BJP Candidate List: भाजपा ने उत्तर प्रदेश की भदोही सीट पर उम्मीदवार का किया एलान, यहां टीएमसी से है मुकाबला
नई दिल्ली, बीएनएम न्यूज। BJP Candidate List: लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी की एक और लिस्ट जारी हुई है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश के भदोही के मौजूदा सांसद रमेश चंद बिंद का टिकट काट दिया है। उनकी जगह मिर्जापुर की मझवां विधानसभा से निषाद पार्टी के विधायक विनोद कुमार बिंद को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा की ओर से जारी प्रेस विज्ञिप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी गई। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भदोही से डॉ. विनोद कुमार बिंद को उम्मीदवार घोषित किया है।
बिंद पेशे से चिकित्सक हैं और उनका अपना अस्पताल भी है। भदोही में बिंद का मुकाबला टीएमसी के टिकट पर लड़ रहे ललितेशपति त्रिपाठी से होगा। ललितेश सपा-कांग्रेस गठबंधन के उम्मीदवार हैं। सपा ने ये सीट टीएमसी को दी है। कांग्रेस के दिग्गज नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलापति त्रिपाठी के प्रपौत्र ललितेशपति त्रिपाठी कांग्रेस के टिकट पर मिर्जापुर की मड़िहान सीट से विधायक रह चुके हैं। बीजेपी अब तक वाराणसी, आजमगढ़, जौनपुर, गाजीपुर, मऊ, बलिया समेत लगभग सभी सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। कैसरगंज, रायबरेली समेत चार सीटों पर अभी उम्मीदवार घोषित होना बाकी है।
भाजपा ने की सात नामों में पांच चेहरे बदले
इससे पहले भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की दसवीं सूची जारी कर दी थी। बुधवार को जारी भाजपा की नई लिस्ट में उत्तर प्रदेश से सात नामों का एलान किया गया है, इनमें पांच चेहरे नए हैं। भाजपा ने मैनपुरी सीट पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव के विरुद्ध योगी सरकार के मंत्री जयवीर सिंह ठाकुर को चुनाव मैदान में उतारा है। 80 लोकसभा सीटों में भाजपा ने पांच सीटें अपने सहयोगी दलों को दी हैं। भाजपा ने इलाहाबाद सीट से रीता बहुगुणा जोशी का टिकट काट दिया है, उनके स्थान पर नीरज त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया गया है। वह भाजपा के वरिष्ठ नेता केशरी नाथ त्रिपाठी के पुत्र हैं। पूर्वांचल की चर्चित सीट गाजीपुर से इस बार पारसनाथ राय को टिकट दिया गया है। पारसनाथ जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के करीबी हैं। सपा ने इस सीट पर अफजाल अंसारी को मैदान में उतारा है।
बलिया से वर्तमान सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त का टिकट काट कर पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। वहीं, फूलपुर में केशरी देवी पटेल की जगह प्रवीण पटेल को उम्मीदवार बनाया है। प्रवीण पटेल फूलपुर विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक हैं। भाजपा ने मछलीशहर (सुरक्षित) के सांसद बीपी सरोज और कौशांबी के वर्तमान सांसद विनोद सोनकर पर दोबारा भरोसा जताया है। 2019 में बसपा प्रत्याशी टी राम को हराकर जीत हासिल करने वाले बीपी सरोज ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत महाराष्ट्र में बसपा से की थी। वहीं, विनोद सिंह लगातार दो बार से कौशांबी के सांसद हैं। उन्होंने 2014 और 2019 में भाजपा के टिकट पर जीत हासिल की थी।
TAG- Loksabha Election 2024, Bhadhohi Loksabha Seat, Vinod Kumar Bind, UP BJP, Ramesh Bind