नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद पटेल और रेणुका सिंह का इस्तीफे मंजूर, अर्जुन मुंडा का बढ़ा कद

नई दिल्ली, बीएनएम न्यूज। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रह्लाद पटेल और रेणुका सिंह सरूता के इस्तीफे स्वीकार कर लिए। इन मंत्रियों ने हाल में हुए विधानसभा चुनाव लड़े थे और जीत हासिल की थी। जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा को अब कृषि मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
राष्ट्रपति भवन द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार राष्ट्रपति मुर्मु ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सलाह के बाद केंद्रीय मंत्रिपरिषद से उनके इस्तीफे स्वीकार कर लिए।

 

राजीव चंद्रशेखर को राज्य मंत्री के रूप में जल शक्ति मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार

इसमें कहा गया है कि पीएम की सिफारिश पर राष्ट्रपति ने मुंडा को कृषि मंत्रालय और किसान कल्याण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। इलेक्ट्रानिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर को राज् मंत्री के रूप में जल शक्ति मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। कृषि और किसान कल्याण राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे को उनके मौजूदा पोर्टफोलियो के अलावा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री का दायित्व भी सौंपा गया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री डा. भारती प्रवीण पवार को जनजातीय मामलों के मंत्रालय में राज्य मंत्री का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

राष्ट्रपति ने केंद्रीय मंत्री तोमर, प्रह्लाद पटेल और रेणुका सिंह का इस्तीफा स्वीकार किया

केंद्रीय मंत्री तोमर, पटेल और रेणुका ने सांसद से इस्तीफा दे दिया था क्योंकि भाजपा ने निर्णय लिया था कि हाल ही में राज्य विधानसभाओं के लिए चुने गए उसके सभी 12 सांसद अपनी संसद सदस्यता छोड़ देंगे। विधानसभा चुनावों में विजयी हुए ये नेता अब मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में नई सरकारों में शामिल हो सकते हैं। छत्तीसगढ़ से लोकसभा सांसद रेणुका ने हाल ही में राज्य विधानसभा चुनाव लड़ा था और भरतपुर-सोनहत सीट पर विजय हासिल की थी। इस्तीफा देने वाले अन्य सांसद मध्य प्रदेश से राकेश सिंह, उदय प्रताप सिंह और रीति पाठक, राजस्थान से किरोड़ी लाल मीणा, दीया कुमारी और राज्यवर्धन सिंह राठौड़, छत्तीसगढ़ से गोमती साई और अरुण साव शामिल हैं। इनमें सिर्फ किरोड़ी लाल मीणा राज्यसभा सदस्य हैं जबकि अन्य सभी लोकसभा सदस्य हैं।

 

You may have missed