Kaithal News: पानी न छोड़े जाने से खफा किसानों ने किया प्रदर्शन, फसल सूखने के कगार पर

नरेन्द्र सहारण, कलायत। Kaithal News: सूखे की मार झेल रहे नाराज किसानों ने कपिल मुनि माइनर में सिंचाई विभाग द्वारा पानी न छोड़े जाने पर नाराज होकर शुक्रवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कूड़ा-करकट से अटी माइनर पर रोष मार्च भी निकाला। इसमें पानी न होने के कारण खेतों में उगी जंगली वनस्पति दिखाते हुए अधिकारियों को हकीकत से रूबरू करवाया।
सिंचाई के पानी की भारी जरूरत
अधिकारियों से नाराजगी जताते हुए किसानों ने कहा कि सिंचाई संसाधनों से लेकर कलायत उप मंडल मुख्यालय तक कूड़ा-कर्कट से अटे सिंचाई एवं निकासी संसाधन बाढ़ प्रबंधों की पोल खोल रहे हैं।
इससे खेती काफी पीछे हो गई है। इस संबंध में किसानों ने बिना सिंचाई पानी के सूख रहे सैकड़ों एकड़ रकबे की शिकायत मुख्यमंत्री नायब सैनी को भेजी है।
इसमें किसानों के साथ-साथ हजारों गायों का पालन पोषण करने वाली मुढाढ़ 360 गोशाला का कृषि क्षेत्र शामिल है। सिंचाई पानी के संकट को लेकर प्रदर्शन कर रहे नंबरदार सोनू राणा,अमित राणा, किसान राहुल मोनू राणा, बलजीत, मोती, विनोद, जोगध्यान, जोनी, जगपाल, बिंद्र, धर्मपाल और अन्य किसानों का कहना है कि बारिश न होने के कारण उन्हें सिंचाई के पानी की भारी जरूरत है।
इसके बावजूद उन्हें पानी से महरूम किया जा रहा है। जबकि सरकार द्वारा हेड से टेल तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। उनके साथ सिंचाई पानी के नाम पर भेदभाव हो रहा है। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि इन हालातों में वे किस प्रकार फसलों को तैयार करेंगे।
सिंचाई पानी प्रबंधन में कोई लापरवाही नहीं
दूसरी ओर जाखौली उप मंडल जल सेवाएं कैथल एसडीओ तरसेम गर्ग ने कहा कि कपिल मुनि माइनर उनके अधिकार क्षेत्र में है। विभाग की तरफ से सिंचाई पानी प्रबंधन में कोई लापरवाही नहीं है। समय पर बारिश न होने के कारण सिंचाई पानी की समस्या किसानों के समक्ष आ रही है।
विभाग हर स्तर पर किसानों के साथ है। विभाग सफाई व सिंचाई व्यवस्था को लेकर संजीदगी से काम कर रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही बारिश के बाद व्यवस्था सही हो जाएगी।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन