Sonipat Loksabha Seat: सतपाल ब्रह्मचारी के आते ही भाजपा ने मान ली हार : भूपेंद्र सिंह हुड्डा

नरेन्द्र सहारण, गोहाना : Sonipat Loksabha Seat: नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने लोकसभा चुनाव को हरियाणा विधानसभा से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि सोनीपत लोकसभा का चुनाव जीतने से ही उनका चंडीगढ़ का सफर तय हो सकेगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उन्होंने वाया दिल्ली से चंडीगढ़ तक पहुंचने के लिए सोनीपत लोकसभा सीट पर जीत दिलाने का टास्क दिया। हुड्डा ने कहा कि ब्रह्मचारी के आते ही सोनीपत में भाजपा ने अपनी हार मान ली है। हुड्डा ने बुधवार को गोहाना-बरोदा और विधानसभा के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी के प्रचार को धार दी।

ब्रह्मचारी को बरोदा से सर्वाधिक मतों के अंतर से जीत मिलेगी

 

गोहाना में बरोदा व गोहाना हलका के कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की संयुक्त कार्यकर्ता सभा की गई। बरोदा हलका के विधायक इंदुराज नरवाल ने मंच से कहा कि सोनीपत लोकसभा के नौ विधानसभाओं में कांग्रेस प्रत्याशी ब्रह्मचारी को बरोदा से सर्वाधिक मतों के अंतर से जीत मिलेगी। इसके बाद गोहाना हलका के विधायक जगबीर सिंह मलिक मंच पर आए तो उन्होंने कहा कि गोहाना भी इससे पीछे नहीं रहेगा। इसके बाद प्रत्याशी सतपाल ब्रह्मचारी माइक पर आए और उसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा। हुड्डा माइक पर आते ही बोले वे विधानसभा किलोई से लड़ते हैं लेकिन गोहाना व बरोदा हलका उनका घर है। कार्यकर्ता बरोदा व गोहाना में नहीं बल्कि किलोई से मुकाबला करें। वे किलोई से विधानसभा चुनाव में 80 हजार वोटों से जीते थे, जो प्रदेश में सबसे अधिक थी। यह कार्यकर्ता तय करें कि इस रिकार्ड को बरोदा वाले तोड़ेंगे या गोहाना वाले।

लोकसभा चुनाव में एक तीर से दो शिकार

 

उन्होंने कहा कि काफी राजनीतिक दलों के बीच आइएनडीआए गठबंधन केवल इसलिए हुआ कि संविधान को बचाया जा सके। संविधान बचेगा तो देश बचेगा। यह लोकसभा चुनाव एक तीर से दो शिकार वाला चुनाव है। सोनीपत सीट से सतपाल ब्रह्मचारी अगर दिल्ली जाएंगे तो उनको चंडीगढ़ जाने से कोई रोक नहीं पाएगा। हुड्डा ने कांग्रेस के लोकसभा चुनाव के घोषणा पत्र के साथ विधानसभा के लिए अपने वादों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो कहती है करके दिखाती है। इस मौके पर नगर परिषद की उपाध्यक्ष राजबाला मलिक समेत आठ नगर पार्षद भी पहुंचे।

ये कुर्सी कौन्या छौड़े, लोग घरां भेजेंगे तब मानेंगे : हुड्डा

 

खरखौदा: कार्यकर्ताओं की खरखौदा में बैठक लेने पहुंचे हुड्डा ने कहा कि जनता की आवाज को सुनकर निर्दलीय विधायकों ने अपना समर्थन प्रदेश की भाजपा सरकार से वापस लिया है लेकिन अल्पमत में आ चुकी सरकार के बावजूद भाजपा वाले कहते हैं कि सरकार पर कोई खतरा नहीं है। अगर हिम्मत है तो फ्लोरटेस्ट करके दिखाएं, फिर पता चल जाएगा हकीकत का। ये कुर्सी कौन्या छोड़ें, लोग इन नै घरां भेजेंगे, ये जिब मानैंगे। पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा का इस दौरान गाल भी रुंध आया, जब वह खरखौदा के विकास को रोकने का आरोप भाजपा पर लगा रहे थे। उन्होंने कहा कि मैं आइएमटी तो खरखौदा में इसलिए लेकर आया था कि विकास होगा और यहां के बच्चे रोजगार पाकर कामयाब होंगे, लेकिन भाजपा के राज में खरखौदा पिछड़ गया। यह हालत तब हैं जब मारुति को यहां लाने की बात उनके राज में हो चुकी थी, लेकिन भाजपा ने इसमें भी दस साल लगा दिए। उन्होंने कहा कि आज मैं 75 साल का हो गया हूं, मेरे मन में एक टीस है। आप कहो तो एक बार फिर इनतै टक्कर लेण का मन करे सै।

 

Tag- Loksabha Election 2024, Sonipat Loksabha Seat, Satpal Brahmachari, Bhupendra Singh Hooda

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed