तीसरे चरण की 92 सीटों के लिए थमा चुनाव प्रचार, अमित शाह, ज्योतिरादित्य, दिग्विजय व डिंपल का भाग्य ईवीएम में होगा कैद

नई दिल्ली, बीएनएम न्यूजः  लोकसभा चुनाव में आगामी 7 मई को होने वाले तीसरे चरण के मतदान के लिए रविवार शाम 6 बजे चुनाव प्रचार थम गया। इस चरण में 11 राज्यों के 92 लोकसभा सीटों के लिए मतदान होगा। इस चरण में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का भाग्य ईवीएम में कैद हो जाएगा।

तीसरे चरण में गुजरात की शेष बची 25 सीटों के लिए वोट पड़ेंगे। राज्य की सूरत लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध चुना जा चुका है। गांधीनगर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भाजपा प्रत्याशी हैं। असम की चार, बिहार की पांच, छत्तीसगढ़ की सात, कर्नाटक की 14, गोवा की दो, गुजरात की 25, मध्य प्रदेश की नौ, महाराष्ट्र की 11, उत्तर प्रदेश की 10, बंगाल की चार, दमन और दीव की दो सीटों के लिए सात मई को वोट पड़ेंगे। मप्र में मुरैना, भिंड (अजा), ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ और बैतूल (अजजा) सीटों के लिए मतदान होगा।

गुना से भाजपा नेता व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और राजगढ़ से दिग्गज कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह चुनावी मैदान में हैं। महाराष्ट की बारामती सीट पर वोट पड़ेंगे जहां से राकांपा (एसपी) की नेता सुप्रिया सुले और राज्य के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार की पत्नी और राकांपा प्रत्याशी सुनेत्रा पवार आमने-सामने हैं।

उत्तर प्रदेश में सम्भल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली लोकसभा क्षेत्रों में सात मई को मतदान होगा। दस सीटों पर सौ उम्मीदवार मैदान में हैं। मैनपुरी से सपा सांसद डिंपल यादव का चुनावी भाग्य इसी चरण में तय होगा। इस चरण में कर्नाटक की 14 लोकसभा सीटों के लिए सात मई को वोट पड़ेंगे। भाजपा ने 2019 में राज्य की सभी 14 सीटें जीती थी। राज्य में 28 लोकसभा क्षेत्र हैं। 14 सीटों के लिए 26 अप्रैल को मतदान हुआ था।

इस बार राज्य में सेक्स स्कैंडल का मुद्दा छाया हुआ है। भाजपा से पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई (हावेरी) और जगदीश शेट्टार (बेलगाम), पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी (उत्तरा कन्नड़) और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई राघवेंद्र (शिमोगा) से प्रत्याशी हैं, जहां मंगलवार को वोट पड़ेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष एम मल्लिकार्जुन खड़गे के दामाद राधाकृष्ण डोड्डामणि गुलबर्गा से चुनाव लड़ रहे हैं। बंगाल की मालदा उत्तर, मालदा दक्षिण, जंगीपुर और मुर्शिदाबाद और असम की धुबरी, बारपेटा, कोकराझार (एसटी) और गुवाहाटी सीटों के लिए मंगलवार को मतदान होगा।

अररिया, सुपौल, झंझारपुर, मधेपुरा और खगड़िया सीट पर बिहार में होगा मतदान

बिहार में पांच लोकसभा सीट पर चुनाव होगा जहां कुल 54 उम्मीदवार मैदान में हैं। बिहार की अररिया, सुपौल, झंझारपुर, मधेपुरा और खगड़िया सीट पर मतदान होगा, जो फिलहाल सत्तारूढ़ राजग के पास हैं। तीसरे चरण में जिन तीन सीट पर मतदान होना है उनमें से तीन, सुपौल, झंझारपुर और मधेपुरा, वर्तमान में जद (यू) के कब्जे में हैं, जिसने इन सीट पर संबंधित मौजूदा सांसदों को टिकट दिया है। अररिया और खगड़िया सीट चिराग पासवान की अगुवाई वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के खाते में चली गई हैं। राजद नेता तेजस्वी यादव ने खगड़िया और झंझारपुर सहित सभी पांच सीट के लिए गहन प्रचार किया लेकिन इन सीट पर उनकी पार्टी चुनाव नहीं लड़ रही है।

मध्य प्रदेश की 9 सीटों पर डाले जाएंगे वोट

मध्य प्रदेश  की इन नौ सीट में मुरैना, भिंड (एससी), ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ और बैतूल (एसटी) निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगभग 17 वर्षों के बाद विदिशा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जिसका वे पूर्व में कई बार लोकसभा में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। शिवराज का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार प्रताप भानु शर्मा से है। राजगढ़ सीट पर कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री 77-वर्षीय दिग्विजय सिंह का मुकाबला दो बार के भाजपा सांसद रोडमल नागर से है। भाजपा को मध्य प्रदेश की सभी 29 सीट पर अपनी जीत की उम्मीद है। गुना सीट पर यादव समुदाय के वोट चुनावी पलड़ा झुका सकते हैं और यहां सिंधिया का मुकाबला कांग्रेस के यादवेंद्र सिंह यादव से है। वर्ष 2019 में सिंधिया कांग्रेस के उम्मीदवार थे, लेकिन भाजपा के केपी यादव से सिंधिया परिवार के इस गढ़ में हार गए थे।

यह भी पढ़ेंः अयोध्या में रामलला के दर्शन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया रोड शो, उमड़ी भारी भीड़

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed