Savitri Jindal: देश के अमीरों की सूची में पांचवें नंबर पर पहुंचीं सावित्री जिंदल, अजीम प्रेमजी से आगे निकलीं

नई दिल्ली, एजेंसी: भारत की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल अब दौलत के मामले में विप्रो के मालिक अजीम प्रेमजी से आगे निकलते हुए सातवें नंबर से पांचवें नंबर पर आ गईं हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के अनुसार जिंदल ग्रुप की अध्यक्ष सावित्री जिंदल की कुल संपत्ति 25 अरब डॉलर तक पहुंच गई। पिछले दो साल में ही उनकी दौलत में भारी इजाफा हुआ। वहीं इस दौरान अजीम प्रेमजी की संपत्ति में 42 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

कभी कॉलेज नहीं गई, लेकिन संभाल लिया पूरा कारोबार

असम के तिनसुकिया में 20 मार्च 1950 को सावित्री जिंदल का जन्म हुआ था। उनका विवाह 1970 में जिंदल ग्रुप के संस्थापक ओमप्रकाश जिंदल से हुई थी। उनके 9 बच्चे हैं। जब वे 55 साल की थीं, तब हेलिकॉप्टर दुर्घटना में उनके पति की मौत हो गई थी। ओम प्रकाश जिंदल हरियाणा सरकार में मंत्री भी रहे थे। पति की मौत के बाद उन्होंने पूरा कारोबार संभाला।

कभी पहले नंबर पर रहे प्रेमजी अब छठे नंबर पर

भारत के सबसे रईस लोगों की सूची में विप्रो के मालिक अजीम प्रेमजी कभी पहले नंबर पर थे। लेकिन पिछले वर्षों में उनकी नेटवर्थ में बड़ी कमी दर्ज की गई। पिछले दो वर्षों में कंपनी के शेयर में 42 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। जिसका असर प्रेमजी की संपत्ति पर भी पड़ा और अब वे देश के अमीरों की सूची में छठे नंबर पर आ गए हैं।

भारत के टॉप 10 अमीरों की सूची 

1. मुकेश अंबानी
2. गौतम अदाणी
3. शपूर पलोनजी मिस्त्री
4. शिव नादर
5. सावित्री देवी जिंदल
6. अजीम प्रेमजी
7. दिलीप शांतिलाल सांघवी
8. राधाकिशन दमानी
9. लक्ष्मी मित्तल
10. कुमार मंगलम बिरला

विप्रो के शेयर में 42 प्रतिशत तक की गिरावट

महज दो साल पहले प्रेमजी मुकेश अंबानी और गौतम अडानी के बाद देश के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति थे। लेकिन पिछले दो वर्षों में विप्रो के शेयरों में 42 प्रतिशत की गिरावट से उनकी संपत्ति में गिरावट आई है। दूसरी ओर, जेएसडब्ल्यू स्टील के मानद चेयरमैन जिंदल की कुल संपत्ति पिछले दो सालों में 87 प्रतिशत बढ़ी है। उन्होंने बिजली, सीमेंट और बुनियादी ढांचे सहित विभिन्न क्षेत्रों में निवेश किया है। जेएसडब्ल्यू स्टील ने उनकी संपत्ति में लगभग 30 प्रतिशत का योगदान दिया है। उनकी नेट संपत्ति में अन्य प्रमुख वृद्धि जेएसडब्ल्यू इंफ्रास्ट्रक्चर, जिंदल स्टील एंड पावर और जेएसडब्ल्यू एनर्जी से हुई है।

13वें स्थान पर हैं अंबानी

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, मुकेश अंबानी भारत के सबसे अमीर व्यक्ति हैं, जिनकी कुल संपत्ति 92.3 बिलियन डॉलर है। विश्व रैंकिंग में अंबानी 13वें स्थान पर हैं। अरबपतियों की सूची में गौतम अडानी भारत के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं, जिनकी कुल संपत्ति 85.3 बिलियन डॉलर है। गौरतलब है कि अडानी विश्व रैंकिंग में 14वें स्थान पर हैं।

एलन मस्क हैं दुनिया के सबसे अमीर शख्स

टाटा समूह के शापूर मिस्त्री 33.8 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे सबसे अमीर भारतीय हैं। मिस्त्री के बाद एचसीएल टेक्नोलॉजीज के संस्थापक शिव नादर हैं, जो 31.6 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ भारत के सबसे अमीर लोगों में चौथे स्थान पर हैं। विश्व रैंकिंग में मिस्त्री 40वें स्थान पर हैं जबकि कुल नेटवर्थ के मामले में नादर इस समय 45वें स्थान पर हैं। गौरतलब है कि टेस्ला के सीईओ एलन मस्क 223 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं।

You may have missed