छत्तीसगढ़ के कांकेर में नक्सलियों के लगाए आईईडी में धमाका, 3 जवान शहीद
कांकेर, BNM News। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नक्सलियों की कायराना हरकत सामने आई है। नक्सलियों की ओर से लगाई गई एक बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से 3 जवान शहीद हो गए जबकि एक अन्य घायल हो गया। बताया जाता है कि जब डीआरजी के जवान एक IED को निष्क्रिय करने की कोशिश कर रहे थे, तभी उसमें धमाका हो गया।
इस घटना में एक इंस्पेक्टर समेत डीआरजी के 3 जवान शहीद हो गए जबकि एक अन्य घायल हो गया। गौर करने वाली बात यह है कि 31 मार्च को नक्सलवाद से मुक्त घोषित किए जाने के बाद राज्य में नक्सली गतिविधियों से जुड़ा यह पहला धमाका था। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह धमाका छोटेबेठिया पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक जंगल में हुआ।
यह इलाका नारायणपुर जिले की सीमा के पास है। अधिकारी ने बताया कि धमाका उस वक्त हुआ जब DRG की टीम नक्सलियों के लगाए IEDs का पता लगाकर उन्हें निष्क्रिय करने का अभियान चला रही थी। अभियान के दौरान सुरक्षाकर्मियों को एक IED मिला था। जवान जब आईईडी को निष्क्रिय करने की कोशिश कर रहे थे तभी उसमें धमाका हो गया। इससे 4 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
अधिकारी ने बताया कि इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कांस्टेबल कृष्णा कोमरा और कांस्टेबल संजय गढ़पाले ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कांस्टेबल परमानंद कोमरा इस घटना में घायल हो गए। इसमें उनका इलाज चल रहा है।
