PM Narendra Modi: प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को गोहाना में हुंकार भर मतदाताओं को साधेंगे

नरेन्द्र सहारण, गोहाना: PM Narendra Modi: लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को गोहाना में हुंकार भरकर मतदाताओं को साधेंगे। गोहाना में रोहतक-पानीपत हाईवे के बाईपास के साथ हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के प्रस्तावित आवासीय सेक्टरों की खाली जगह में सोनीपत लोकसभा की रैली होगी। रैली की तैयारियां जोरों पर हैं और रैली स्थल पर बड़ा पंडाल तैयार किया जा रहा है। रैली स्थल के पास तीन हैलीपेड तैयार करवाए गए हैं, जहां पर गुरुवार को हेलीकाप्टरों से उड़ान और लेंडिंग की रिहर्सल की गई। प्रधानमंत्री के साथ रैली में मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल समेत कई दिग्गज नेता शिरकत करेंगे।

रोहतक और करनाल सीट पर भी पड़ सकता है असर

 

भाजपा सोनीपत लोकसभा सीट पर जीत की हैट-ट्रिक लगाना चाहती है। 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान नरेंद्र मोदी जब भाजपा ने प्रधानमंत्री के उम्मीदवार घोषित किए थे तब उन्होंने गोहाना की सब्जी मंडी में करनाल व सोनीपत लोकसभा की संयुक्त विशाल रैली को संबोधित किया था। 2014 और 2019 में सोनीपत से भाजपा से रमेश कौशिक सांसद बने। इस बार भाजपा ने यहां से मोहनलाल बड़ौली और कांग्रेस ने सतपाल ब्रह्मचारी को मैदान में उतार रखा है। दोनों दलों के प्रत्याशी ब्राह्मण समाज से हैं। राजनीतिक विश्लेषक सोनीपत सीट पर कांटे की टक्कर बता रहे हैं। भाजपा को सोनीपत लोकसभा में मजबूती देने के लिए शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी गोहाना में विजय संकल्प रैली को संबोधित करके मतदाताओं को साधेंगे। मोदी की इस रैली का असर सोनीपत लोकसभा से सटी रोहतक और करनाल सीट पर भी पड़ सकता है।

तीन हैलीपेड तैयार करवाए गए

प्रधानमंत्री की रैली को सफल बनाने के लिए भाजपा नेता कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगा चुके हैं। कार्यकर्ता गांवों व शहरों में जाकर लोगों को रैली में पहुंचने का निमंत्रण दे रहे हैं। रैली स्थल के पास तीन हैलीपेड तैयार करवाए गए हैं। इसके अलावा पानीपत रोड स्थित एक निजी स्कूल में भी हैलीपेड तैयार करवाया गया है। भाजपा की रैली के बाद कांग्रेसी भी सोनीपत लोकसभा या आसपास के क्षेत्र में पार्टी के बड़े नेताओं को आमंत्रित कर सकते हैं।

ऐतिहासिक होगी रैली : दोदवा

भाजपा के जिला अध्यक्ष जसबीर दोदवा ने कहा कि रैली एतिहासिक होगी। उन्होंने दावा किया कि रैली में लगभग 25 हजार लोगों को बैठने की व्यवस्था की जाएगी। पंडाल के साथ खाली मैदान में भी हजारों लोग खड़े या बैठ सकते हैं। रैली की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। उन्होंने कहा कि रैली स्थल से लगभग एक किलोमीटर पार्किंग रहेगी। रैली में पहुंचने वाले लोग और नेताओं के वाहन पार्किंग में खड़े होंगे। वहां से लोग पैदल रैली में पहुंचेंगे।

रैली स्थल पर पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों की लगाई ड्यूटी

रैली स्थल पर तैयारियां शुरू होते ही पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। अधिकारी अपनी देखरेख में पंडाल तैयार करवा रहे हैं। आसपास के क्षेत्र में बने भवनों को खाली करवा दिया गया है। भवनों को पुलिस ने अपनी निगरानी में ले लिया है।

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed