Harana Politics: सरकार बनने पर 300 यूनिट फ्री बिजली देंगे: भूपेंद्र सिंह हुड्डा

गुरुग्राम में सोहना रोड स्थित जीएनएच कन्वेंशन सेंटर में कार्यकर्ता सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा।

नरेन्द्र सहारण, गुरुग्राम: Haryana Politics: पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि लोकसभा में कांग्रेस ने काफी बेहतर प्रदर्शन किया है। विधानसभा में कांग्रेस की सरकार बनने पर वे प्रदेश में बुजुर्गों की पेंशन छह हजार रुपये करेंगे। हर घर में तीन सौ यूनिट बिजली फ्री देंगे। गैस सिलेंडर की कीमत पांच सौ रुपये करेंगे। युवाओं को नौकरियां भी दी जाएंगी। भूपेंद्र हुड्डा रविवार शाम गुरुग्राम में सोहना रोड स्थित जीएनएच कन्वेंशन सेंटर में कार्यकर्ता सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

Image

भाजपा सरकार में विकास कार्य ठप

भूपेंद्र हुड्डा ने आह्वान किया कि गुरुग्राम से चार के चार विधायकों को जिताया तो वह प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बना देंगे। गुरुग्राम को ग्लोबल सिटी बनाना है। कहा कि पहले हरियाणा कहां था, आज कहां है। प्रति व्यक्ति आय में आज हरियाणा काफी पीछे है। लोकसभा चुनाव में समय थोड़ा कम मिला। अब तीन महीने बाद एक और मौका है। इसमें पूरा जोर लगाना है। आज हरियाणा महंगाई और बेरोजगारी में नंबर एक है। दस सालों में बातों के सिवा कुछ भी नहीं हुआ। कांग्रेस के शासन में जापान से काफी निवेश हुआ था। 70 प्रतिशत मानेसर और गुरुग्राम को दिया गया। भाजपा सरकार में विकास कार्य ठप हो गए। आगामी विधानसभा चुनाव में सारा हिसाब बराबर करना है। कहा कि आज अपराध भी बढ़ा हुआ है। कांग्रेस की सरकार आने पर अपराधियों को प्रदेश से बाहर का रास्ता दिखा देंगे।

Image

एकजुट होकर विधानसभा चुनाव लड़ें कांग्रेसी: उदयभान

प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने कहा कि जिस सिद्दत लोकसभा चुनाव लड़ा गया, उसी सिद्धत से विधानसभा का चुनाव लडना होगा। कांग्रेस का प्रदर्शन बहुत बेहतर रहा। लोकसभा में हरियाणा प्रदेश में कांग्रेस को 19 प्रतिशत वोट ज्यादा मिले हैं। जहां हम जीरो पर थे वहां पांच सीटें हैं। तीन सीटें बहुत कम अंतर से हारे हैं। यह इस बात का संकेत है कि आने वाला समय कांग्रेस पार्टी का है। थोड़ी सी मेहनत बढ़ानी होगी। कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर लड़ना होगा। सर्वे चल रहा है, जो जिताऊ होगा टिकट उसे मिलेगा।

घर-घर में पार्टी का संदेश पहुंचाना होगा। कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर दो कमरे का मकान बनाकर कालोनी विकसित करके गरीबों को दी जाएगी। कांग्रेस नेता व फिल्म अभिनेता राज बब्बर ने कहा कि प्रदेश विजन से चलता है। आने वाली सरकार कांग्रेस की होगी। आप लोगों ने जनता के साथ मिलाकर चुनाव लड़ा। ये चुनाव भी आपके हाथ में होगा। इस बार लोकसभा की नौ की नौ सीटें जीतने का लक्ष्य है। प्रदेश कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज ने कहा कि जिसे भी कांग्रेस उम्मीदवार बनाएगी। सभी लोग उसका पूरे मन से समर्थन करेंगे। अगर कोई नेता पार्टी से अलग चुनाव लड़ता है तो उसकी जमानत भी जब्त करा दें।

Image

पहले था नंबर वन, अब कूड़ाग्राम बना गुरुग्राम

पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया ने कहा कि जिस तरह से इस समय कार्यकर्ताओं में जोश है। वह विधानसभा तक बरकरार रहेगा। कांग्रेस सरकार में गुरुग्राम विश्व के मानचित्र पर आया था। इस समय गुरुग्राम कूड़ाग्राम बन गया है। बेरोजगारी में नंबर एक पर है। इस बार विधानसभा में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। कांग्रेस नेता विरेंद्र यादव ने कहा कि फैमिली आइडी और प्रापर्टी आइडी से जनता को काफी परेशानी हुई है। उन्होंने इन दोनों समस्याओं को मेनिफेस्टो में रखने के लिए कहा। विकास कार्य ठप पड़े हैं। अधूरे विकास कार्य भी चुनाव के दौरान उठाए जाएंगे।

वर्धन यादव ने कहा कि यहां जुटी कार्यकर्ताओं की भीड़ इस बात का प्रतीक है कि तीन महीने में भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। एक-एक कार्यकर्ता इसमें जुटेगा। महिला नेत्री पर्ल चौधरी, पूजा शर्मा, सुनीता सहरावत ने महिलाओं से पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आफताब अहमद, पंकज डावर, निशित कटारिया, मुकेश शर्मा, मनीष खटाना, गजेंद्र चौहान, अमित यादव, सुधीर चौधरी आदि मौजूद रहे।

 

CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन