Haryana Heatwave: हरियाणा में लू का रेड अलर्ट, 5 जिलों में स्कूलों में छुट्टी घोषित, डीसी को मिला छुट्टी देने का अधिकार

नरेन्द्र सहारण, हिसार/ कैथल : Haryana Heatwave: मौसम में बदलाव के चलते अधिकतम तापमान तेजी से बढ़ रहा है। लू के थपेड़ों से आम आदमी परेशान है। दिन में सड़कें खाली होने लगी हैं। रविवार को प्रदेश के अधिकतम शहरों का अधिकतम तापमान 45 डिग्री के आस पास चल रहा है। 47.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ नूंह प्रदेश में सबसे गर्म रहा। सिरसा का 47 डिग्री रहा। एक दिन पहले शनिवार को सिरसा में तापमान 47.2 डिग्री था। मौसम विभाग ने 11 जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी कर लोगों से इससे बचने की अपील की है। साथ ही 11 जिलों में ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। रेड अलर्ट वाले जिलों में झुलसा देने वाली हवाएं चलेंगी। इससे हिट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। बच्चों और बुजुर्गों को लू से बचाने की जरूरत है। भीषण गर्मी को देखते हुए प्रदेश सरकार ने उपायुक्तों को अपने जिले में स्कूलों की छुट्टी करने का अधिकार दे दिया है। ऐसे में 5 जिलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।

डीसी को मिला छुट्टी देने का अधिकार।

चरखी दादरी, सिरसा, हिसार, कुरुक्षेत्र, और कैथल में स्कूलों में छुट्टी घोषित

 

चरखी दादरी में सोमवार 20 मई से अगले आदेशों तक जिले के स्कूलों में अवकाश रहेगा। कैथल और कुरुक्षेत्र में भी 25 मई तक पहली से पांचवीं कक्षा तक के प्राइवेट और सरकारी स्कूलों के सभी बच्चों का अवकाश घोषित कर दिया है। छठी से 12वीं तक के बच्चों की कक्षाएं यथावत जारी रहेंगी। इसी तरह सिरसा और हिसार भी आठवीं कक्षा तक के बच्चों की 24 मई तक छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। झुलसा देने वाली गर्मी से बच्चों को बचाने के लिए शिक्षा विभाग पहले ही समय में बदलाव कर चुका है। सभी स्कूल सुबह आठ के बजाय सात बजे से लगेंगे और छुट्टी भी जल्दी होगी। सिंगल शिफ्ट वाले स्कूलों में सुबह सात से दोपहर 12 बजे तक कक्षाएं लगेंगी, जबकि डबल शिफ्ट वाले स्कूलों में पहली पारी सात सुबह सात बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पारी 11.45 से शाम 4.15 तक रहेगी।

कैथल के डीसी ने की घोषणा

 

कैथल में डीसी प्रशांत पंवार ने पहली से कक्षा पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 24 मई तक के लिए छुट्टी करने की घोषण की है। सरकारी व निजी सभी स्कूलों की 24 मई तक भीषण गर्मी को देखते हुए छुट्टी रहेगी। अगर आगे भी गर्मी ऐसे रही तो डीसी अपने स्तर पर छुट्टी बढ़ाने का निर्णय ले सकते हैं। यह जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विजय लक्ष्मी ने दी।

हिसार और सिरसा में बंद रहेंगे स्कूल

 

भीषण गर्मी को देखते हुए हिसार के डीसी प्रदीप दहिया और सिरसा डीसी आरके सिंह ने स्कूलों में अवकाश करने की घोषणा कर दी है। यह आदेश सोमवार 20 मई से लागू होंगे जो 24 मई तक प्रभावी रहेंगे। इसके आगे का फैसला डीसी गर्मी को देखते हुए लेंगे। दोनों जिलों के डीसी ने जिला शिक्षा अधिकारी व जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि अवकाश अवधि के दौरान जिले में कोई भी बाल वाटिका से लेकर आठवीं कक्षा तक का सरकारी, अर्धसरकारी व प्राइवेट विद्यालय खुला ना रहें। सिरसा में रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक 47.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं हिसार में 45.3 डिग्री अधिकतम तापमान रहा।

30 डिग्री तक पहुंचा न्यूनतम तापमान

 

हरियाणा में दिन में अधिकतम तापमान बढ़ने के साथ ही न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही हैं। नारनौल का न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहा। इसके अलावा भिवानी का तापमान भी 29 डिग्री तक पहुंच गया। रात का तापमान बढ़ने से राम के समय भी गर्म हवाएं चल रही हैं।

इन जिलों में है रेड अलर्ट

 

महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी

इन जिलों में है ओरेंज अलर्ट

 

पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जींद

24 मई तक मौसम गर्म रहेगा : एचएयू

चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 24 मई तक खुश्क व गर्म रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में बढ़ोतरी जारी रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के समय गर्म हवाएं अर्थात लू चलने की संभावना है। इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। इस दौरान तापमान बढ़ने से बीच बीच में हल्के बादल तथा शाम व रात्रि के समय धूल भरी हवाएं चलने की संभावना बन रही है।

कहां पर कितना तापमान

शहर न्यूनतम अधिकतम

 

अंबाला 28.2 43.9
भिवानी 29 44.5
गुरुग्राम 27.9 44.9
हिसार 25.9 45.3
करनाल 24.9 44
नारनौल 30 45.5
पानीपत 26.5 43.7
रोहतक 27.2 45.2
सिरसा 28.8 46.8

अभिभावकों को सावधानी बरतने की सलाह

हिसार के डीसी प्रदीप दहिया ने गर्मी के मद्देनजर अभिभावक को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। डीसी ने कहा कि बाहर जाते समय अगर बच्चों को साथ ले जा रहे हैं तो पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस, घर में बने पेय जैसे लस्सी, नींबू पानी, छाछ की बोतल अवश्य साथ रखें। घर से बाहर निकलते समय सिर पर कपड़ा व पूरी बाजू के कपड़े पहनें।

इन बातों का विशेष ध्यान रखें

गर्मी में अपना सिर ढककर रखें, कपड़े, हैट अथवा छतरी का उपयोग करें और नंगे पांव बाहर न निकलें। काम के बीच में थोड़ा-थोड़ा विश्राम अवश्य लें। गर्मी के मौसम में जंक फूड के सेवन से परहेज करें। ताजे फल, सलाद और घर में बना खाना खाएं। खासतौर से दोपहर 12 बजे से लेकर सायं 4 बजे के बीच धूप में सीधे न जाए। यदि बच्चे को चक्कर आए, उल्टी घबराहट अथवा तेज सिरदर्द हो, सीने में दर्द हो अथवा सांस लेने में कठिनाई हो तो डॉक्टर को अवश्य दिखाएंं।

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed