Sawan 2024: अगले सोमवार से सावन की शुरुआत, सर्वार्थ सिद्धि योग में घर में रुद्राभिषेक कराने से होगा जबर्दस्‍त लाभ

नई दिल्ली, बीएनएम न्यूजः सावन का महीना हिंदू धर्म में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। इस साल सावन की शुरुआत 22 जुलाई से हो रही है और इसका समापन 19 अगस्त को होगा। इस अवधि में सर्वार्थ सिद्धि योग का विशेष महत्व है।

इस योग के दौरान किया गया कोई भी महत्वपूर्ण कार्य अभीष्ट फल देने वाला माना जाता है। इसलिए, सावन में भगवान शिव का रुद्राभिषेक कराना विशेष लाभकारी माना जाता है। इस बार खास संयोग बन रहा है- वो ये कि सावन मास की शुरुआत सोमवार से हो रही है और इसका समापन भी सोमवार को ही हो रहा है। ये इसलिए खास है क्योंकि सोमवार का दिन भगवान शिव को समर्पित किया गया है।

सर्वार्थ सिद्धि योग का महत्व

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, सर्वार्थ सिद्धि योग अत्यंत शुभ योग है। इस योग में किए गए कार्य जल्दी सफल होते हैं और मनोकामनाएं पूरी होती हैं। सावन के पहले दिन ही इस योग में भगवान शिव की पूजा की जाएगी।

इससे भक्तों को शीघ्र ही पूजा का फल मिलेगा और शिव कृपा का विशेष लाभ होगा। इस योग का संबंध मां लक्ष्मी से भी माना जाता है, जिससे अच्छे कार्य करने और पूजा-पाठ करने वालों पर मां लक्ष्मी की कृपा होती है और जीवन में तरक्की के नए रास्ते खुलते हैं।

सावन सोमवार व्रत का महत्व

सावन का महीना भगवान शिव की पूजा के लिए सबसे विशेष होता है। इस समय भगवान विष्णु योग निद्रा में चले जाते हैं और सृष्टि का कार्यभार भगवान शिव संभालते हैं। सावन में शिवजी की पूजा करने से वे बहुत जल्दी प्रसन्न होते हैं और भक्तों को शुभ फल प्रदान करते हैं।

सावन सोमवार के व्रत में बेलपत्र, भांग, धतूरा, शहद, कच्चे चावल, गंगाजल और कच्चे दूध का उपयोग होता है। भगवान शिव को ये वस्तुएं प्रिय हैं और इनसे अभिषेक करने पर वे जल्दी प्रसन्न होते हैं और इच्छाएं पूर्ण होती हैं।

सावन सोमवार की तिथियां

22 जुलाई 2024- पहला सोमवार
29 जुलाई 2024- दूसरा सोमवार
05 अगस्त 2024- तीसरा सोमवार
12 अगस्त 2024- चौथा सोमवार
19 अगस्त 2024- पांचवा सोमवार

इस विधि से करें पूजा

– सावन सोमवार के दिन ब्रह्म मुहूर्त में उठें।
– स्नानादि से निवृत्त हों और साफ वस्त्र धारण करें।
– इसके बाद हाथ में अक्षत लेकर सावन सोमवार के व्रत का संकल्प लें।
– घर में या शिवालय में जाकर शिवलिंग की पूजा करें।
– शिवलिंग का गंगाजल, दूध, दही, शहद, आदि से अभिषेक करें।
– भगवान को बेलपत्र, सुपारी, फल, फूल, भांग, धतूरा अर्पित करें।
– सावन सोमवार की कथा सुनें या पढ़ें।
– पूजा के आखिर में आरती करें।

रुद्राभिषेक के लाभ

सावन में रुद्राभिषेक करवाने का महत्व सबसे खास माना जाता है। इस समय भगवान शिव प्रसन्न मुद्रा में रहते हैं, इसलिए रुद्राभिषेक करवाना अत्यंत शुभ होता है। घर में रुद्राभिषेक करवाने से परिवार में सुख-शांति और समृद्धि आती है।

यदि घर में रुद्राभिषेक करवाना संभव न हो तो मंदिर में भी यह आयोजन किया जा सकता है, जो उतना ही फलदायी माना जाता है। इस साल सर्वार्थ सिद्धि योग का शुभ अवसर रुद्राभिषेक के लिए विशेष रूप से लाभकारी माना जा रहा है।

इस प्रकार, सावन 2024 में रुद्राभिषेक और सावन सोमवार व्रत का पालन करके भक्त अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति और धन लाभ प्राप्त कर सकते हैं। सावन के इस पावन महीने में भगवान शिव की कृपा से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की प्राप्ति होती है।

यह भी पढ़ें- इस सप्ताह इन 5 राशि वालों का शुरू होंगे अच्छे दिन, पढ़ें मेष से मीन तक का साप्ताहिक राशिफल

CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed