भगवान जगन्नाथ पर फिसली जुबान, संबित पात्रा ने मांगी माफी, 3 दिन के उपवास का किया ऐलान

पुरी, बीएनएम न्यूजः  भाजपा नेता और पुरी लोकसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार संबित पात्रा (Sambit Patra) की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भगवान जगन्नाथ (Lord Jagannath) पर की गई टिप्पणी से विवाद खड़ा हो गया है। इसका एक कथित वीडियो क्लिप भी सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें वह किसी ओड़िया चैनल से बातचीत में यह कहते सुने जा सकते हैं कि भगवान जगन्नाथ पीएम मोदी के भक्त हैं।

संबित पात्रा के वायरल वीडियो क्लिप पर प्रतिक्रिया देते हुए ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा कि महाप्रभु श्री जगन्नाथ ब्रह्मांड के भगवान हैं। महाप्रभु को दूसरे इंसान का भक्त कहना भगवान का अपमान है। इससे भावनाएं आहत हुई हैं और दुनिया भर में करोड़ों जगन्नाथ भक्तों और ओड़िया लोगों की आस्था का अपमान हुआ है।

संबित पात्रा ने अपने बयान के लिए मांगी माफी

भाजपा नेता संबित पात्रा ने अपने बयान पर सफाई देते हुए इस बात पर जोर दिया कि उनकी ‘जुबान फिसल गई थी।’ सीएम नवीन पटनायक के एक्स पोस्ट को शेयर करते हुए पात्रा ने लिखा कि आज पुरी में नरेंद्र मोदीजी के रोड शो की भारी सफलता के बाद मैंने कई मीडिया चैनलों को कई बाइट्स दीं, हर जगह मैंने उल्लेख किया कि मोदी जी एक उत्साही और श्रीजगन्नाथ महाप्रभु के “भक्त” हैं। मैंने इसका ठीक उल्टा उच्चारण कर दिया।”

तीन दिन के उपवास का किया ऐलान

भाजपा उम्मीदवार ने कहा कि मैं जानता हूं कि आप भी इसे जानते और समझते हैं। उन्होंने कहा कि सर, किसी अस्तित्वहीन मुद्दे को मुद्दा न बनाएं। हम सभी की कभी-कभी जुबान फिसल जाती है। बाद में संबित पात्रा ने ओड़िया भाषा में एक वीडियो बयान भी जारी किया और माफी मांगते हुए एक्स पर उन्होंने लिखा कि मैं महाप्रभु श्री जगन्नाथ जी के चरणों में शीश झुकाकर क्षमा याचना करता हूं। अपने इस भूल सुधार और पश्चाताप के लिए अगले 3 दिन मैं उपवास पर रहूंगा।

केजरीवाल ने पात्रा पर साधा निशाना

आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भी पात्रा की आलोचना करते हुए संवित पात्रा की टिप्पणी को भगवान का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि मैं भाजपा के इस बयान की कड़ी निंदा करता हूं। उन्होंने सोचना शुरू कर दिया है कि वे भगवान से ऊपर हैं। यह अहंकार की पराकाष्ठा है। भगवान को मोदी का भक्त कहना भगवान का अपमान है।

नरेंद्र मोदी को खुद माफी मांगनी चाहिए: कांग्रेस

संबित पात्रा की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस ने भी भाजपा पर निशाना साधा। पार्टी के एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में कहा गया कि भाजपा नेता संबित पात्रा का कहना है कि महाप्रभु भगवान श्रीजगन्नाथ नरेंद्र मोदी के भक्त हैं। यह महाप्रभु का घोर अपमान है। इस बयान से करोड़ों भक्तों की आस्था को ठेस पहुंची है। मोदी भक्ति में डूबे संबित पात्रा को ऐसा नहीं करना चाहिए था। यह पाप किया है। नरेंद्र मोदी को खुद इस घृणित बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए।

पुरी सीट पर कांग्रेस और BJD का वर्चस्व रहा

1952 में स्थापना के बाद से पुरी लोकसभा सीट पर कांग्रेस और BJD का वर्चस्व रहा है। कांग्रेस ने यहां 6 बार- 1952, 1962, 1971, 1980, 1984 और 1996 में जीत दर्ज की है। 1998 से ये सीट BJD के पास है।

2019 में संबित पात्रा सिर्फ 12 हजार वोटों से हारे

2019 के लोकसभा चुनाव में BJD के पिनाकी मिश्रा ने 5 लाख 38 हजार वोटों के साथ जीत हासिल की थी। भाजपा के संबित पात्रा 5 लाख 26 हजार वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। कांग्रेस ने पिछले चुनाव में सत्य प्रकाश नायक को टिकट दिया था। हालांकि, उन्हें सिर्फ 44,734 वोट मिले थे।

यह भी पढ़ेंः अमित शाह बोले: राहुल बाबा, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर हम लेकर रहेंगे

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed