बिहार कोकिला के नाम से मशहूर शारदा सिन्हा का निधन: छठ पर्व के पहले दिन दिल्ली एम्स में ली अंतिम सांस

नई दिल्ली,बीएनएम न्यूज: दिल्ली AIIMS में भर्ती लोक गायिका शारदा सिन्हा का मंगलवार को निधन हो गया। कल शाम से उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। तबीयत बिगड़ने के बाद 26 अक्टूबर को उन्हें एम्स में भर्ती किया गया था। वो आईसीयू में थीं। 3 नवंबर को हालत में थोड़ा सुधार होने पर वार्ड में शिफ्ट किया गया, लेकिन 4 नवंबर की शाम को उनका ऑक्सीजन लेवल काफी गिर गया था, जिसके बाद से वो वेंटिलेटर पर थीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शारदा सिन्हा के बेटे अंशुमन सिन्हा से फोन पर बात की थी। उन्होंने शारदा सिन्हा के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी।
वही, आज केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह शारदा सिन्हा के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के लिए दिल्ली एम्स पहुंचे थे। यहां उन्होंने बिहार कोकिला के परिजनों और डॉक्टरों से मुलाकात की थी। इससे पहले कल शाम केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान बिहार कोकिला से मिलने दिल्ली एम्स पहुंचे थे।
26 अक्टूबर से AIIMS में भर्ती थीं
शारदा सिन्हा को 3 नवंबर को ही प्राइवेट वार्ड में शिफ्ट किया गया था। उनका ऑक्सीजन लेवल कम हो रहा था, जिसके कारण उन्हें फिर से 4 नवंबर को ICU में शिफ्ट किया गया। पिछले 11 दिनों से वे दिल्ली AIIMS में भर्ती थीं।
तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें ऑन्कोलॉजी वार्ड में भर्ती कराया गया था। उन्हें काफी समय से खाने-पीने में दिक्कत हो रही थी, जिसके लिए उनका इलाज भी चल रहा था। 26 अक्टूबर की सुबह उनकी तबीयत काफी ज्यादा खराब हो गई थी।
बेटे ने कहा- मां के लिए दुआ कीजिए
सोमवार शाम यूट्यूब पर लाइव आकर शारदा सिन्हा के बेटे अंशुमन ने लोगों से मां के लिए दुआ करने को कहा था। उन्होंने कहा था ‘मेरी मां वेंटिलेटर पर हैं। उन्हें प्रार्थना और दुआ की बहुत जरूरत है। अब आप सभी लोग प्रार्थना जारी रखिए। एक बड़ी लड़ाई में मेरी मां जा चुकी हैं। इस लड़ाई से जीतना काफी मुश्किल है। यही प्रार्थना कीजिए कि वह लड़कर बाहर आ सकें।
छठ से पहले रिलीज हुआ नया गाना
लोक गायिका शारदा सिन्हा का छठ पूजा से पहले नए गाने का वीडियो जारी हुआ है। उनके ऑफिशियल यूट्यूब चैनल से वीडियो को रिलीज किया गया है। गाने के बोल हैं… ‘दुखवा मिटाईं छठी मइया…. रउए आसरा हमार… सबके पुरवेली मनसा… हमरो सुनलीं पुकार।’ 5 दिन पहले इसका ऑडियो जारी हुआ था।
बिहार के सुपौल जिले के हुलास में जन्मी शारदा सिन्हा का ससुराल बेगूसराय जिले के सिहमा गांव में था। वैसे तो उन्होंने कई हिंदी फिल्मों में भी गाने गाये हैं। लेकिन उनकी पहचान भोजपुरी व मैथिली की लोक गायिका के रूप में अधिक थी। खास तौर पर उनके छठ गीत बेहद लोकप्रिय रहे हैं।
वह करीब छह वर्षों से ब्लड कैंसर मल्टीपल मायलोमा से जूझ रही थीं। पहले उनकी हालत स्थिर रह रही थी। कुछ दिन पहले उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर 26 अक्टूबर को उन्हें एम्स के कैंसर सेंटर में मेडिकल आंकोलोजी वार्ड में भर्ती किया गया, जहां उन्हें आक्सीजन सपोर्ट भी दिया गया था। उनकी हालत में सुधार होने के बाद उन्हें प्राइवेट वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया था। लेकिन सोमवार देर शाम को उनकी तबीयत अचानक फिर बिगड़ गई। उन्हें वर्ष 1991 में पद्म श्री वर्ष 2018 में पद्म भूषण नागरिकता सम्मान से सम्मानित किया गया था।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन