबई आ रहे 15 विमानों का रूट डायवर्ट करना पड़ा। खराब मौसम का असर मुंबई के निकट पालघर में हुई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली पर भी पड़ा। रैली तो ठीक से हो गई। लेकिन, उनका हेलीकाप्टर नहीं उड़ सका। उन्हें मुख्यमंत्री शिंदे के साथ सड़क मार्ग से मुंबई आना पड़ा।

गुजरात के कुछ हिस्सों में बेमौसम वर्षा के साथ धूलभरी आंधी

अहमदाबाद, एजेंसी : गुजरात के कुछ हिस्सों में सोमवार को बेमौसम वर्षा हुई, जबकि अहमदाबाद में धूल भरी आंधी के चलते काम से घर लौट रहे लोगों को असुविधा हुई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में कई जिलों में गरज के साथ हल्की वर्षा होने की जानकारी दी है। राज्य कृषि विभाग ने किसानों को अपनी फसलों को बेमौसम वर्षा से बचाने के लिए एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी है। अहमदाबाद में होर्डिंग क्षतिग्रस्त हो गए और गांधीनगर में एक मोबाइल टावर उखड़ गया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

 

Tag- Mumbai Sandstorm, Ghatkopar, Mumbai Duststorm Update, Mumbai Dust storm, storm in Mumbai, Mumbai Weather, Eknath Shinde

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed