विनेश फोगाट को चार करोड़ रुपये और एचएसवीपी का प्लाट दोनों देगी सरकार, विनेश ने सरकार का जताया आभार

नरेन्‍द्र सहारण, चंडीगढ़: Haryana News: हरियाणा सरकार ने बड़ा दिल दिखाते हुए ओलिंपियन विनेश फोगाट की मांग के अनुरूप उन्हें चार करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि और एक प्लाट देने पर सहमति दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 25 मार्च को मंत्रिमंडल की बैठक के बाद विनेश को यह निर्णय लेने का विकल्प दिया था कि वह पुरस्कार राशि, प्लाट अथवा सरकारी नौकरी में से कोई एक प्राप्त कर सकती हैं। इसके लिए उन्हें इन तीनों विकल्पों में से कोई एक विकल्प चुनकर सरकार को अवगत कराना था। राज्य की खेल नीति को आधार बनाकर विनेश फोगाट ने खेल विभाग के समक्ष एक प्लाट और चार करोड़ रुपये की राशि दोनों पर अपनी दावेदारी जताई, जिसे देने पर सरकार राजी हो गई है। विनेश ने सरकारी नौकरी यह कहते हुए लेने से मना कर दिया कि अब वे विधायक हैं, इसलिए उन्हें सरकारी नौकरी की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री की पूर्व की घोषणा के मुताबिक यदि विनेश फोगाट तीनों विकल्प यानी प्लाट, नौकरी और पुरस्कार राशि भी चुनती तो सरकार को यह तीनों पुरस्कार विनेश फोगाट को देने पड़ते। अंतरराष्ट्रीय पहलवान और कांग्रेस विधायक विनेश फौगाट ने ओलंपिक मेडल सम्मान देने के लिए हरियाणा सरकार का आभार जताया है।

पुरस्कार राशि नहीं मिलने का दावा

 

मुख्यमंत्री ने एक विकल्प चुनकर बताने की पेशकश तब की थी, जब बजट सत्र के दौरान विनेश ने मुख्यमंत्री को उनकी पुरानी घोषणा याद कराते हुए ओलिंपिक पदक विजेता के रूप में प्राप्त होने वाली राशि अभी तक नहीं मिलने का दावा किया था। विनेश फोगाट जींद जिले की जुलाना विधानसभा सीट से कांग्रेस की विधायक हैं। ओलिंपिक खेलों में अपने 100 ग्राम वजन की अधिकता के कारण वह सिल्वर मेडल जीतने से चूक गई थी। तब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की थी कि विनेश फोगाट हरियाणा की बेटी हैं और उन्हें वह सभी सम्मान व पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जो एक ओलिंपिक पदक विजेता को प्रदान किए जाते हैं।

सरकार का प्रविधान

 

हरियाणा सरकार गोल्ड मेडल जीतने वाले ओलिंपियन को छह करोड़, सिल्वर मेडल विजेता को चार करोड़ और ब्रांज मेडल विजेता को ढ़ाई करोड़ रुपये प्रदान करती है। इसके अलावा, एक सरकारी नौकरी और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का प्लाट भी देने का प्रविधान है। ओलिंपिक खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 15 लाख रुपये की राशि मिलती है। विनेश फोगाट ने 25 मार्च को विधानसभा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को उनकी पुरानी घोषणा याद कराई और कहा कि आपके ऐलान के आठ महीने बाद भी मुझे पुरस्कार राशि नहीं मिली है।

खेल विभाग की ओर से तैयारी

 

विनेश फोगाट द्वारा हरियाणा के खेल विभाग को अपनी राय बताने के बाद अब इन दोनों विकल्पों को पूरा करने की प्रक्रिया चालू हो गई है। उसे एचएसवीपी का प्लाट देने संबंधी फाइल खेल विभाग की ओर से तैयार की जा रही है, जो मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री तक जाएगी। इसके अलावा, किसी भी दिन विनेश के खाते में चार करोड़ रुपये स्थानांतरित किए जा सकते हैं। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम का कहना है कि 2004 से 2014 तक कांग्रेस के राज में मात्र 38 करोड़ रुपये खिलाड़ियों पर खर्च किए गए थे। भाजपा के 10 साल में खिलाड़ियों पर 592 करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। जिन खिलाड़ियों के कैश अवार्ड बचे हुए हैं, उन्हें जल्दी कैश अवार्ड दिए जाएंगे।

सरकार का पुरस्कार इनाम नहीं, अवसर : विनेश

जींद : सरकार के आफर के बाद इनाम राशि व प्लाट की मांग रखने के बाद जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने राशि को खर्च करने की योजना भी बताई है। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर लिखा कि खिलाड़ी की मेहनत को सम्मान मिले, यही असली जीत है। मुझे जनता ने बहुत कुछ दिया है। प्यार, सम्मान, विश्वास, हिम्मत और हौंसला। अब वक्त है इस सबका ऋण चुकाने का। एक जनप्रतिनिधि होने के नाते और जिस संघर्ष का वे हिस्सा रही हैं, उसे देखते हुए जिम्मेदारियां अब सिर्फ एक खिलाड़ी की नहीं, बल्कि हजारों सपनों की हैं। जो खेल के जरिये एक सुरक्षित वातावरण में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं। यह हमेशा मेरा सपना रहा है कि अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं और अच्छा खेल वातावरण दे सकूं। अब वह समय आ गया है। सरकार द्वारा दी जाने वाली यह पुरस्कार राशि केवल एक इनाम नहीं है। यह एक अवसर है। वर्षों तक देखे जा रहे सपने को साकार करने का जरिया है। पुरस्कार राशि का उपयोग अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल अकादमी की स्थापना में किया जाएगा। यहां खिलाड़ी बेहतरीन संसाधनों के साथ अपनी प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकेंगे।

 

You may have missed