Jaunpur Weather: कड़ाके की ठंड से जौनपुर में जनजीवन अस्त-व्यस्त, न्यूनतम तापमान 9 डिग्री, कोहरे से विजिबिलिटी 50 मीटर

जौनपुर, बीएनएम न्यूजः जौनपुर में पिछले दस दिनों से जारी भीषण ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। जिले में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। घने कोहरे के कारण दृश्यता 50 से 100 मीटर तक सीमित है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है।
जिला प्रशासन ने आम जनता की सुविधा के लिए बस स्टैंड, चौराहों और रेलवे स्टेशनों पर अलाव की व्यवस्था की है। साथ ही, यात्रियों के लिए रैन बसेरों की भी व्यवस्था की गई है। कोहरे के कारण रेलगाड़ियां और बसें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें। शीतलहर से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें और शाम को जल्दी घर लौटें। साथ ही चेतावनी दी है कि बंद कमरे में अंगीठी, रूम हीटर या ब्लोवर का उपयोग न करें। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।
कोहरा, पाला से खेतों में कांप रहे किसान
बर्फीली हवा के साथ कोहरा और पाला किसानों के लिए आफत बन गया है। फसल की रखवाली करने वाले किसान खेतों में कांप रहे हैं। निराश्रित मवेशियों के साथ ही जंगली सुअर और नीलगाय फसल पर संकट खड़ा कर दिए हैं। इस समय खेतों में आलू, मटर, सरसों आदि फसल लगी है। कोहरे और ठंड के बीच निराश्रित मवेशी और नीलगाय इन फसलों को रौंद कर नुकसान पहुंचा रहे हैं।
जंगली सुअर आलू की फसल खोदकर बर्बाद कर दे रहे हैं। खेतों में तार की बाड़ भी काम नहीं आ रही हैं। छुट्टा पशु उसे तोड़ दे रहे हैं तो नीलगाय उसे फांद कर खेतों में पहुंच जा रहे हैं। फसल की रखवाली के लिए किसानों ने खेत में झुग्गी और मचान बना लिया है। इस समय भीषण सर्दी के बीच लोग घरों के भीतर कांप रहे हैं तो तमाम किसान सर्द रातों में फसल की रखवाली कर रहे हैं।
फसलों में रोग लगने का खतरा
बदले मौसम में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट हो रही है व कोहरा भी बढ़ रहा है। इससे फसलों में पाला लगने की संभावना है। पाले का असर राई सरसों, अरहर, आलू, मिर्च, टमाटर तथा मटर की फसल फसल को काफी नुकसान पहुंचता है।
पाला के असर से आलू में झुलसा बीमारी लगने को संभावना बढ़ जाती है। इससे आलू की फसल को 40 से 80 प्रतिशत तक नुकसान हो जाता है। घना कोहरा बने रहने से धूप अरहर की फसल को नहीं मिल पाती है, जिससे अरहर का सारा का सारा फूल झड़ जाता है।
यह भी पढ़ें- कंगना रनौत ने की प्रियंका गांधी की तारीफ, बोलीं- राहुल से काफी अलग हैं उनकी बहन
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन